Home » ताजा खबरें » नूरपुर पुलिस का बड़ा खुलासा: दुबई से जुड़े नशा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश, 6 गिरफ्तार, करोड़ों की संपत्ति की जब्त …

नूरपुर पुलिस का बड़ा खुलासा: दुबई से जुड़े नशा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश, 6 गिरफ्तार, करोड़ों की संपत्ति की जब्त …

लाइव हिमाचल/कांगड़ा : हिमाचल प्रदेश पुलिस ने मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अपनी मुहिम को और तेज करते हुए आज एक बड़ी सफलता हासिल की है। जिला काँगड़ा की नूरपुर पुलिस ने एक सुसंगठित अंतर्राज्यीय और अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसके तार विदेशों तक, खासकर दुबई तक जुड़े पाए गए हैं। इस साहसिक कार्रवाई में पुलिस ने त्वरित गति से काम करते हुए अब तक छह मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और लगभग ₹3 करोड़ की अवैध संपत्ति जब्त की है, जो इस गिरोह की काली कमाई का हिस्सा मानी जा रही है। पुलिस अधीक्षक अशोक रत्न के अनुसार, इस गिरोह के खिलाफ कार्रवाई के दौरान लगभग 3 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। इसमें 1.92 किलोग्राम सोना, 99.45 ग्राम चांदी, 1.19 करोड़ नकद, कई मोबाइल फोन, बीमा दस्तावेज, बैंक पेपर, चार पहिया वाहन और जमीन से जुड़े कागजात शामिल हैं।

ऐसे हुआ पर्दाफाश

यह मामला सबसे पहले 27 अक्टूबर 2024 को सामने आया था, जब थाना डमटाल क्षेत्र में कंवलजीत सिंह नामक व्यक्ति से 262 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। शुरुआती पूछताछ में ही अंतर्राष्ट्रीय नेटवर्क की परतें खुलनी शुरू हो गईं, जिसका संचालन दुबई से किया जा रहा था।

गिरफ्तार आरोपी और नेटवर्क की गहराई

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में राजेश कुमार (धर्मशाला), राज कुमार उर्फ सेठी, लखविन्द्र कोहली, मोहित सिंह उर्फ टोनी और गगन सरना शामिल हैं। गगन सरना के घर से सबसे अधिक बरामदगी हुई, जिसमें 1.25 किलो सोना, 4 ग्राम चांदी और 1.15 करोड़ रुपये नकद शामिल हैं। गिरोह में शामिल लखविन्द्र कोहली का बेटा विशाल उर्फ सोनू बाली पहले से ही एक अन्य हेरोइन तस्करी केस में वांछित है और जमानत पर बाहर आने के बाद से फरार चल रहा है।

जांच जारी, खाते किए गए फ्रीज

अब तक की जांच में पुलिस ने भारी मात्रा में नशीले पदार्थ, आभूषण, वाहन, दस्तावेज जब्त किए हैं। इसके साथ ही 52.5 लाख रुपये के बैंक खाते भी फ्रीज कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि नेटवर्क की जड़ें गहरी हैं और इसमें और भी नाम सामने आ सकते हैं। एसपी अशोक रत्न ने कहा, “यह कार्रवाई हमारी टीम के पेशेवर रवैये और सतर्कता का नतीजा है। नशे के खिलाफ हमारी लड़ाई और भी तेज होगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]