Home » Uncategorized » शिमला पुलिस की समीक्षा बैठक: नशा तस्करों की अवैध संपत्ति जब्त करने और मुख्य सप्लायरों पर शिकंजा कसने के निर्देश

शिमला पुलिस की समीक्षा बैठक: नशा तस्करों की अवैध संपत्ति जब्त करने और मुख्य सप्लायरों पर शिकंजा कसने के निर्देश

लाइव हिमाचल/शिमला: जिला शिमला पुलिस की अपराध–सह–कल्याण बैठक पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें सभी पर्यवेक्षण अधिकारियों, थाना प्रभारियों और संबंधित पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जांच की गुणवत्ता और पुलिस कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े मुद्दों की गहन समीक्षा की गई। नशे के खिलाफ अभियान पर विशेष जोर देते हुए पुलिस अधीक्षक ने गिरफ्तार आरोपियों के बैकवर्ड लिंकेज खंगाल कर मुख्य सप्लायरों तक पहुंचने और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों की पहचान कर उन्हें जब्त करने, तस्करों के खिलाफ पिट–एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करने, अवैध अतिक्रमण हटाने और ‘रुस्तम‘ योजना के तहत युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने को कहा गया।

बैठक के दौरान लंबित आपराधिक मामलों की समीक्षा करते हुए साक्ष्य संकलन, जांच की गुणवत्ता और समयबद्ध निपटारे पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। अपराध की रोकथाम के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने, आदतन अपराधियों व असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने और गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा पुलिस कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उनके समाधान के लिए उचित कदम उठाने के निर्देश देते हुए अधिकारियों से अनुशासन, जवाबदेही और जनसेवा की भावना के साथ जनता को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने का आह्वान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *