शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीत सत्र की कार्यवाही शुरू होने से पूर्व भाजपा विधायकों ने जॉब ट्रेनी पाॅलिसी को लेकर प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अगुवाई में भाजपा विधायकों ने हाथों में नारे लिखी तख्तियां लेकर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार नियमित नौकरी देने के बजाय दो साल के लिए ट्रेनी पर रख रही है, जोकि युवाओं के साथ धोखा है। भाजपा विधायकों ने जॉब ट्रेनी पॉलिसी वापस लेने, चुनावी गारंटी को पूरा करने, 5 लाख युवाओं को रोजगार देने, स्वावलंबन योजना को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि स्वावलंबन योजना को बहाल क्यों नहीं किया जा रहा व पांच लाख युवाओं को रोजगार देने की घोषणा का क्या बना। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि तीन साल में जो नौकरियां दी गईं, वह भाजपा सरकार के समय अधिसूचित की गई थीं। कांग्रेस सरकार ने आउटसोर्स पर तैनात 10 हजार से ज्यादा लोगों को नौकरी से निकाल दिया। कई पदों पर लिए गए इंटरव्यू के तीन साल बाद भी रिजल्ट नहीं निकाला गया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि जॉब ट्रेनी पॉलिसी युवाओं के साथ धोखा है। दो साल की नौकरी के बाद एक बार फिर से टेस्ट लेना युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करना है।





