प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना-2024 के तहत इंटर्नशिप के लिए आवेदन….

लाइव हिमाचल/सोलन : प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना -2024 के तहत युवाओं के लिए विभिन्न कंपनियों में इंटर्नशिप करने का अवसर है। यह जानकारी ज़िला रोज़गार अधिकारी सोलन जगदीश कुमार ने दी। जगदीश कुमार ने कहा कि इस योजना के तहत युवाओं को टॉप कंपनियों में इंटर्नशिप करने का मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि इस योजना में इंटर्नशिप करने के दौरान उम्मीदवार को 12 महीने तक प्रत्येक माह 5000 रुपए दिए जाने का प्रावधान भी है। उन्होंने कहा कि इंटर्नशिप कार्यक्रम के लिए उम्मीदवार की शैक्षणिक योग्यता दसवीं के साथ-साथ आई.टी.आई. का प्रमाण पत्र, पॉलिटेक्निक संस्थान से डिप्लोमा या फिर बी.ए., बी.एस.सी., बी.कॉम, बीसीए, बीबीए या बी.र्फामा जैसी डिग्री होना अनिवार्य है। इच्छुक उम्मीदवार की आयु 21 से 24 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस योजना में ऑनलाइन या दूरस्थ शिक्षा कार्यक्रम में नामांकित उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवार वेवसाइट pminternship.mca.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी के लिए आवेदक कार्यालय दूरभाष नम्बर 01792-227242 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

तीन दिवसीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता हुई सम्पन्न

लाइव हिमाचल/सोलन: अर्की विधानसभा क्षेत्र में युवाओं को बेहतर खेल सुविधा एवं अधोसंरचना प्रदान करने के दृष्टिगत अर्की में शीघ्र ही इंडोर स्टेडियम तथा दाड़लाघाट में खेल स्टेडियम निर्मित किया जाएगा। संजय अवस्थी आज राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अर्की में 17 वर्ष से कम आयुवर्ग की लड़कों की तीन दिवसीय जूनियर बाक्सिंग प्रतियोगिता के समापन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। 17 वर्ष से कम आयुवर्ग की लड़कों की इस तीन दिवसीय जूनियर बाक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन ज़िला सोलन बॉक्सिंग संघ एवं पंचवीर बॉक्सिंग क्लब अर्की द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी ज़िलों के 140 बॉक्सर ने भाग लिया। संजय अवस्थी ने कहा कि खेल तथा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश सरकार योजनाबद्ध कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि दाड़लाघाट में खेल स्टेडियम के निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि का चयन कर लिया गया है तथा शीघ्र ही इस स्टेडियम का निर्माण कार्य आरम्भ होगा। इस स्टेडियम के निर्माण के लिए 05 करोड़ रुपए की राशि का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में खेल छात्रावास भी निर्मित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अर्की में निर्मित होने वाले इंडोर स्टेडियम में ‘खेलो इंडिया’ के तहत बॉक्सिंग केन्द्र भी स्थापित किया जाएगा ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को श्रेष्ठ सुविधाएं मिलें। संजय अवस्थी ने कहा कि खेल सभी आयु वर्ग के लिए ऊर्जा का स्त्रोत हैं। खेल न केवल हमें स्वस्थ रखते हैं अपितु युवाओं को नशे से दूर रखने में भी सहायक हैं। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि नशे को न कहें और युवाओं को नशे से दूर रखने में सहयोग दें। विधायक ने कहा कि आज हिमाचल के खिलाड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं में देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। बॉक्सिंग सहित अन्य खेलों में हमारे युवा अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। संजय अवस्थी ने कहा कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार द्वारा विभिन्न स्तरों की प्रतिस्पर्धाओं में खिलाड़ियों को दी जाने वाली डाईट मनी में आशातीत वृद्धि की गई है। प्रदेश सरकार का उद्देश्य न केवल खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाना है अपितु उन्हें भविष्य की चिंता से मुक्त करना भी है। उन्होंने खिलाड़ियों का आह्वान किया कि जीवन में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और समर्पण को सदैव स्मरण रखें तथा देश एवं प्रदेश हित में कार्य करने के लिए तत्पर रहें। संजय अवस्थी ने इस अवसर पर जन समस्याएं भी सुनी और अधिकारियों को इनके उचित निपटारे के निर्देश दिए। उन्होंने इस अवसर पर राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अर्की में बॉक्सिंग रिंग विस्तार व मुरम्मत के लिए 5 लाख रुपए तथा प्रतियोगिता आयोजन समिति को 21 हज़ार रुपए प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। प्रतियोगिता में ऊना के बॉक्सर पवित्र को सर्वश्रेष्ठ बॉक्सर, कांगड़ा के सुजल को सर्वश्रेष्ठ चैलेन्जर बॉक्सर घोषित किया गया। शिमला ज़िला ऑल ओवर चैंम्पियन, साई छात्रावास बिलासपुर द्वितीय तथा हमीरपुर ज़िला तृतीय स्थान पर रहा। नगर पंचायत अर्की के अध्यक्ष अनुज गुप्ता व पार्षद, कांग्रेस पार्टी के सतीश कश्यप, उप मंडलाधिकारी अर्की यादविंदर पाल, तहसीलदार अर्की विपिन वर्मा, खण्ड विकास अधिकारी कुनिहार तन्मय कंवर, स्टेट बॉक्सिंग संघ के महासचिव एस.के.शांडिल, पंचवीर बॉक्सिंग क्लब अर्की के अध्यक्ष के.के. ठाकुर, पंचवीर बॉक्सिंग क्लब अर्की के सचिव भीम सिंह ठाकुर, क्लब के पदाधिकारी, सदस्य, जिला सोलन बॉक्सिंग संघ के कार्यकारी अध्यक्ष रणधीर सिंह, राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य राज कुमार गौतम, विद्यालय प्रबन्धन समिति के अध्यक्ष दीपक गुप्ता, बॉक्सिंग के राष्ट्रीय कोच मान सिंह ठाकुर, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियन्ता विवेक कटोच, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता शशिपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, अध्यापक, खिलाड़ी, छात्र तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर मौजूद थे।

एसडीएम कार्यालय स्वीकृत करने के लिए किया मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त…

लाइव हिमाचल/शिमला: शिमला ग्रामीण विधानसभा के सुन्नी क्षेत्र के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज यहां लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के नेतृत्व में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने सुन्नी में उपमंडलाधिकारी कार्यालय स्वीकृत करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सुन्नी क्षेत्र के लोग उपमंडलाधिकारी कार्यालय खोलने के लिए लंबे समय से मांग कर रहे थे। वर्तमान प्रदेश सरकार ने हाल ही में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में क्षेत्र के लोगों की मांग को स्वीकृति प्रदान की है। उन्होंने कहा कि यह एसडीएम कार्यालय क्षेत्र के लोगों के सरकारी कामकाज को समयबद्ध पूरा करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार राज्य के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। ग्रामीणों क्षेत्रों में लोगों के सामाजिक आर्थिक उत्थान के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे है। वहीं ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, सुन्नी क्षेत्र की विभिन्न पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य इस अवसर पर उपस्थित थे।

हिमाचल में हुड़दंगियों को खुली छूट, अर्धनग्न अवस्था में झूमते सैलानी कैमरे में हुए कैद…

लाइव हिमाचल/शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी और पहाड़ों की रानी शिमला में गुरुवार रात को सैलानी हुड़दंग मचाते नजर आए. शिमला विंटर कार्निवाल में मशहूर गायक सतिंदर सरताज स्टेज पर रंग जमा रहे थे. तभी कुछ युवा सैलानी अचानक कपड़े उतारकर नाचने लगे. इसका वीडियो मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने शूट किया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया. इसके बाद सोशल मीडिया पर भी इसकी जमकर आलोचना हो रही है. लोग मुख्यमंत्री के उस बयान की आलोचना कर रहे हैं, जिसमें झूमने वालों को होटल तक छोड़ने की बात कही गई थी. भारतीय जनता पार्टी भी सरकार की ओर से मिली कथित छूट को लेकर सवाल खड़े कर रही है. हिमाचल बीजेपी अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश में हालात बेहद गंभीर है. कोई दिसंबर महीने में यहां आकर सिर पर शराब की बोतल लेकर नाच रहा है. तो कोई नग्न अवस्था में रिज पर डांस कर रहा है. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह कहते हैं कि कोई हुड़दंग करे, तो उसे होटल पर छोड़कर आएं. बिंदल ने कहा कि इसकी वजह से हिमाचल प्रदेश की छवि देश भर में खराब हो रही है. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का काम अब सिर्फ अपने बयानों से पलटना रह गया है. 24 दिसंबर को शिमला विंटर कार्निवाल की शुरुआत के दौरान शिमला में मीडिया के साथ बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा था- “हिमाचल प्रदेश अतिथियों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है. कोई भी अगर झूम जाए, तो उसे झूमने नहीं देना है. यह नहीं कि उसे हवालात में बंद कर देना है. शिमला विंटर कार्निवाल पर्यटकों के आतिथ्य के लिए तैयार है. मैंने पुलिस वालों को भी निर्देश दिए हैं कि जो परिवार के साथ भी झूमने वाले आ जाते हैं, उन्हें भी प्यार से होटल तक छोड़ना है. भारत और हिमाचल प्रदेश की संस्कृति अतिथि देवो भव: वाली है. आपसी मेल मिलाप और भाईचारे के साथ इस विंटर कार्निवाल का आनंद उठाना है।

शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज में काम ठप, 132 अस्थाई कर्मचारियों की सेवा समाप्त करने पर रोष…

लाइव हिमाचल/शिमला: शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज में आउटसोर्स कर्मचारी हड़ताल पर हैं. हाल ही में अस्पताल से 132 अस्थाई कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त की गई हैं. यह कर्मचारी कोरोना काल के दौरान लोगों को सेवाएं देते रहे. अब इन कर्मचारियों को काम छोड़ बाहर जाने के लिए कहा गया है. इसी के विरोध में आउटसोर्स कर्मचारी इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज में धरने पर बैठ गए हैं. इसकी वजह से मरीज परेशान हैं. इन कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें मजबूरी में यह हड़ताल करनी पड़ रही है, क्योंकि सरकार उनकी बात नहीं सुन रही. 132 अस्थाई कर्मचारियों की नौकरी जाने की वजह से उनके घर परिवार पर रोजी-रोटी तक का संकट आ गया है. गौर हो कि शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज में शिमला, सोलन मंडी, कुल्लू और किन्नौर से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं. अस्पताल में रोजाना तीन हजार से से ज्यादा मरीजों की ओपीडी होती है. कर्मचारी अपनी परेशानी को लेकर हड़ताल पर हैं. इसी वजह से मरीज भी परेशानी झेल रहे हैं। शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज के एंट्री गेट पर ही यह कर्मचारी हड़ताल पर बैठे हुए हैं. यह हड़ताल सीटू के बैनर तले हो रही है. कर्मचारियों का कहना है कि वह हड़ताल नहीं करना चाहते हैं, क्योंकि इसकी वजह से मरीज परेशान होते हैं. यह कर्मचारी डबल शिफ्ट करते हैं. स्टाफ की कमी के चलते सभी काम भी वे करते आ रहे हैं, लेकिन उनके लिए सरकार के मन में कोई सहानुभूति नहीं है. कर्मचारियों की मांग है कि 132 कर्मचारियों को वापस काम पर रखा जाए और आउटसोर्स कर्मचारी का वेतन भी वक्त पर दिया जाए. सीटू के राज्य अध्यक्ष विजेंद्र मेहरा ने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारी हड़ताल पर हैं. अस्पताल प्रशासन की ओर से कर्मचारियों के अधिकारों का हनन किया जा रहा है. यहां नियम-कानून का पालन नहीं किया जाता. मरीज के साथ इमानदारो को सेवाएं देने वाले यह कर्मचारी परेशान हैं. डाटा एंट्री ऑपरेटर, सफाई कर्मचारी, सुरक्षा कर्मचारी, मेस वर्कर और ईसीजी ऑपरेटर समेत अन्य वर्ग के आउटसोर्स कर्मचारी हड़ताल कर रहे हैं. इन सभी 132 कर्मचारियों को वापस काम पर रखने और आउटसोर्स कर्मचारी का वेतन वक्त पर देने की मांग की जा रही है. फिलहाल, अस्पताल प्रशासन ने वार्ता के लिए नहीं बुलाया है. वार्ता के बाद ही आगामी योजना तय की जाएगी।

राजभवन किसी के चुनावी वादे पूरे करने के लिए नहीं, राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल की हिमाचल सरकार को दो टूक….

Himachal Governor Shiv Pratap Shukla: अपनी दो टूक बातों के लिए पहचान रखने वाले राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने एक बार फिर बड़ा बयान दिया है. राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि राजभवन किसी नेता के चुनावी वादे पूरे करने के लिए नहीं है. राज्यपाल ने यह बयान राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के उस बयान पर पलटवार करते हुए दिया, जिसमें उन्होंने राजभवन की ओर से नौतोड़ मामलों को मंजूरी न देने की बात कही थी. राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि नौतोड़ मामलों को लेकर राज भवन ने अपना जवाब दे दिया है. कुछ विषयों को लेकर आपत्ति थी. इसे लेकर जवाब मांगा गया है. अब तक राज्य सरकार की ओर से कोई जवाब नहीं मिला है. राजभवन ने यह कभी नहीं कहा कि हम नौतोड़ से अलग हैं, लेकिन राजभवन नियमों की परिधि में रहकर ही काम करेगा. राजभवन की ओर से राज्य सरकार से पूछा गया है कि इसमें कितने लोग शामिल हैं. राजभवन ने इसे लेकर इस संबंध में नामों की भी जानकारी मांगी है. राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि अगर किन्हीं नाम को गलत तरीके से दिखाया जाएगा, तो राजभवन इसके लिए जिम्मेदार नहीं है. वे नियमों के बाहर जाकर काम नहीं करेंगे. राज्यपाल ने कहा कि राजभवन किसी के चुनावी वादे पूरे करने के लिए नहीं है. राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी भले ही राजभवन का सम्मान न करें, लेकिन राजभवन उनका सम्मान करता है. राजस्व मंत्री ने पद की शपथ यहीं ली है. राज्यपाल ने कहा कि वे सरकार के मंत्री हैं. ऐसे में जब भी वार्ता के लिए आना चाहें, तो आ सकते हैं। बता दें कि हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से सुक्खू सरकार में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी नाराज नजर आए थे. नौतोड़ संबंधी मंत्रिमंडल के प्रस्ताव को मंजूरी न मिलने से नेगी ने नाराजगी जाहिर की थी. राजस्व मंत्री के मुताबिक, राजभवन में डेढ़ साल से ज्यादा समय से यह प्रस्ताव लटका हुआ है. नेगी का कहना था कि एक बार फिर से राज्यपाल से मुलाकात कर प्रस्ताव को मंजूरी दिलवाने की कोशिश करेंगे. अगर फिर भी सकारात्मक परिणाम नहीं मिलते हैं, तो संविधान में दिए गए शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार का इस्तेमाल करेंगे. राजस्व मंत्री ने कहा था कि अगर जरूरत पड़ी, तो जनता के साथ मिलकर सड़कों पर भी उतरेंगे।

पत्नी संग प्रेमानंद महाराज के दरबार पहुंचे BJP सांसद अनुराग ठाकुर….

