Home » ताजा खबरें » क्वालिटी एजुकेशन के लिए 850 संस्थानों को बनाया उत्कृष्टता केंद्र : बाली……

क्वालिटी एजुकेशन के लिए 850 संस्थानों को बनाया उत्कृष्टता केंद्र : बाली……

लाइव हिमाचल/ धर्मशाला:पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में विद्यार्थियों के लिए समावेशी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए 850 संस्थानों को उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित किया है। रविवार(08 दिसंबर) को सनौरा में माउंट कार्मल स्कूल के वार्षिक उत्सव में बतौर मुख्यातिथि पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने कहा कि 15 हजार शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के पदों को भरने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है।जिसमें 3,200 पद शिक्षकों के बैचवाइज भरे गए हैं, जबकि 2,800 से अधिक पद राज्य चयन आयोग के माध्यम से भरे जा रहे हैं। आरएस बाली ने कहा कि मंत्रिमंडल की बैठक में एनटीटी के 6200 पद और पीजीटी शिक्षकों के 700 पद भरने की मंजूरी दी है जिसकी भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। विद्यार्थियों को समावेशी शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए शैक्षणिक सत्र के बीच शिक्षकों के तबादलों पर प्रतिबंध लगाया गया है। सीधी भर्ती के अलावा पदोन्नति के माध्यम से भी हजारों पद भरे गए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से ही अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई का अपना चुनावी वायदा भी पूरा किया है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में अत्याधुनिक तकनीक से लैस राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं। आरएस बाली ने कहा कि वर्तमान सरकार ने डॉ. वाई.एस. परमार विद्यार्थी ऋण योजना शुरू की है। इस योजना के तहत छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए महज एक प्रतिशत की मामूली ब्याज दर पर 20 लाख रुपये तक का ऋण प्रदान किया जा रहा है। विदेश में शिक्षा प्राप्त करने वाले आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के छात्रों को भी इस योजना में कवर किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *