चंबा: हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में चुराह विधानसभा सीट से भाजपा विधायक डॉ. हंसराज एक बार फिर विवादों में आए हैं। उनका वाट्सअप अकाउंट (मोबाइल नंबर 98169 17253) हैक हो गया है। विधायक हंसराज ने खुद इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर इस घटना की पुष्टि की और लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनके हैक किए गए नंबर से आने वाले किसी भी संदेश का जवाब न दें, ताकि किसी संभावित ठगी से बचा जा सके। इस घटना ने स्थानीय लोगों के बीच भी साइबर सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों ने सभी को चेतावनी दी है कि वे अनजान लिंक, कॉल या संदिग्ध मैसेज के प्रति पूरी तरह सतर्क रहें और किसी भी असामान्य गतिविधि की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर करें। गौरतलब है कि युवती के शारीरिक शोषण के आरोपों में घिरे जिला चंबा के चुराह से भाजपा के विधायक हंसराज कोर्ट से जमानत पर हैं। विधायक पर चुराह की ही एक युवती ने शारीरिक शोषण के आरोप लगाए हैं।