Anurag Thakur Latest News: बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर अपने परिवार के साथ नए साल के अवसर पर वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचे और उनका आशीर्वाद लिया. इस दौरान प्रेमानंद महाराज ने उन्हें प्रलोभन और भय से दूर रहने की नसीहत दी. उन्होंने अनुराग ठाकुर से कहा कि अगर आप 100 रुपये का काम सही से करेंगे तो भगवान 1000 रुपये देंगे और अगर 1000 का काम सही से करेंगे तो एक लाख रुपये देंगे. अनुराग ठाकुर ने इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा, ”राधे राधे. श्रीधाम वृन्दावन में परम पूज्य संत श्री प्रेमानंद जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया. महाराज ने भगवत्कृपा प्राप्ति हेतु अमूल्य मार्गदर्शन देकर हमें कृतार्थ किया। प्रेमानंद महाराज ने अनुराग ठाकुर से कहा, ”अपने कर्तव्य में चूक ना होने पाए, प्रभु सेवा बढ़ा कर देते रहेंगे. सृष्टि में जो सेवा मिली वही पूजा है. अगरबत्ती, धूपबत्ती पूजा के साधारण अंग हैं और वह कोई भी कर सकता है. जिन पूजा से भगवान प्रसन्न होंगे वह मैं बताऊंगा. अर्जुन जी ने कहा कि मैं सन्यास लूंगा. सन्यास लेकर भीख मांगकर खाऊंगा, लेकिन युद्ध नहीं करूंगा. भगवान ने कहा कि नहीं युद्ध कर, मेरा स्मरण कर. प्रेमानंद महाराज ने आगे कहा, ”दो चीजें हमें सेवा से वंचित कर देती हैं. भारत सरकार की सेवा मिली है. भय और प्रलोभन यह आपके जीवन में आने ना पाए. किसी से भय नहीं क्योंकि भगवान के बंदे हम हैं. जो राइट टाइम है वो होगा. किसी के गिड़गिड़ाने से वो टल नहीं जाएगा. जो विधान में लिखा है वही होगा. भय को ठोकर मारकर जिएं. जिस दिन जो होना है होगा उसके पहले नहीं होगा. श्रीधाम वृन्दावन में परम पूज्य संत श्री प्रेमानंद जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। महाराज जी ने भगवत्कृपा प्राप्ति हेतु अमूल्य मार्गदर्शन देकर हमें कृतार्थ किया। उन्होंने आगे कहा, ”किसी के प्रलोभन में ना आएं. प्रलोभन नीचे गिरा देता है.” इसके बाद अनुराग ठाकुर ने कहा, ”इसमें कभी कोई कमी नहीं होगी. मेरी पत्नी की सुबह की शुरुआत आपके प्रवचन से होती है. आपसे बहुत कुछ सीखने को मिला. एक बात जरूर कहूंगा कि यहां संतगण का स्वभाव बहुत मधुर है.” इस पर प्रेमानंद ने कहा कि ये सब पढ़े लिखे हैं कोई सीए और प्रोफेसर हैं. पढ़े लिखे संत हैं और अच्छे घरों के संत हैं।

हिमाचल मंत्रिमंडल की नए साल की पहली बैठक, वार्षिक बजट को लेकर होगी चर्चा…

लाइव हिमाचल/शिमला: हिमाचल में बजट सत्र से पहले विधायक प्राथमिकता को लेकर बैठक होगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली इस बैठक में वार्षिक बजट 2025-26 में विधायकों की प्राथमिकताओं का निर्धारण होगा। यह बैठक दो दिन की होगी। बैठक का आयोजन 3 और 4 फरवरी को हिमाचल प्रदेश सचिवालय में किया … Read more

चलती कार में लगी आग, बाल-बाल बचा चालक…

लाइव हिमाचल/सोलन:हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन में सुबाथू के समीप जाडला में एक चलती कार में आग लग गई। इससे कार पूरी तरह से जलकर राख हो गई। स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग को दी। जब तक विभाग की टीम मौके पर पहुंची तब तक कर पूरी तरह से जल गई थी। कार चालक अर्की … Read more

नर्सों के पद भरने से जुड़े मामले पर सुनवाई 8 जनवरी के लिए टली…

लाइव हिमाचल/कुल्लू: हिमाचल हाईकोर्ट ने आउटसोर्स भर्तियों पर लगी रोक हटाने के लिए दायर अर्जी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में स्थायी नियुक्तियों की जरूरत है। मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह संधावालिया और न्यायाधीश सत्येन वैद्य की खंडपीठ ने सरकार से पूछा कि स्थायी नियुक्तियों का खाका कहां पर है। अदालत ने … Read more