Home » ताजा खबरें » उपमुख्यमंत्री ने सराज में बारिश से क्षतिग्रस्त क्षेत्रों का किया दौरा, कहा- हर प्रभावित के साथ खड़ी है सरकार

उपमुख्यमंत्री ने सराज में बारिश से क्षतिग्रस्त क्षेत्रों का किया दौरा, कहा- हर प्रभावित के साथ खड़ी है सरकार

लाइव हिमाचल/मंडी: हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को भारी बारिश से प्रभावित मंडी जिले के सराज क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बाखली, कुकलाह और आसपास के गांवों को जोड़ने वाली क्षतिग्रस्त सड़कों का स्थलीय निरीक्षण किया और मौके पर राहत एवं पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने पेयजल योजनाओं, बिजली आपूर्ति और अन्य बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा किया जाए, ताकि लोगों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।

 

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा, “प्रदेश सरकार संकट की इस घड़ी में हर प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। लोगों को हर संभव सहायता, पुनर्वास और आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राहत कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उपमुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि राहत प्रयास प्रभावी ढंग से लागू किए जा सकें। उन्होंने यह भरोसा भी दिलाया कि सरकार प्राकृतिक आपदा से प्रभावित सभी लोगों के पुनर्निर्माण और पुनर्वास के लिए हर जरूरी कदम उठाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *