Home » Uncategorized » मंत्रिमंडलीय उप समिति के अध्यक्ष ने बी.बी.एन. क्षेत्र में विभिन्न स्थानों का किया निरीक्षण…

मंत्रिमंडलीय उप समिति के अध्यक्ष ने बी.बी.एन. क्षेत्र में विभिन्न स्थानों का किया निरीक्षण…

लाइव हिमाचल/सोलन: राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में सुनियोजित विकास को बढ़ावा देने और सैटेलाइट टाउन बसाने के लिए कार्य कर रही है ताकि बेहतर शहरीकरण के लिए लोगों को उच्च स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। जगत सिंह नेगी आज सोलन ज़िला के बद्दी उपमण्डल के विभिन्न क्षेत्रों में सैटेलाइट टाउन बसाने तथा और अधिक औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना के विषय में दौरा करने के उपरांत विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा शिमला शहर व बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ औद्योगिक क्षेत्र में भीड़ के दबाव को कम करने के उद्देश्य से एक मंत्रिमण्डलीय उप समिति का गठन किया गया है। यह समिति हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ में बेहतर शहरीकरण और अधिक से अधिक औद्योगिक निवेश आकर्षित करने के लिए सैटेलाइट टाउन एवं औद्योगिक क्षेत्र बसाने की सम्भावनाएं तलाश रही है। राजस्व मंत्री ने कहा कि बी.बी.एन. क्षेत्र में चण्डीगढ़, मौहाली और पंचकूला से बड़ी संख्या में औद्योगिक कर्मी एवं श्रमिक कार्य करने के लिए आते हैं। प्रदेश सरकार का यह प्रयास है कि बी.बी.एन. क्षेत्र में ही सैटेलाइट टाउन स्थापित कर अधिक एवं सुव्यवस्थित आवासीय व्यवस्थाएं सृजित की जाएं। उन्होंने कहा कि बी.बी.एन. क्षेत्र में देश के विभिन्न राज्यों से श्रमिक एवं अन्य वर्ग कार्य करते हैं और सैटेलाइट टाउन उनकी आवश्यकताओं को पूरा करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस क्षेत्र में बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि समिति द्वारा विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया गया जिसकी रिपोर्ट सरकार को प्रेषित की जाएगी। इसके उपरांत प्रेषित रिपोर्ट के विषय में समिति के अन्य उच्च मंत्रियों के साथ विस्तृत चर्चा की जाएगी। राजस्व मंत्री ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र को और अधिक विकसित करने के लिए बेहतर सड़कें, सीवरेज व्यवस्था व आवश्यकतानुसार अन्य व्यवस्थाओं को सुधारा जाएगा। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र के विकास व विस्तार के लिए यदि भूमि उपलब्ध होती है तो मामला उच्च स्तर पर प्रेषित किया जाएगा। दून के विधायक एवं मंत्रिमण्डलीय उप समिति के विशेष आमंत्रित सदस्य राम कुमार चौधरी ने कहा कि इस क्षेत्र के योजनाबद्ध विकास में ही औद्योगिक क्षेत्र का लाभ निहित है। उन्होंने इस अवसर पर औद्योगिक क्षेत्र एवं सैटेलाइट टाउन के विस्तार के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, शहरी विकास विभाग के निदेशक एवं मंत्रिमण्डलीय उप समिति के सदस्य सचिव डॉ. नीरज कुमार, बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण की मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं आयुक्त बद्दी सोनाक्षी सिंह तोमर, उपमण्डलाधिकारी बद्दी राजकुमार, विभिन्न विभगाों के वरिष्ठ अधिकारी, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मदन चौधरी, कुल्तार सिंह, अच्छर पाल कौशल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Gallery not found12