Home » ताजा खबरें » अमरनाथ यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन हुआ शुरू

अमरनाथ यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन हुआ शुरू

Amarnath Yatra 2025 Registration : जल्द ही भक्तों का इंतजार खत्म होगा, क्योंकि अमरनाथ की यात्रा के रजिस्ट्रेशन 14 अप्रैल से शुरू हो चुके हैं। जल्द ही भक्त बाबा बर्फानी के दर्शन कर सकेंगे। अगर आप भी अमरनाथ यात्रा का मन बना रहे हैं, तो इससे पहले कुछ बातें जरूर जान लें, ताकि आपकी यात्रा में किसी तरह की बाधा न आए। आगामी वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए ऑफलाइन पंजीकरण मंगलवार को शुरू हो गया और उत्साही तीर्थयात्री यहां निश्चित बैंक शाखाओं के बाहर कतार में खड़े दिखाई दिए, जिन्हें उम्मीद है कि तीर्थस्थल पर जाने वाले पहले जत्थे का हिस्सा बनने का उन्हें अवसर मिलेगा। तीर्थयात्रा तीन जुलाई को दो मार्गों – दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे पहलगाम मार्ग और गंदेरबल जिले में 14 किलोमीटर लंबे छोटे लेकिन खड़ी चढ़ाई वाले बालटाल मार्ग से शुरू होने वाली है। 38 दिवसीय यात्र नौ अगस्त को रक्षा बंधन के त्योहार के साथ समाप्त होगी।

वार्षिक तीर्थयात्रा का प्रबंधन करने वाले श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) ने तीर्थयात्रियों के अग्रिम पंजीकरण के लिए देश भर में कुल 540 बैंक शाखाओं को नामित किया है। इसके अलावा एसएएसबी की वेबसाइट पर पंजीकरण के लिए ऑनलाइन सुविधा भी सोमवार से शुरू हुई है। बोर्ड के अनुसार, 13 वर्ष से कम या 75 वर्ष से अधिक आयु के किसी भी व्यक्ति और छह सप्ताह से अधिक की गर्भवती महिलाओं को तीर्थयात्रा के लिए पंजीकृत नहीं किया जाएगा। पंजाब नेशनल बैंक, रेहारी शाखा के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘आज सुबह अग्रिम यात्रा पंजीकरण शुरू हो गया और इच्छुक श्रद्धालु (पुरुष और महिला दोनों), वार्षिक तीर्थयात्रा को लेकर अपना स्थान सुरक्षित करने के लिए सुबह से पहुंचने लगे हैं।’’ उन्होंने कहा कि यात्र करने के इच्छुक सभी तीर्थयात्रियों के लिए पंजीकरण अनिवार्य है। अग्रिम पंजीकरण की शुरुआत पर खुशी जाहिर करते हुए स्थानीय निवासी अजय मेहरा ने कहा कि वह इस दिन का इंतजार कर रहे थे ताकि वे प्राकृतिक रूप से बने बर्फ के शिवलिंग वाले मंदिर में सबसे पहले जा सकें। श्रद्धालुओं द्वारा ‘बम बम बोले’ के नारों के बीच उन्होंने कहा कि मंदिर में आने के अनुभव को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। पिछले साल 5.12 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने अमरनाथ में दर्शन किए, जो पिछले 12 वर्षों में तीर्थयात्रियों की सबसे अधिक संख्या थी।

इन बातों का रखें ध्यान

यात्रा शुरू से पहले पहले आपको कुछ तैयारियां कर लेनी चाहिए, क्योंकि अमरनाथ की यात्रा एक कठिन यात्रा मानी जाती है। यात्रा के लिए गर्म कपड़े, दवाइयां जरूर पैक कर लें। अपने साथ रेनकोट आदि भी जरूर रखें, क्योंकि अमरनाथ यात्रा में बारिश की संभावना भी बनी रहती है। यात्रा से पहले अपनी सेहत का पूरा ख्याल रखें और फिट रहें। क्योंकि यह एक धार्मिक यात्रा है, तो इस इस दौरान स्वच्छता और पवित्रता का भी ध्यान रखें। बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन भी जरूर करें।

आख़िर क्यों खास है यह यात्रा

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जो भी भक्त, श्रद्धापूर्वक अमरनाथ की यात्रा पूरी कर बाबा बर्फानी के दर्शन करता है, उसे सभी पापों से मुक्ति मिल जाती है और उसके लिए मोक्ष के द्वार खुल जाते हैं। पौराणिक कथा के अनुसार, अमरनाथ की पवित्र गुफा में ही भगवान शिव ने माता पार्वती को अमर कथा सुनाई थी। यह भी कहा जाता है कि इस अमर कथा को वहां स्थित एक कबूतर के जोड़े ने सुन लिया था, जो अमर हो गया। माना जाता है कि वह कबूतर का जोड़ा आज भी गुफा में स्थित है, जिसे कई लोगों ने देखा है, इसलिए इन्हें अमर पक्षी भी कहा जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *