लाइव हिमाचल/ऊना : जिला के टाहलीवाल थाना टीम ने एसएचओ रिंकू सूर्यवंशी की अगुवाई में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गांव व डाकघर दुलेहड़ में दो अलग- अलग स्थानों पर छापा मारा। इस रेड में पुलिस ने एक देसी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया। हथियार किस मकसद से और कहां से लाया गया पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि सुरम सिंह (पुत्र भगत राम, निवासी दुलेहड़) की वेल्डिंग की दुकान में अवैध हथियार रखा गया है। इसी आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुकान की तलाशी ली, जहां से एक देसी कट्टा और एक कारतूस बरामद हुआ। इसके अलावा, पुलिस ने दविंदर उर्फ दिशू (निवासी वीपीओ दुलेहड़) के घर भी छापा मारा। पुलिस इस मामले से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हथियार कहां से लाया गया और इसका क्या उपयोग किया जाने वाला था। उधर, रेड के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोग इस घटना से हैरान हैं और उन्होंने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस को ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए ताकि इलाके में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। पुलिस ने बरामद हथियार और कारतूस को जब्त कर लिया है और इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ के लिए संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। जिला के एसपी राकेश सिंह ने बताया कि अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस की यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी और यदि कोई व्यक्ति अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया की पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही इस मामले में और खुलासे हो सकते हैं।





