पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर भाजपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

. उपाध्याय के मुताबिक लोकतंत्र की मुख्यधारा सहिष्णु रही है : भाजपा

लाइव हिमाचल/शिमला : भारतीय जनता पार्टी के वैचारिक अधिष्ठाता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर भाजपा मुख्यालय में प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कटवाल, कोषाध्यक्ष कमलजीत सूद, मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा, प्रवक्ता बलबीर वर्मा, प्यार सिंह कंवर, जिला अध्यक्ष केशव चौहान, मण्डल अध्यक राजीव पंडित द्वारा उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस उपलक्ष्य पर प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कटवाल ने कहा कि आज एकात्म मानववाद के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय का स्मृति दिवस है, उनकी मृत्यु 11 फ़रवरी, 1968 को हुई थी। जनसंघ के पितृ पुरुष प. दीनदयाल उपाध्याय एक राज नेता से अधिक एक महा मानव के रूप में लोगों के मन मस्तिष्क में समाए हुए थे। उनके विचारों का अध्ययन करें तो पाएंगे उन्हें सियासत से नहीं अपितु आम आदमी की जिंदगी संवारने की चिंता अधिक थी। उन्होंने इसे कभी छिपाया भी नहीं। वे एक संत स्वभाव और विचारों के राज नेता थे। एकात्म मानववाद के प्रणेता और सादगी की प्रतिमूर्ति उपाध्याय जी मानवता के उत्थान के लिए राजनीति में आए थे। उनका लक्ष्य सांसद, विधायक बनना नहीं था। वे सामाजिक और राजनीतिक जीवन में सत्यनिष्ठा और शुचिता के साथ अंतिम व्यक्ति के सर्वांगीण उत्थान के लिए संकल्पित थे। दीनदयाल उपाध्याय ने कहा था लोकतंत्र केवल बहुमत का राज नहीं। उपाध्याय के मुताबिक लोकतंत्र की मुख्यधारा सहिष्णु रही है। इसके बिना चुनाव, विधायिका आदि कुछ भी नहीं है। सहिष्णुता भारतीय संस्कृति का आधार है। उपाध्याय के विचार आज भी सामयिक है। उपाध्याय के असहिष्णुता के मुद्दे पर विचारों का उनके लेखन में कई जगह जिक्र देखने को मिलता है। उन्होंने कहा था, वैदिक सभा और समितियाँ लोकतंत्र के आधार पर आयोजित की जाती हैं और मध्यकालीन भारत के कई राज्य पूरी तरह से लोकतांत्रिक थे। उन्होंने कहा था, ‘आपने जो कहा मैं उसे नहीं मानता, लेकिन आपके विचारों के अधिकार की मैं आखिरी वक्त तक रक्षा करूंगा। भाजपा के लिए वैचारिक मार्गदर्शन और नैतिक प्रेरणा के स्रोत रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्म 25 सितंबर, 1916 को उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में हुआ था। कुछ लोगों का मानना है पं. दीनदयाल उपाध्याय का जन्म 25 सितम्बर 1916 को जयपुर जिले में धानक्यारेल्वे स्टेशन पर इनके नाना जी के घर पर हुआ था। इनके नाना श्री चुन्नीलाल जी शुक्ल धानक्यारेल्वे स्टेशन के तत्कालीन स्टेशन मास्टर थे। पंडित दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विचारक और संगठनकर्ता थे। भारतीय जनसंघ पार्टी की स्थापना साल 1951 में हुई थी। अपने राजनीतिक जीवन में वे भारतीय जनसंघ पार्टी के अध्यक्ष भी रहे। सनातन विचारधारा से संबंध रखने वाले दीन दयाल सशक्त भारत का सपना देखते थे। पंडित दीनदयाल उपाध्याय भारत में लोकतंत्र के उन पुरोधाओं में से एक हैं, जिन्होंने इसके उदार और भारतीय स्वरूप को गढ़ा है। वर्ष 1937 में वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े। जहां उन्होंने संघ के संस्थापक डॉ. हेडगेवार से बातचीत की और संगठन के प्रति अपनी सच्ची निष्ठा व्यक्त की।

कांग्रेस राज में नशे का कारोबार तेज गति से फल फूल रहा है : अनुराग ठाकुर

लाइव हिमाचल/ऊना : भाजपा के नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस राज में नशे का कारोबार तेज गति से फल फूल रहा है, जिस प्रकार से पूरे प्रदेश में चिट्टे का प्रकोप बढ़ रहा है वह अति चिंताजनक है।उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में चिट्टा युवा पीढ़ी को बर्बाद कर रहा है पर वर्तमान सरकार इस मामले पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है । वहीं, चिट्टे के दाग खाकी तक भी पहुँच रहे हैं, कई नेता भी रडार पर हैं। हाल ही में एसटीएफ ने प्रदेश के कई जिलों में पुलिस कर्मियों और तस्करों के ठिकानों पर दबिश दी। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आ रही कि चिट्टा तस्करी में हिमाचल पुलिस के कुछ कर्मियों के अलावा नेता भी सम्मिलित हैं। एसटीएफ़ ने कुछ घरों में ही रेड डाली है, एक कथित सूची के मुताबिक कुछ पुलिस कर्मचारियों और नेताओं के भी नाम हैं। उन्होंने कहा कि नगर परिषद संतोषगढ़ की कांग्रेस समर्थित पूर्व अध्यक्ष एवं पार्षद के घर पर कुछ दिन पूर्व हुई हिमाचल प्रदेश पुलिस की एसटीएफ की रेड से स्थानीय शहरी कांग्रेस इकाई कार्यकर्ताओं ने पार्टी सदस्यता से सामूहिक त्याग पत्र दे दिया है। इसकी एक कॉपी कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह को भी प्रेषित की गई है। यह कहीं ना कहीं दिखता है कि नशे के कारोबार पर नेताओं का संरक्षण तो है ही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के चिट्टे के विरुद्ध कड़ा अभियान चलाने के आदेश मंडी पुलिस गंभीरता से लेती नहीं दिख रही है। यही कारण है कि एक के बाद एक युवक नशे की बलि चढ़ गया, जबकि पुलिस एक दो ग्राम पकड़कर पीठ थपथपा रही है। मंडी नगर में युवक की मृत्यु के एक माह में ही बल्ह में दूसरी मृत्यु हो गई। स्थानीय नेता भी गंभीरता से लेते नहीं दिख रहे हैं। बैठकों में पंचायत स्तर तक अभियान चलाने के आदेश दिए जाते हैं, लेकिन थानों में स्टाफ़ पूरा नहीं है। बल्ह थाना बिना प्रभारी के है। निरीक्षक, सहायक निरीक्षक, हवलदार व सिपाहियों के कई पद रिक्त हैं। यही नहीं मंडी शहर की शहरी चौकी, सदर थाना में भी स्टाफ़ का टोटा है।

दिल्ली में पंजाब के ‘आप’ विधायकों की बैठक पर सीएम मान बोले, हार-जीत तो लगी रहती है….

– जो 75 साल में नहीं हुआ वो आप ने 10 सालों में किया

लाइव हिमाचल/दिल्ली: आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को पंजाब के मुख्यमंत्री, मंत्री और विधायकों के साथ बैठक की. इसके बाद भगवंत मान ने कहा कि पंजाब के सभी साथियों ने दिल्ली में बहुत मेहनत की. चुनाव में हार-जीत चलती रहती है. दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने बहुत काम किया है. उन्होंने कहा, “हमारी पार्टी काम के लिए जानी जाती है. पंजाब में हमारी सरकार लोगों के हित में काम कर रही है. पंजाब को मॉडल स्टेट बनाकर दिखाएंगे. पंजाब में हमारी सरकार ऐसा काम करेगी कि देश के लिए मॉडल होगा. पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा, “मैं प्रताप सिंह बाजवा से पूछूंगा कि दिल्ली में उनके कितने विधायक हैं. पंजाब की कानून-व्यवस्था ज्यादातर राज्यों से बेहतर है. सीमावर्ती राज्य होने के कारण हमें अतिरिक्त प्रयास करने होंगे. इसके लिए हमारी सरकार ने कई कदम उठाए हैं. भगवंत मान ने आगे कहा, “हमारे वर्कर को कोई लालच नहीं दे सकता है. हमारी पार्टी धर्म, पैसे बांटने और गुंडागर्दी का काम नहीं करती है. पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा, “हमने खून-पसीने से पार्टी बनाई है. एक उनका नेता (प्रताप सिंह बाजवा) ढोल बजा रहा है. हमारी पार्टी काम करने लिए जानी जाती है. पंजाब में हमारी सरकार ऐसा काम करेगी की देश के लिए  माडल होगा. पंजाब के हमारे साथियों ने दिल्ली में बुहत मेहनत की, जिसके लिए अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ने धन्यवाद दिया है। उन्होंने ये भी पंजाब में आप सरकार बनने के बाद से माहौल बदला है. बड़ी-बड़ी कंपनी पंजाब में निवेश कर रही हैं. प्रदेश के युवाओं को हमारी सरकार मेरिट के आधार पर नौकरी दे रही है।

हिमाचल के श्रद्धालुओं की बस पलटी, 15 लोग घायल:अयोध्या दर्शन के बाद काशी जा रहे थे….

लाइव हिमाचल/शिमला/सुल्तानपुर: हिमाचल प्रदेश के श्रद्धालुओं से भरी एक बस उत्तर प्रदेश में हादसे का शिकार हो गई. ये हादसा मंगलवार सुबह सुल्तानपुर के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के तहत हुआ है. शिमला से गए श्रद्धालुओं की टूरिस्ट बस सुल्तानपुर के बरौंसा बेलहरी रोड पर बासूपुर के पास पुलिया से टकराकर रास्ते में पलट गई. हादसे के दौरान बस में 22 यात्री सवार थे. जिनमें से 15 लोग हादसे में घायल हो गए हैं. स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से सभी घायलों को बचा लिया गया। घायलों को 102 और 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयसिंहपुर पहुंचाया गया। डॉ. सुरेंद्र पटेल की निगरानी में सभी घायलों का इलाज किया गया। घायलों में अंजना शर्मा, चंद्रकांता, लक्ष्मी, गीता देवी समेत अन्य श्रद्धालु शामिल हैं। एक गंभीर घायल महिला श्रद्धालु सुषमा भारद्वाज को आंतरिक चोटों की जांच के लिए मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर किया गया है।शिमला से गए श्रद्धालुओं ने बताया कि वे अयोध्या में रामलला के दर्शन करने के बाद काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए जा रहे थे. जिस समय ये हादसा हुआ और उनकी टूरिस्ट बस पलट गई. वहीं, सुल्तानपुर प्रशासन की ओर से एसडीएम जयसिंहपुर शिवप्रसाद और तहसीलदार मयंक मिश्रा ने घटनास्थल का दौरा किया और घायलों का हाल जाना. सीएचसी के चिकित्सा प्रभारी ने बताया कि सभी श्रद्धालु ठीक हैं और खतरे से बाहर हैं. वहीं, घायलों से मिलने घटनास्थल पर पहुंचे एसडीएम जयसिंहपुर शिवप्रसाद ने बताया, बस हादसे में घायल सभी लोगों का इलाज किया जा रहा है. उनके ठहरने और वापस जाने का इंतजाम भी प्रशासन द्वारा किया जा रहा है।

Ancestral Property Rights: प्रदेश में बेटियों को मिलेगा संपत्ति में समान अधिकारी, एक्ट में किया गया संशोधन….

लाइव हिमाचल/शिमला: हिमाचल प्रदेश में बेटियों को भी अब संपत्ति में समान अधिकार मिलेगा। पैतृक संपत्ति में बेटी को भी बेटे की तरह एक अलग इकाई माना जाएगा। लैंगिक समानता के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार ने 51 वर्ष पुराने ‘हिमाचल प्रदेश भू-जोत अधिकतम सीमा अधिनियम-1972’ (‘हिमाचल प्रदेश सीलिंग ऑन लैंड होल्डिंग एक्ट 1972’) में अब बड़ा संशोधन कर दिया है। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में पास किए गए लैंड सीलिंग बिल को राष्ट्रपति की मंजूरी मिल गई है। अप्रैल 2023 में लैंड सीलिंग बिल को संशोधित कर विधानसभा में पास किया गया था। इस निर्णय से अब पैतृक संपत्ति में व्यस्क बेटी (विवाहित और अविवाहित) को भी एक अलग इकाई (150 बीघा भूमि तक) माना जाएगा। राज्य सरकार ने मौजूदा अधिनियम की धारा 4 की उप-धारा 4 में ‘पुत्र’ शब्द के बाद ‘या पुत्री’ शब्द शामिल कर दिया है। इस संशोधन के बाद बेटी को बेटे के समान एक अलग इकाई के रूप में शामिल किया गया है। इससे पहले, इस अधिनियम में एक व्यस्क पुत्र को अलग इकाई के रूप में अतिरिक्त 150 बीघा भूमि तक का प्रावधान था, जबकि व्यस्क पुत्री को इस समान अधिकार से वंचित रखा गया था।

हिमाचल में खनन और चिट्टा माफिया के खुले तांडव ने खोली पोल : बिंदल

लाइव हिमाचल/सोलन: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कहा की हिमाचल प्रदेश में खनन माफिया और चिट्टा माफिया का तांडव प्रदेश की वर्तमान सुखविंद्र सिंह सुक्खू सरकार में पूरे हिमाचल प्रदेश में खनन माफिया और चिट्टा माफिया लगातार दनदना रहा है। उन्होंने कहा कि मण्डी में सब डिविजीनल मैजिस्ट्रेट के उपर खनन माफिया के लोगों द्वारा किया गया जानलेवा हमलाा इनकी बढ़ती हुई ताकत और दादागिरी का ज्वलंत उदाहरण है। जिस तरह से इलाके के सबसे बड़े अधिकारी, जो मैजिस्ट्रेट भी है के उपर पत्थरों से, डंडो से और बांऊसर्स के द्वारा हमला कराना, हिमाचल प्रदेश की सरकार के लिए खुली चुनौती है। डाॅ. बिन्दल ने कहा कि यह वाक्या बारी-बारी से हर जिले में दोहराया जा रहा है। बिंदल ने कहा की सोलन जिला का बद्दी-बरोटीवाला इसका केन्द्र बिन्दु बना और माफिया के हौंसले इस कदर बुलंद हुए कि राजनैतिक संरक्षण ने बड़े-बड़े अफसरों की बोलती बंद कर दी। जिला ऊना, जिला सिरमौर, जिला कांगड़ा, जिला हमीरपुर और जिला बिलासपुर भी इसकी मार से ग्रसित है।जगह-जगह पर चिट्टा माफिया, खनन माफिया और शराब माफिया द्वारा गोलियां चलाना, पुलिस, वन विभाग के लोग और माइनिंग गार्डस की पिटाई होना, आम बात हो गई है और सरकार और मुख्यमंत्री मूकदर्शक बन कर बैठे हैं। डाॅ. बिन्दल ने कहा कि चिट्टे के प्रचलन से प्रदेश की युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है और खनन माफिया द्वारा प्रदेश के बहुमूल्य पर्यावरण एवं संसाधनो को नुकसान पहुंचाया जा रहा है और कानून व्यवस्था तार-तार हो रही हैै।

नशा माफिया पर लगाम लगाएं हिमाचल सरकार :- एन के पंडित

लाइव हिमाचल/मंडी: मण्डी कांग्रेस के पूर्व तेज तर्रार ब्रांड फायर प्रवक्ता एन के पंडित ने मण्डी से जारी मीडिया को दिए बयान में कहा की नशा माफिया पर तुरंत लगाम लगाये हिमाचल की सुखू सरकार। एन के पंडित ने मण्डी सदर एस डी एम के ऊपर जो हमला हुआ है उसकी कड़े शब्दों में निंदा की है ! उन्होंने कहा की अधिकारी तो अपनी ड्यूटी ईमानदारी से करते है ऐसे में प्रदेश सरकार का भी यही कर्तव्य बनता है की उनकी सुरक्षा में कोई चूक ना हो और खनन माफिया, नशा माफिया बन माफिया और शराब माफिया के ऊपर सख्त कड़ी करवाई होनी चाहिए। पंडित ने मण्डी एस डी एम सदर के ऊपर जो हमला किया है उनकी जाँच करके हिमाचल की सुखू सरकार दोषियों के खिलफ कड़ी करवाई करें। मण्डी सदर कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रवक्ता एन के पन्डित ने मीडिया से बातचीत करते हुए हिमाचल पुलिस को भी नसीहत दी है की वो बिना मतलब के गाडी मालिकों और चालकों को चालान का रोब दिखा कर धमकाने का प्रयास करती है जो उचित नहीं है और पुलिस केवल खाकी वर्दी का रोब दिखती है अच्छा होता की हिमाचल पुलिस चालान की तरफ ध्यान ना देकर चिट्टे के खिलफ एक्शन लेती तो जनता की नज़रों में भी पुलिस की इज्जत होती। एन के पन्डित ने भी युवाओं से अपील की है की वो नशा छोड़कर खेल, जिम, योगा पर ध्यान दे एन के पन्डित ने माता पिता से भी अनुरोध किया की वो भी अपने बच्चों पर पैनी नज़र रखे और उनको गाइड करें की वो भी नशा छोड़कर खेलों की तरफ ध्यान दे।

