Home » ताजा खबरें » बंद रेस्टोरेंट में जुआ खेलते पकड़े गए दस लोग, 25 हजार की नकदी भी बरामद

बंद रेस्टोरेंट में जुआ खेलते पकड़े गए दस लोग, 25 हजार की नकदी भी बरामद

शिमला : छोटा शिमला पुलिस ने कसुम्पटी क्षेत्र के अंतर्गत शकराला स्थित एक बंद रेस्टोरेंट में छापा मारकर जुआ खेलते हुए दस लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत की है। पुलिस की टीम क्षेत्र में आबकारी व जुआ रोकथाम के लिए गश्त पर थी तो गुरुवार दोपहर बाद करीब 3:30 बजे NH-05 पर स्थित वेज एंड नॉनवेज रेस्टोरेंट के पास पहुंचने पर उन्होंने देखा कि शटर बंद होने के बावजूद लोग भीतर-बाहर आ-जा रहे थे। संदेह होने पर पुलिस ने वार्ड सदस्य अनीता शर्मा को मौके पर बुलाया और उनकी मौजूदगी में शटर खोलकर भीतर प्रवेश किया। अंदर कालीन बिछाकर दस व्यक्ति ताश के पत्तों से जुआ खेलते पाए गए। पुलिस को देख सभी ने ताश और नकदी फर्श पर फेंक दी। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रमेश चंद, राजकुमार, बलदेव , राजवीर, जीत सिंह, समीर सिंह, नारायण सिंह, तोता राम, हस्त बहादुर और राधे श्याम के रूप में हुई है। ये शिमला, सिरमौर और सोलन के रहने वाले हैं। पुलिस ने मौके से 25,800 रुपए की नकदी बरामद की है। इसमें 500 रुपए के 47 नोट, 200 रुपए के 5 नोट और 100 रुपए के 13 नोट शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ छोटा शिमला थाना में सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *