



शिमला: हिमाचल प्रदेश में मौसम ने आज फिर से करवट बदली है। शिमला सहित प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में सुबह से घने बादल छाए हुए है। मौसम विभाग ने आज के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान शिमला, मंडी, कुल्लू, बिलासपुर, कांगड़ा, हमीरपुर, ऊना, सोलन और सिरमौर में भारी बारिश, ओलावृष्टि और तूफान आ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, कुल्लू, चंबा और लाहौल स्पीति की अधिक ऊंची चोटियों पर बर्फबारी भी हो सकती है। इससे तापमान में और गिरावट आएगी। प्रदेश में बीते तीन-चार दिन से हो रही बारिश-बर्फबारी की वजह से तापमान में कमी के बाद ऊंचे क्षेत्रों में ठंड बढ़ी है।
सेब पर पड़ी मौसम की मार
मौसम का असर सीधे सेब की फ्लावरिंग पर पड़ रहा है।
प्रदेश में 6500 फीट से अधिक ऊंचे क्षेत्रों में ठंड बढ़ने से सेब की अच्छी फ्लावरिंग नहीं हो पा रही। अच्छी फ्लावरिंग व सेटिंग के लिए औसत तापमान 14 डिग्री के आसपास जरूरी होता है। मगर अधिक ऊंचे क्षेत्रों में यह 10 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। ओलावृष्टि बरपा रही कहर, मुश्किल में बागवान इसी तरह बीते तीन-चार दिनों के दौरान ओलावृष्टि ने कहर बरपाया है। शिमला और मंडी के कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि से सेब की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। कई क्षेत्रों में तो ओलावृष्टि से सेब के पेड़ की टहनियों को नुकसान और पत्तियां तक झड़ गई है। इसी तरह मंडी, बिलासपुर, सिरमौर, सोलन, कांगड़ा, ऊना और हमीरपुर में गेंहू की पक कर तैयार फसल पर संकट मंडरा रहा है। प्रदेश में एक सप्ताह से मौसम खराब बना हुआ और बीच बीच में बारिश हो रही है। आज और कल भी बारिश का पूर्वानुमान है। इससे किसान गेंहू की तैयार फसल की कटाई नहीं कर पा रहा है। अप्रैल महीने कल खत्म होने जा रहा है। फिर भी गर्मियों के दिनों में बर्फबारी से हर कोई हैरान है।
एक मई से साफ होगा मौसम
मौसम विभाग की माने तो कुछेक स्थानों पर भारी बारिश
और अन्य क्षेत्रों में सामान्य बारिश होगी। कल से वेस्टर्न
डिस्टरबेंस (WD) थोड़ा कमजोर पड़ेगा। मगर कल
भी कुछेक स्थानों पर बारिश हो सकती है। एक मई से
मौसम साफ होने का पूर्वानुमान है।