पंचायतों के समग्र विकास के लिए कारगर कदम उठाएं अधिकारी : बाली

लाइव हिमाचल/नगरोटा: पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली ने कहा कि नगरोटा विस क्षेत्र की पंचायतों के समग्र विकास के लिए अधिकारियों को कारगर कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। सोमवार को अंबाड़ी तथा उपरली मजेठली पंचायत में विधायक आपके द्वार कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनने तथा दो वर्षों में इन पंचायतों में विकास कार्यों का ब्योरा देते हुए कहा कि अंबाड़ी तथा मजेठली में गत दो वर्षों में सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल तथा विद्युत की बेहतर सुविधा पर दो करोड़ के लगभग राशि व्यय की गई है। उन्होंने विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव और गरीब के विकास कार्यो में किसी भी तरह की कोताही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में बड़े विकास कार्यो के साथ-साथ गांव और गरीबों तक विकास पहुंचाना सबसे महत्वपूर्ण कार्य है ताकि प्रत्येक व्यक्ति तक सभी तरह की मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जा सके। उन्होंने कहा कि गांव और गरीब की समस्याओं को जानने के लिए उन्होंने आपका विधायक आपके द्वार कार्यक्रम शुरू किया है जिसके तहत वे अपनी विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक पंचायत के ग्रामीणों से मिल रहे हैं और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के नवीन अवसर उपलब्ध करवाना तथा उन्हें स्वरोजगार के साथ जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में से एक है। युवाओं को बेहतर प्लेसमेंट के अवसर प्रदान करने के लिए रोजगार मेलों व कैम्पस इंटरव्यू का आयोजन भी निरंतर करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अंबाडी पंचायत में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 26 लाख 27478 रुपए के कार्य किए गए हैं। जल शक्ति विभाग के अंतर्गत 80 लाख 10 हजार रुपए के कार्य किए गए हैं। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज के अंतर्गत 66 लाख के कार्य, वन विभाग ने 35450 पौधों का पौधों रोपण किया है और यह कार्य अभी भी प्रगति पर है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग हिमाचल प्रदेश द्वारा 1 लाख 95 हजार रुपए से 22 लोगों को विभिन्न पेंशन, आवास सब्सिडी और छात्रवृत्ति पर खर्च किए गए। बाल विकास परियोजना विभाग ने 18 हजार की राशि से 4 बच्चों को छात्रवृत्ति और शुभम और प्रांशूल को मुख्यमंत्री सुख आश्रय में 48-48 हजार की सहायता दी गई है। मुख्यमंत्री राहत कोष के अंतर्गत 29 हजार रुपए इलाज के लिए 3 लोगों को दिए गए और इस पंचायत में राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा चार लाभार्थियों को 38 हजार रुपये राशि का लाभ प्राप्त हुआ।

उन्होंने बताया कि ऊपरली मजेठली पंचायत में लोक निर्माण विभाग द्वारा 3 लाख 91 हजार रुपए के कार्य इस पंचायत में किए गए हैं। जल शक्ति विभाग द्वारा इस पंचायत में पीने की पानी की योजना की वितरण प्रणाली के सुधार के अंतर्गत 120000 लीटर  तथा 200000 लीटर के भंडारण टैंकों का निर्माण व पानी की पाइप संबधी के कार्य किए गए हैं। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा लगभग 28 लाख रुपए की राशि से रास्तों का निर्माण किया गया। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग द्वारा 94 हजार रुपए की राशि से लाभार्थियों को विभिन्न रूप में लाभ दिए गए। मुख्यमंत्री राहत कोष का लाभ 6 लाभार्थियों को 126000 की राशि के रूप में दिया गया। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अंतर्गत 12 लाभार्थियों को लगभग 11 लाख रुपए की राशि का लाभ दिया गया है। और राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड द्वारा 15 लाख 91 हजार रुपए के कार्य इस पंचायत में किए गए हैं। उन्होंने इन दोनों पंचायत के लोगों की समस्याओं को भी सुना उन्होंने अधिकतर समस्याओं का मौके पर निपटारा किया और अन्य के लिए अधिकारियों को जल्द निपटाने के  निर्देश दिए।

इन्‍होंने जीवन में सिर्फ VVIP ट्रीटमेंट लिया’, सीएम योगी के निशाने पर अखिलेश यादव

