Home » Uncategorized » कांग्रेस की विदाई में ही राज्य की भलाई: अनुराग सिंह ठाकुर

कांग्रेस की विदाई में ही राज्य की भलाई: अनुराग सिंह ठाकुर

शिमला: पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने ठियोग में आयोजित जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह में पंचायती राज संस्थाओं एवं नगर निकायों के नव निर्वाचित भाजपा समर्थित जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि हाल ही में संपन्न पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनावों के परिणामों ने प्रदेश की राजनीति में बदलाव का स्पष्ट संदेश दिया है। उनके अनुसार, जनता ने कांग्रेस सरकार की नीतियों और कार्यशैली के प्रति असंतोष व्यक्त करते हुए भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को समर्थन दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस न तो संगठन को संभाल पा रही है, न सरकार को और न ही प्रदेश की स्थिति को सुधार पा रही है। उन्होंने कहा कि जनता का संदेश स्पष्ट है कि कांग्रेस की विदाई में ही राज्य की भलाई है। उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं भारतीय लोकतंत्र की आधारशिला हैं, जहां लोकतंत्र सीधे जनता तक पहुंचता है। सड़क, पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के अवसर और ग्रामीण विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों में पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका निर्णायक है। जनप्रतिनिधियों का सम्मान केवल चुनावी जीत का सम्मान नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और जनसेवा के संकल्प का सम्मान है। उन्होंने प्रतिनिधियों से दलगत भावना से ऊपर उठकर प्रत्येक गांव और परिवार के विकास के लिए काम करने का आह्वान किया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि सशक्त पंचायतें ही सशक्त गांव और सशक्त हिमाचल की नींव हैं। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत करने, ग्रामीण आधारभूत ढांचे के विकास और स्थानीय स्तर पर जनभागीदारी बढ़ाने के लिए अनेक कदम उठाए हैं। डिजिटल तकनीक और पारदर्शिता ने पंचायतों के कामकाज को नई दिशा दी है। उन्होंने प्रतिनिधियों से अपने क्षेत्रों की प्राथमिकताएं तय कर विकास का स्पष्ट रोडमैप तैयार करने तथा पंचायत भवनों को गांव के भविष्य की योजनाएं बनाने का केंद्र बनाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता और प्रशासन के बीच प्रभावी सेतु बनें तथा पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी को प्राथमिकता दें। मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ केवल पात्र लोगों तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना प्रत्येक प्रतिनिधि की जिम्मेदारी है। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर भी जोर दिया। प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में विकास की गति धीमी हुई है और हिमाचल आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि पंचायत एवं नगर निकाय चुनावों में जनता ने सरकार के प्रति अपना संदेश दिया है और प्रदेश को विकास की दिशा में आगे ले जाने के लिए जनप्रतिनिधियों को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभानी चाहिए। अंत में उन्होंने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को जीत की शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर अपने क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *