लाइव हिमाचल/सोलन: पुलिस थाना परवाणू के तहत ट्रक की चाबी व नकदी चुराने के मामले में तत्तापानी से ट्रक लेकर कालका के लिए निकले करसोग निवासी ट्रक चालक को परवाणू क्षेत्र में लूटने वाले गिरोह के चौथे आरोपी को भी पुलिस ने हरियाणा कालका से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं 33 वर्षीय आरोपी को आज अदालत में पेश किया जा रहा है। वहीं आपको बता दें कि इस लूटपाट के तीन आरोपीयों को पुलिस पहले ही हिरासत में ले चुकी हैं। सोलन एसपी गौरव सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि मंडी के करसोग निवासी हिमेन्द्र कुमार ने परवाणू पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 15 जनवरी कि वह अपने ट्रक संख्या एचपी 07ई-5768 को लेकर तत्तापानी से हरियाणा के कालका स्थित चरनियां में ईंटें खरीदने के लिए जा रहे थे, दिन के करीब 12 बजे के आसपास जब यह टिपरा के नजदीक हिमाचल की सीमा में लघुशंका के लिए रूके। इसी दौरान अचानक 2 लड़के पहले एक बाईक नं.एचआर 49के-9706 पर सवार होकर उनके पास पहुंचे। देखते ही देखते इसी समय सड़क के किनारे अपनी बाइक के साथ खड़े दो अन्य लड़के भी इनके ट्रक के पास आ गए। इनमें से दो लड़कों ने हिमेंद्र को धक्का मारकर पकड़ लिया व अन्य दो ने गाडी के अन्दर रखे इनके पर्स से 12,400 रुपये निकाल लिए। इसबीच युवकों ने ट्रक की चाबी भी निकाल ली और साथ ले गए। हिमेंद्र की शिकायत पर पुलिस थाना परवाणु में मामला दर्ज किया गया जिसमें पुलिस ने घटना स्थल के पास लगे हुये सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को चैक किया व घटना स्थलों पर आरोपियों की धरपकड़ के लिये दबिश दी इसी धरपकड़ में वारदात में संलिप्त एक आरोपी को कालका के टिब्बी मोहल्ला निवासी 22 वर्षीय पारस को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे 16 जनवरी को कालका के सीताराम खेड़ा से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि वारदात में उपयोग की गई दोनों मोटर साइकिलों एचआर 49के-9706 व एचआर 49जी-3559 को भी जब्त कर लिया गया।
एसपी गौरव सिंह के अनुसार 17 जनवरी को इस लूटपाट की इस वारदात में संलिप्त एक अन्य आरोपी 22 वर्षीय रणजीत को तकनीकी विश्लेषण और जाँच के आधार पर पुलिस ने परवाणू से गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की तो पता चला कि लूटपाट की वारदात में दो अन्य युवक भी शामिल थे। इस पर पुलिस थाना परवाणू की टीम ने हरियाणा के खिला कालोनी निवासी 21 वर्षीय रितिक को कालका से शनिवार गिरफ्तार कर लिया। वहीं पुलिस ने अब इस मामले में चौथे आरोपी को भी कालका से गिरफ़्तार कर लिया है। वहीं मंगलवार को परवाणु पुलिस ने एक और अन्य आरोपी टिब्बी मोहल्ला, कालका निवासी 33 वर्षीय अर्जुन खुशवाह को पुलिस थाना परवाणू की टीम द्वारा कालका हरियाणा से गिरफ्तार किया गया। जिससे गहनता से पूछाताछ की जा रही है । गिरफ्तार आरोपी के अपराधिक रिकार्ड की पड़ताल की जा रही है।





