Home » ताजा खबरें » कुलदीप सिंह राठौर संभालेंगे चंडीगढ़ नगर निगम चुनावों की कमान…

कुलदीप सिंह राठौर संभालेंगे चंडीगढ़ नगर निगम चुनावों की कमान…

लाइव हिमाचल/शिमला: ठियोग विधानसभा क्षेत्र के विधायक और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर चंडीगढ़ नगर निगम चुनावों की कमान संभालेंगे। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी ने उन्हें निगम चुनाव के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए राठौर ने कांग्रेस नेतृत्व का आभार जताया है। कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि मैं कांग्रेस पार्टी और इसके शीर्ष नेतृत्व का हृदय से धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने मुझ पर विश्वास जताकर यह जिम्मेदारी सौंपी है। यह मेरे लिए गर्व की बात है और मैं इस कार्य को पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ निभाऊंगा। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव कांग्रेस पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और वह सुनिश्चित करेंगे कि पार्टी की नीतियां और विचारधारा जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचे। उन्होंने भरोसा जताया कि कांग्रेस पार्टी इन चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी और जनता का विश्वास जीतने में सफल रहेगी। कुलदीप राठौर की इस नियुक्ति को कांग्रेस नेतृत्व का उन पर विशेष विश्वास और उनके अनुभव का सम्मान माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि राठौर का राजनीतिक अनुभव और सांगठनिक कौशल चंडीगढ़ में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएगा। राठौर ने कहा कि वे जल्द ही चंडीगढ़ पहुंचकर चुनावी तैयारियों का जायजा लेंगे और पार्टी के स्थानीय नेताओं के साथ समन्वय बनाकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य संगठन को मजबूत करना और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना है। उन्होंने कहा कि उनकी जिम्मेदारी सिर्फ चंडीगढ़ तक सीमित नहीं है। वह अपने विधानसभा क्षेत्र ठियोग और हिमाचल में भी कांग्रेस को मजबूत करने के लिए लगातार काम करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *