Home » Uncategorized » Himachal Weather: शीतलहर की चपेट में हिमाचल, इस दिन फिर बदलेगा मौसम; बारिश-बर्फबारी का अलर्ट जारी

Himachal Weather: शीतलहर की चपेट में हिमाचल, इस दिन फिर बदलेगा मौसम; बारिश-बर्फबारी का अलर्ट जारी

Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में ठंड का असर लगातार बना हुआ है और आगामी दिनों में भी शीतलहर से राहत मिलने के आसार नहीं हैं. मौसम विभाग के अनुसार, 17 दिसंबर की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से 20 और 21 दिसंबर को प्रदेश के उच्च पर्वतीय इलाकों में मौसम बिगड़ सकता है. इस दौरान बारिश के साथ बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है। खराब मौसम के अलर्ट के बीच लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात दर्ज किया गया है, जिससे घाटी में ठंड और शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है. प्रदेश के अन्य हिस्सों की बात करें तो कुल्लू और शिमला में हल्के बादल छाए रहे, जबकि मैदानी इलाकों खासकर मंडी में घना कोहरा देखने को मिला. इस दौरान प्रदेश के पांच शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।

आगामी दिनों का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप शर्मा के अनुसार, 16 और 17 दिसंबर को मैदानी क्षेत्रों में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान बिलासपुर, मंडी और सुंदरनगर के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रह सकता है. वहीं 20 और 21 दिसंबर को उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है. हालांकि, सप्ताह के बाकी दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क और साफ बना रहने का अनुमान है. राज्य में अगले 2 से 3 दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जबकि अधिकतम तापमान में 3 से 4 दिनों के भीतर 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है. फिलहाल प्रदेश में ड्राई स्पेल जारी रहने का पूर्वानुमान है।

कहां कितना रहा न्यूनतम तापमान
लाहौल-स्पीति के कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया. कुकुमसेरी में सबसे कम -5.7 डिग्री सेल्सियस, जबकि ताबो में -2.7 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री, सुंदरनगर में 6.5, भुंतर में 8.0, कल्पा में 2.0, धर्मशाला में 7.0, ऊना में 7.7, सोलन में 5.0 और मनाली में 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

अधिकतम तापमान का हाल
प्रदेश में सोलन में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. शिमला में 21.6, सुंदरनगर में 22.2, धर्मशाला में 23.0, ऊना में 24.6, नाहन में 22.8, मंडी में 21.4, बिलासपुर में 23.6, हमीरपुर में 23.3 और मनाली में 18.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा।

Leave a Comment