शिमला : हिमाचल प्रदेश और पंजाब के खालिस्तानी समर्थकों के बीच टकराव का मामला लगातार बढ़ रहा है. अब होशियार से सटे हिमाचल प्रदेश के बॉर्डर पर खालिस्तानी समर्थकों को रोका गया है. ये खालिस्तानी समर्थक हिमाचल प्रदेश में एंट्री करने चाहते थे, लेकिन बॉर्डर से पहले ही पंजाब पुलिस ने इन्हें रोक दिया. दरअसल, पंजाब के होशियारपुर में सिख संगठनों ने भिंडरावाले के हिमाचल में झंडों को तोड़ने के को लेकर विरोध मार्च निकाला और ऐलान किया था कि सिख संगठन का हिमाचल सीमा की ओर कूच करेंगे,. जहां सिख संगठनों के नेता हिमाचल की बसों और वाहनों पर भिंडरावाले के पोस्टर लगाएंगे. हालांकि, पंजाब पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए काफी पुख्ता इंतजाम किए हैं. पुलिस का कहना है कि उन्हें काफिले को आगे नहीं जाने दिया जाएगा. गौरतलब है कि पंजाब पुलिस ने ऊना जिले के चिंतपूर्णी के पास बॉर्डर से पहले ही भिंडारावाला समर्थकों को रोका है. जानकारी के अनुसार, इस मामले में बीते रोज एचआरटीसी की बस पर मोहाली के खरड हमला किया था, जिसके बाद पंजाब के सीएम भगवंत मान ने हिमाचल के सीएम सुक्खू से बात की है. मामले को लेकर अब हिमाचल प्रदेश के लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. लगातार तनातनी के चलते हिमाचल पथ परिवहन निगम की 10 बसों के रूट पंजाब के लिए सस्पेंड किए गए हैं. होशियार होते हुए पंजाब में जाने वाली 6 ही बसों की ही आवाजाही हो रही है. उधर, ऊना के गगरेट और चिंतपूर्णी रोड पर हिमाचल पुलिस के जवान भी तैनात किए गए हैं और अब हिमाचल में दाखिल होने वाली गाड़ियों की चैकिंग की जा रही है. सीएम सुक्खू ने बजट सत्र के दौरान कहा कि उन्होंने भगवंत मान से बात की है और पंजाब की बसों को सुरक्षा दी जाएगी. उन्होंने कहा कि पंजाब हमारा बड़ा भाई है. उधर,ऊना के एसपी राकेश सिंह ने बताया कि बनगढ़ से अतिरिक्त पुलिस फोर्स मंगाई गई थी औऱ उसे ऊना जिले में जगह जगह तैनात किया गया है. जिला पुलिस पंजाब और रोपड़ पुलिस के संपर्क में हैं और हालात सामान्य हैं. ऊना शहर में भी जवान बढ़ाए गए हैं। पूर्व विवाद को लेकर पंजाब के अकाली दल के नेता औऱ पूर्व मंत्री दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल ने हिमाचल प्रदेश और अन्य पहाड़ी राज्यों में सिख तीर्थयात्रियों और पंजाब के अन्य पर्यटकों पर बार-बार हो रहे हमलों की कड़ी निंदा की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. पार्टी ने सभी से शांति और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है. ऐसे घटनाएं सिख समुदाय के खिलाफ असामाजिक तत्वों और एजेंसियों द्वारा फैलाए जा रहे निरंतर गलत जानकारी और नफरत के अभियान का परिणाम हैं. उनका उद्देश्य क्षेत्र में शांति और साम्प्रदायिक सौहार्द को भंग करना है. पार्टी ने केंद्रीय गृह मंत्री से अनुरोध किया है कि वे इस संवेदनशील मुद्दे पर सभी पहाड़ी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करें, क्योंकि ये घटनाएं अत्यंत उत्तेजक हैं और पड़ोसी राज्यों के लोगों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों को प्रभावित कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि विस्तृत चर्चा के बाद सभी तीर्थयात्रियों और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी कदम उठाए जाने चाहिए. एक ऐसा तंत्र भी विकसित किया जाना चाहिए जिससे लोगों को धार्मिक प्रतीकों और परंपराओं के बारे में शिक्षित किया जा सके और ऐसे उत्तेजक घटनाओं के परिणामों से अवगत कराया जा सके. हिमाचल से भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने इस पूरे मामले पर कहा कि हिमाचल एक शांतिप्रिय राज्य है मगर कांग्रेस सरकार के कुशासन के चलते आए दिन अप्रिय घटनाओं की बाढ़ लग गई है. हिमाचल की बसों पर पथराव और उन पर खलिस्तानी पोस्टर चिपकाने की घटना निंदनीय है और यह पूरी तरह क़ानून व्यवस्था के ध्वस्त होने का प्रमाण है. मुख्यमंत्री घटना के दोषियों पर जल्द से जल्द कार्यवाई करें ताकि बसों में सफ़र करने वाले यात्री बेख़ौफ़ आवागमन कर सकें।





