



शिमला: हिमाचल प्रदेश से मानसून की विदाई का क्रम शुरू हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार बुधवार को प्रदेश के आठ जिलों चंबा, कांगड़ा, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन, सिरमौर और मंडी से मॉनसून रुखसत हो गया है। शेष जिलों से अगले दो दिनों में पूरी तरह से मानसून की विदाई हो जाएगी। मौसम विभाग ने बताया कि आज से अगले छह दिनों तक यानी 30 सितम्बर तक प्रदेश भर में मौसम आमतौर पर साफ बना रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। इस साल हिमाचल प्रदेश में मानसून सामान्य से 42 प्रतिशत अधिक सक्रिय रहा। लाहौल-स्पीति को छोड़कर सभी जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई। शिमला जिला में तो सामान्य से लगभग दोगुनी यानी 99% अधिक बारिश दर्ज हुई। कुल्लू में 97%, बिलासपुर में 79% और मंडी में 76% अधिक वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने साफ मौसम की स्थिति से राहत की उम्मीद जताई है, जिससे सेब सीजन सहित अन्य गतिविधियों को सुगमता मिलेगी।