Home » ताजा खबरें » Himachal Snowfall: हिमाचल में अटल टनल और कल्पा में ताजा बर्फबारी बर्फबारी, सिस्सू के पास ब्लैक आईस से फिसली सूमो, बाल-बाल बची 8 लोगों की जान

Himachal Snowfall: हिमाचल में अटल टनल और कल्पा में ताजा बर्फबारी बर्फबारी, सिस्सू के पास ब्लैक आईस से फिसली सूमो, बाल-बाल बची 8 लोगों की जान

लाइव हिमाचल/शिमला: हिमाचल प्रदेश में बीते रोज सोमवार को प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई है. लाहौल स्पीति में अटल टनल और किन्नौर के कल्पा में हल्का ताजा हिमपात देखने को मिला है. हालांकि, मंगलवार को मौसम साफ हो गया है और तेज धूप खिली है. उधर, लाहौल स्पीति के सिस्सु के पास एक सूमो गाड़ी सड़क पर ब्लेक आइस से फिसल कर चंद्रभागा नदी के किनारे पर लुढ़क गई. गनीमत है कि इस हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं लगी. दो लोगों को हल्की चोटें लगी हैं. लाहौल पुलिस के अनुसार, एक टाटा सूमो वाहन पागल नाला के पास एटीआर से केलॉन्ग रोड पर फिसल गया. वाहन में 7-8 यात्री थे, जिनमें से 2-3 को मामूली चोटें आईं, जिन्हें सिस्सू अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया. जांच अधिकारी एएसआई श्याम लाल पुलिस टीम के साथ मौके पर गए हैं और घटना की जांच की है. उधर, हिमाचल प्रदेश में फिर सूखे जैसे हालात बन गए हैं. राज्य में अक्टूबर में सामान्य से 97 फीसदी कम बारिश हुई है. नवंबर में माइनस 99 प्रतिशत और दिसंबर में सामान्य से 24 प्रतिशत अधिक बारिश हुई. कुल मिलाकर दिसंबर महीने के अंत तक 44 प्रतिशत कम बारिश हुई है. जनवरी महीने में भी ऐसे ही हालात रहे और 84 प्रतिशत कम बारिश हुई. शिमला के मौसम वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने बताया कि अभी तक फरवरी महीने में भी अपेक्षा से कम बारिश हुई है. अगर आने वाले दिनों में सामान्य से अधिक बारिश नहीं होती है तो फिर मार्च अप्रैल में प्रदेशवासियों को सूखे का कहर झेलना पड़ेगा. सूखे का सबसे अधिक असर किसानों बागवानों पर होगा. पर्याप्त बर्फबारी नहीं होने के कारण सेब के लिए चिलिंग आवर्स पूरे नहीं हो पाएंगे. बारिश की कमी के कारण फसलों और स्टोन फ्रूट पर भी खासा असर दिखना शुरू हो गया है. शिमला के मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि सूबे में मंगलवार को कहीं पर हल्की बारिश हो सकती है. हालांकि, अगले चार दिन मौसम साफ रहेगा और 16 फरवरी से फिर से मौसम बदल सकता है।

Leave a Comment