Home » ताजा खबरें » केंद्र सरकार ने हर बजट में बढ़ाई है हिमाचल प्रदेश की हिस्सेदारी : बिक्रम

केंद्र सरकार ने हर बजट में बढ़ाई है हिमाचल प्रदेश की हिस्सेदारी : बिक्रम

लाइव हिमाचल/ऊना: वरिष्ठ भाजपा नेता, पूर्व उद्योग मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रभारी बिक्रम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार ने कई अहम योजनाएं दीं। मगर राज्य सरकार की निष्क्रियता के कारण ये परियोजनाएं धरातल पर नहीं उतर रही हैं। वह रविवार को भाजपा कार्यालय ऊना में पत्रकार से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बल्क ड्रग पार्क और मेडिकल डिवाइस पार्क का उदाहरण देते हुए कहा कि इन महत्वपूर्ण योजनाओं पर कोई ठोस काम नहीं हो रहा। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार की नकारात्मकता के कारण यह योजनाएं असफल हो रही है। इसका असर आगे चलकर प्रदेश की जनता पर पड़ने वाला है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हर बजट में हिमाचल प्रदेश की हिस्सेदारी बढ़ाई है। केंद्र की मोदी सरकार की ओर से 2014 से अब तक 1.41 लाख करोड़ रुपये की ग्रांट इन एड हिमाचल प्रदेश को दी गई है। बावजूद इसके प्रदेश सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए जनता को सही आंकड़े नहीं दिखा रही है।
रविवार को भाजपा जिला कार्यालय दीप कमल, ऊना में केंद्र सरकार के आम बजट पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें पूर्व मंत्री बिक्रम ठाकुर मुख्य वक्ता रहे, जबकि स्थानीय विधायक एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती विशेष रूप से मौजूद रहे। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार का बजट हिमाचल प्रदेश के युवा, महिला, कामगार, कर्मचारी, किसान और बागवानों के हितों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। हिमाचल प्रदेश नहीं बल्कि देशभर में मध्यम वर्गीय परिवार केंद्र सरकार के इस बजट से सबसे अधिक प्रसन्न हुए हैं। उन्होंने कहा कि मध्यम वर्गीय परिवारों को 12 लाख रुपये तक की टैक्स स्लैब में राहत दी गई है। इससे देशभर के करोड़ों लोगों को लाभ मिलेगा। इस मौके पर पूर्व विधायक देवेंद्र भुट्टो, एचपीआईडीसी के पूर्व चेयरमैन रामकुमार, पूर्व जिला अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा, भाजपा के जिला अध्यक्ष श्याम मिन्हास और जिला के 10 मंडलों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता विशेष रूप से मौजूद रहे।

Leave a Comment

[adsforwp id="47"]