Home » ताजा खबरें » निर्वस्त्र किया, बैलगाड़ी से बांधा… दुष्कर्म के आरोपी को गांववालों ने जमकर पीटा…

निर्वस्त्र किया, बैलगाड़ी से बांधा… दुष्कर्म के आरोपी को गांववालों ने जमकर पीटा…

बहराइच : उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में विशेश्वरगंज थाना अंतर्गत मझवा बनकट गांव में एक महिला से दुष्कर्म के आरोपी एक युवक को कथित तौर पर गांव वालों ने निर्वस्त्र कर, उसे रस्सी से बैलगाड़ी से बांधकर उसकी पिटाई की और कई तरह की यातनाएं दीं। बृहस्पतिवार को घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने युवक के परिजन की तहरीर पर शुक्रवार को अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें बैलगाड़ी से रस्सी से बंधे एक युवक की कुछ लोग पिटाई कर रहे हैं। पुलिस उपाधीक्षक रमेश पाण्डेय ने शुक्रवार को कहा कि थाना विशेश्वरगंज में आयशा नामक महिला की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ शुक्रवार को मुकदमा दर्ज किया गया है। पांडेय ने बताया कि आयशा ने अपनी शिकायत में बताया विगत 3 अप्रैल को ग्राम मझवा बनकट के पास उसके देवर मुबारक अली को रस्सी से बांधकर मारा-पीटा गया जिसका परिजनों ने इलाज कराया है। उन्होंने मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की।

मामला दो समुदायों के बीच का

विशेश्वरगंज थानाध्यक्ष ज्ञन सिंह ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज है, तफ्तीश की जा रही है। उन्होंने बताया,‘‘मामला दो समुदायों के बीच का है लेकिन यहां किसी तरह के साम्प्रदायिक विद्वेष जैसी कोई बात नहीं है। फिर भी गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात है।’’ अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) रामानंद प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि मुबारक अली के खिलाफ इसी माह गांव की एक महिला से दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया गया था। एफआईआर में घटना की तारीख अप्रैल के शुरुआती दिनों की बताई गयी, लेकिन पीड़ित पक्ष ने एफआईआर कुछ दिन बाद दर्ज कराई थी। तब से आरोपी मुबारक अली फरार था, पुलिस उसकी तलाश में थी। उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार को मारपीट का जो वीडियो वायरल हुआ उसकी जानकारी पुलिस को पहले नहीं थी। उन्होंने बताया कि युवक के साथ हुई मारपीट के संबंध में शुक्रवार को संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]