सोलन: सोलन शहर में चोरी हुई एक महिंद्रा पिकअप को पुलिस ने हरियाणा के कालका से बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। सोलन निवासी भूपिन्द्र चौहान ने 29 मई को पुलिस थाना सदर, सोलन में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उनके पास महिंद्रा पिकअप (HP-14-4611) है, जिसे उनके चालक मोहन दत्त ने 25 मई को शुलिनी हार्डवेयर के समीप पार्क किया था और स्वयं अपने घर सिरमौर चला गया था। 29 मई को जब चालक वापिस लौटा, तो पिकअप वहां से गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी वाहन का कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद मालिक ने पुलिस में चोरी की शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना सदर सोलन की टीम ने तत्काल पिकअप की खोज शुरू की। कड़ी मेहनत और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चोरी हुई पिकअप को 30 मई को हरियाणा के कालका से बरामद कर लिया। आगे की जांच में पता चला कि पिकअप चोरी की इस घटना को पुलिस थाना सदर सोलन के पहले से पंजीकृत अभियोग संख्या 108/2025 में गिरफ्तार आरोपी विरेन्द्र कुमार उर्फ बाबू ने अंजाम दिया था। आरोपी विरेन्द्र कुमार (24) गांव गौसान, जिला सोलन का रहने वाला है। विस्तृत जांच और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद पुलिस ने आरोपी को 01 जुलाई को गिरफ्तार कर 02 जुलाई को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी पहले भी चोरी की वारदातों में संलिप्त रहा है। आरोपी के खिलाफ सोलन और धर्मपुर थानों में दो अन्य चोरी के मामले दर्ज हैं, जिनमें महिंद्रा पिकअप, कंप्यूटर, सिलिंडर और नलके आदि की चोरी शामिल है। मामले में पुलिस की जांच अभी भी जारी है।





