



लाइव हिमाचल/ नाहन: भारतीय सेना (Indian Army) से सेवानिवृत्त सोम सिंह, जो शिलाई विधानसभा क्षेत्र के कमरऊ के हैवना गांव से संबंध रखते हैं, ने अपनी मेहनत और दृढ़ निश्चय से जल शक्ति विभाग (IPH) डिवीजन नाहन में जूनियर इंजीनियर (JE) के पद पर चयनित होकर एक नई मिसाल कायम की है। स्वर्गीय गुमान सिंह के पुत्र सोम सिंह ने भारतीय सेना में 17 वर्षों की सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्ति ली। उसके बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और अपने लक्ष्य को पाने के लिए शिक्षा जारी रखी। आज के दौर में एक नौकरी पाना मुश्किल है, लेकिन सोम सिंह ने दूसरी सफलता हासिल कर ली। सोम सिंह ने रोहड़ू में पॉलिटेक्निक में दाखिला लिया और पहले ही प्रयास में पॉलिटेक्निक परीक्षा पास कर ली उनकी मेहनत और लगन का परिणाम है कि उनका चयन एक्स-सर्विसमेन कोटे के तहत JE के पद पर हुआ। 38-40 वर्ष की उम्र में दूसरी नौकरी हासिल करने वाले सोम सिंह ने संघर्ष और आत्मविश्वास का ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया है, जो युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके इस सफलता पर गांव के सभी लोग गर्वित हैं। ग्राम वासियों ने उनकी सफलता पर खुशी जताई और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। सोम सिंह ने न केवल अपने करियर में सफलता प्राप्त की है, बल्कि गांव के विकास में भी सक्रिय योगदान दिया है। सोम सिंह की इस उपलब्धि ने यह सिद्ध कर दिया है कि कठिन परिश्रम और समर्पण से जीवन में किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। यह कहानी आज के युवाओं के लिए भी एक प्रेरणा स्त्रोत है। उन्होंने कहा कि यदि इच्छाशक्ति हो, तो असंभव को भी संभव बनाया जा सकता है।