Home » Uncategorized » राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन बोले- ईडी के डर से भाजपा में शामिल होने मेरे पास आए थे रामकुमार चौधरी

राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन बोले- ईडी के डर से भाजपा में शामिल होने मेरे पास आए थे रामकुमार चौधरी

लाइव हिमाचल/सोलन/बद्दी: हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने बड़ा दावा किया है. सोलन जिले के बद्दी के दून विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को हर्ष महाजन ने स्थानीय विधायक राम कुमार चौधरी औऱ उनकी पत्नी को लेकर बड़ा बयान दिया, जिससे अब सियासी हलचल हुई है. दून विधानसभा क्षेत्र के थाना गांव में पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर एक कार्यक्रम में भाजपा के राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन विशेष अतिथि थे. उन्होंने संबोधन के दौरान महाजन ने दून से कांग्रेस विधायक राम कुमार चौधरी और उनके परिवार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए पूरी सभा को स्तब्ध कर दिया. राम कुमार चौधरी, जो भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के टिकट पर 2022 के विधानसभा चुनाव में दून सीट से जीते थे, पर लगाए गए इन आरोपों ने क्षेत्रीय सियासत में भूचाल ला दिया है. यह विवाद भाजपा और कांग्रेस के बीच तनाव को और बढ़ा सकता है। हर्ष महाजन ने मंच से दावा करते हुए खुलासा किया कि जब हिमाचल में भाजपा सरकार थी, तब राम कुमार चौधरी उनके पास भाजपा में शामिल होने की मिन्नत करने आए थे. चौधरी ने कहा था कि उनके ऊपर सीबीआई की रेड पड़ने वाली है, इसलिए उन्हें पार्टी में ले लिया जाए. महाजन ने बताया, “मैंने उन्हें हाथ जोड़कर मना कर दिया था कि आप जैसे लोगों की भाजपा में कोई जरूरत नहीं. आपने जनता का खून बहुत पी लिया है. अगर बचना है, तो विदेश चले जाएं, यहां तो नहीं बच सकते.” महाजन ने चौधरी परिवार को ‘माइनिंग माफिया’ और ‘फैक्ट्री से लूट-कसूट का धंधा’ चलाने वाला बताते हुए कहा कि इस पूरे परिवार ने बद्दी को बर्बाद कर दिया है. बद्दी में सड़कों की हालत खस्ता है और  यहां पर विकास नाम का कोई कार्य यहां नहीं हो रहा. राज्यसभा सांसद ने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ठाकुर पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र से टैक्स वसूलने के बावजूद CM ठाकुर क्षेत्र के विकास में पूरी तरह नाकाम साबित हुए हैं. “टैक्स तो लेते हो, लेकिन सड़कें टूटी पड़ी हैं, फैक्टरियां लूट की भेंट चढ़ रही हैं. जनता को क्या फायदा मिला?” महाजन ने सवाल उठाया. उधर, विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि हर्ष महाजन के आरोप झूठे हैं। हर्ष महाजन सीएम बनने का ख्वाब देख रहे हैं जो कभी पूरा होने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि वह मुझे भाजपा में शामिल होने के लिए लगातार संपर्क कर रहे थे, लेकिन मैंने इनके ऑफर को ठुकरा दिया। वह कांग्रेस के साथ स्तंभ की तरह खड़े हैं। वह कांग्रेस को तोड़ने का दावा कर रहे हैं तो भाजपा पहले भी जोर लगा चुकी है। अगर कोई कसर और है तो अभी भी मौका है। उनका परिवार 55 साल से व्यापार कर रहा है। पुश्तैनी व्यापारी है और किसी को डरा धमका कर खाने की आदत नहीं है। पूरी उम्र हर्ष महाजन कांग्रेस में रहे और अब बुढ़ापे में कांग्रेस रूपी मां की पीठ में छुरा घोंपा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *