Home » मनोरंजन » विंटर कार्निवाल में सूफी गायक सतिंदर सरताज की प्रस्तुतियों ने बांधा समां….

विंटर कार्निवाल में सूफी गायक सतिंदर सरताज की प्रस्तुतियों ने बांधा समां….

लाइव हिमाचल/शिमला: राजधानी शिमला में विंटर कार्निवाल का दौर वीरवार से फिर शुरू हो गया। वीरवार की सांस्कृतिक संध्या पंजाबी सूफी गायक डाॅ. सतिंदर सरताज के नाम रही। स्टार नाइट रहे सरताज की लोकप्रियता को देखते हुए रिज पर दर्शकों के बैठने के लिए 1000 कुर्सियां लगाई गई थीं, जो बढ़ती भीड़ के आगे कम पड़ गईं। पंजाबी गायक की लाइव प्रस्तुति देखने के लिए रिज मैदान पर शाम को स्थानीय लोगों व पर्यटकों की भीड़ उमड़ी रही। सतिंदर सरताज ने भी बड़ी ही गर्मजोशी से अपनी लाइव प्रस्तुति पेश कर स्थानीय लोगों व पर्यटकों का मनोरंजन किया। मंच पर सरताज ने अपनी सूफियाना आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। 2 घंटे की प्रस्तुति में सतिंदर सरताज ने एक से बढ़कर एक पंजाबी और हिंदी गीत पेश कर समां बांधा। सरताज की धमाकेदार प्रस्तुति ने खूब धमाल मचाया।इससे पहले भी समर फैस्टीवल में सरताज शिमला के रिज मैदान पर अपनी प्रस्तुति दे चुके हैं। कार्निवाल की सांस्कृतिक संध्या में सरताज की आवाज का जादू लोगों के सिर चढ़कर बोला। उनकी सूफियाना आवाज को सुनने का लोगों के बीच क्रेज देखा गया। उन्होंने पहाड़ी गाना माय नी मेरिये शिमले दी राहे चम्बा कितनी की दूर गाकर दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया। सरताज की प्रस्तुति को देखने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने कई कैबिनेट मंत्रियों के साथ रिज मैदान पहुंचे। मुख्यमंत्री कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। सीएम ने भी सरताज की प्रस्तुतियों की प्रशंसा की। इस दौरान संतिदर सरताज को मंच पर जाकर सम्मानित भी किया।वहीं सांस्कृतिक संध्या में लाफ्टर फेम राजीव मल्होत्रा ने भी दर्शकों को जमकर लोटपोट किया। राजीव ने आधे घंटे तक मंच पर हंसी के खूब ठहाके लगवाए। दर्शकों को भी राजीव की कॉमेडी काफी पसंद आई। आधे घंटे तक राजीव ने अपने चटपटे चुटकुलों से दर्शकों को लोटपोट किया। इसके अलावा प्रियंका शर्मा की डांस परफॉर्मैंस ने भी दर्शकों का मनोरंजन किया। 15 मिनट तक मंच पर प्रियंका ने खूब समां बांधा। उसके बाद मंच पर आए आरके शैकी ने मोहब्बत का शहर कार्यक्रम पेश कर माहौल को रंगीन बनाया। कार्यक्रम में निक्की आर्ट्स की ओर से भी डांस की प्रस्तुति पेश कर दर्शकों का मनोरंजन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Gallery not found12