लाइव हिमाचल/दिल्ली : मंगलवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी कि पुण्यतिथि के अवसर पर सीएम योगी ने लखनऊ में एक कार्यक्रम में सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। इसके साथ ही उन्होंने अखिलेश यादव के द्वारा लगाए गए आरोपों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। दरअसल, सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुछ लोग हमेशा नकारात्मकता फैलाने का काम करते हैं। महाकुंभ में देश भर से श्रद्धालु आ रहे हैं और अब तक 45 करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया है। यह एक बहुत बड़ी घटना है, लेकिन कुछ लोग इसके बारे में भी नकारात्मक बातें फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये वही लोग हैं, जिन्होंने अपने जीवन में सरकार से वीवीआईपी ट्रीटमेंट लिया है और अपने परिवार के लिए भी यह सुविधाएं सुनिश्चित कीं। योगी ने यह भी कहा कि ये लोग भारत और सनातन धर्म के खिलाफ दुष्प्रचार करते रहते हैं। योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र का महत्व बताया और इसे ‘अंत्योदय’ से जोड़ा। उन्होंने कहा कि इसी मंत्र की वजह से देश में 4 करोड़ गरीबों के लिए मकान बनाए गए हैं और यह सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम है। पिछले कुछ दिनों में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने महाकुंभ को लेकर यूपी सरकार की आलोचना की थी। उन्होंने विशेष रूप से प्रयागराज में यातायात जाम की समस्या को लेकर सरकार पर सवाल उठाए थे। अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कहा कि महाकुंभ के दौरान प्रयागराज में भयंकर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इससे श्रद्धालुओं को खाने-पीने की चीजें, दवाइयां, और पेट्रोल-डीजल तक उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। इसके कारण करोड़ों श्रद्धालु भूखे-प्यासे और थके-हारे हालत में फंसे हुए हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि यदि किसी राज्य में संवैधानिक तंत्र विफल हो जाता है तो शासन की कमान किसी सक्षम व्यक्ति को देनी चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार के अयोग्य लोग सिर्फ झूठा प्रचार कर सकते हैं, लेकिन सही व्यवस्थाएं नहीं बना सकते। अखिलेश ने यह भी दावा किया कि श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन की बैटरियां खत्म हो चुकी हैं, जिसके कारण वे अपने परिवार से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं और इससे उनकी स्थिति और भी खराब हो रही है।योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव के इन बयानों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी और इसे सिर्फ नकारात्मकता फैलाने का प्रयास बताया। उन्होंने महाकुंभ के आयोजन को एक बड़ी सफलता बताया और इस दौरान हुई व्यवस्थाओं की सराहना की।

कुल्लू अस्पताल में बढ़ाए जाएंगे पर्ची काउंटर, बढ़ती भीड़ को लेकर अस्पताल प्रशासन ने लिया ये फैसला…

Himachal Pradesh Hospitals : कुल्लू के क्षेत्रीय अस्पताल में मरीजों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अब पर्ची काउंटर की संख्या को बढ़ाया जाएगा। ताकि समय पर सभी लोगों की पर्ची बना सके और वह डॉक्टर से अपना इलाज करवा सके। कुल्लू के क्षेत्रीय अस्पताल में इन दिनों मरीजों की काफी भीड़ नजर आ रही है और पर्ची काउंटर पर भी लंबी लाइन लग रही है। ऐसे में इस व्यवस्था से मरीज भी खासे नाराज नजर आए। सीएमओ कुल्लू डॉक्टर नागराज ने भी स्वयं मौके का निरीक्षण किया और कहा कि अब जल्द ही पर्ची काउंटर की व्यवस्था की जाएगी तथा सुरक्षा व्यवस्था को भी बेहतर किया जाएगा। ताकि लोग बेतरतीब तरीके से लाइनों में खड़े ना हो सके। सीएमओ डॉक्टर नागराज पवार ने बताया कि सप्ताह के कुछ दिनों में मरीजों की संख्या काफी अधिक हो जाती है।इससे मरीजों के साथ-साथ अस्पताल प्रबंधन को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में अब जल्द ही अस्पताल परिसर में पर्ची काउंटर की संख्या बढ़ाई जाएगी और यहां पर सुरक्षा कर्मियों की भी अतिरिक्त रूप से तैनाती की जाएगी। जल्द ही अस्पताल प्रशासन इस दिशा में काम करेगा और प्रदेश सरकार का भी इस कार्य में सहयोग लिया जाएगा।