
धर्मशाला: मैक्लोडगंज स्थित पार्किंग में पार्क टैक्सी में पुलिस ने एक शव बरामद किया है. मृतक की पहचान संदीप कुमार निवासी जालंधर पंजाब के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, मृतक संदीप कुमार सवारियां लेकर मैक्लोडगंज आया था. जब सवारियां घूमने निकल गई तो संदीप गाड़ी में ही सो गया. वापस जाते समय सवारियों ने उसे जगाने की कोशिश की, लेकिन संदीप नहीं जागा. काफी देर बाद जब स्थानीय लोगों ने उसे जगाने का प्रयास किया तो भी संदीप नहीं जागा. इसके बाद सवारियों ने मैक्लोडगंज पुलिस को सूचित किया. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उन्होंने देखा कि संदीप की मौत हो चुकी थी, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसके परिजनों को सूचित किया. बता दें, परिजनों के धर्मशाला पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा. वहीं, एएसपी बीर बहादुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक के संबंध में जानकारी गाड़ी की आरसी के माध्यम से मिली है, जिसके आधार पर परिजनों को सूचित कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि परिजनों के आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा.





