सोलन: सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एम.एस.एम.ई) विकास कार्यालय सोलन द्वारा आज यहां सोलन ज़िला के विभिन्न पंचायती राज संस्थानों के प्रतिनिधियों के लिए प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जागरूकता शिविर की अध्यक्षता सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के सोलन कार्यालय के सहायक निदेशक एवं कार्यालय प्रमुख अशोक कुमार गौतम ने की। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ उठाने के लिए व्यक्ति को एम.एस.एम.ई पोर्टल के माध्यम से ऑनलाईन पंजीकरण करवाना होना। यह पंजीकरण नजदीकी जन सेवा केन्द्र पर निःशुल्क करवाया जा सकता है। सहायक निदेशक ने कहा कि पात्र व्यक्तियों को चयन उपरांत प्रशिक्षण के लिए प्रति व्यक्ति 500 रुपए प्रति दिन वज़ीफ़ा दिया जाएगा। उन्होंने कहा प्रशिक्षण पूर्ण होने पर टूल किट के लिए 15 हजार रुपए का अनुदान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लाभार्थी को योजना के तहत नियमानुसार ऋण भी प्रदान किया जाएगा। योजना के तहत डिजिटल लेन-देन को प्रोत्साहन भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस योजना से युवा कम समय में प्रशिक्षण प्राप्त कर अपना स्वरोज़गार आरम्भ कर स्वावलम्बी बन सकते हैं। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वह पात्र व्यक्तियों का चयन कर आवेदन आगामी कार्यवाही के लिए प्रेषित करें ताकि ज़रूरतमंद को इस योजना का लाभ मिल सके। अशोक कुमार गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का उद्देश्य असंगठित क्षेत्रों के कामगारों को उनकी प्रतिभा के अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि इस योजना में 18 ट्रेड्स कवर किए जा रहे हैं। इनमें कारपेंटर, नाव बनाने वाला, लोहार, ताला बनाने वाला, हथौड़ा और टूल किट निर्माता, सुनार, कुम्हार, मूर्तिकार, मच्छली का जाल बनाने वाला, चर्मकार, राज मिस्त्री, टोकरी, चटाई व झाडू बनाने वाला, पारम्परिक खिलौने बनाने वाला, नाई, मालाकार, धोबी, दर्जी तथा अस्त्र बनाने वाले शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत राज्य में अभी तक 78,500 आवेदन प्राप्त हुए हैं।इस योजना के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी एम.एस.एम.ई की वेबसाईट https://pmvishwakarma.gov.in पर प्राप्त की जा सकती है। कार्यशाला में लगभग 120 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस अवसर पर खण्ड विकास अधिकारी कण्डाघाट नरेश शर्मा, एम.एस.एम.ई सोलन कार्यालय के सहायक निदेशक शैलेश कुमार सिंह सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान, उप प्रधान व अन्य पंचायती राज संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
Day: February 14, 2024
दिल्ली में बसों का प्रवेश बंद, हिमाचल पथ परिवहन निगम ने रोकीं सेवाएं…
शिमला: किसान आंदोलन के चलते दिल्ली में बसों के प्रवेश पर लगाई गई रोक के मद्देनजर हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने प्रदेश से दिल्ली रूट पर बस सेवाएं रोक दी हैं। सभी प्रकार के वाहनों के लिए दिल्ली की सीमाएं सील कर दी गई हैं। हरियाणा और दिल्ली पुलिस की मंजूरी मिलने पर ही अब एचआरटीसी दिल्ली के लिए बस सेवाएं संचालित करेगा। मंगलवार को एचआरटीसी ने अपराह्न 4 बजे दिल्ली के सभी रूट चंडीगढ़ तक सीमित कर दिए। दिल्ली से हिमाचल प्रदेश में आने वाली सभी बसें दिल्ली में रोक दी गई हैं। हिमाचल प्रदेश से दिल्ली जाने वाली बसों में यात्रियों की संख्या घटने के बाद मंगलवार सुबह रूट क्लब कर बसें चलाई गईं। सोमवार को दिल्ली रूट की बसों में 50 फीसदी से भी कम यात्री रह गए थे, जबकि मंगलवार को घटकर यात्री 15 से 20 फीसदी रह गए। शिमला, मंडी, कूल्लु, मनाली, कांगड़ा, धर्मशाला से दिल्ली के लिए रूट क्लब किए गए।
आज हरियाणा, दिल्ली पुलिस की एडवाइजरी पर ही चलेंगी बसें
एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक रोहन चंद ठाकुर ने बताया कि दिल्ली में बसों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगने के बाद हिमाचल से दिल्ली के लिए बस सेवा रोक दी गई है। दिल्ली रूट की बसें चंडीगढ़ तक चलाई जा रही हैं। बुधवार को दिल्ली रूट पर हरियाणा पुलिस और दिल्ली पुलिस की एडवाइजरी पर ही बसें चलाई जाएंगी। यात्री चंडीगढ़-दिल्ली के बीच यात्रा से पहले शिमला कंट्रोल रूम 0177-2658765, दिल्ली कंट्रोल रूम 011-23868694 और चंडीगढ़ में 94633-78026 नंबर पर संपर्क कर जानकारी ले सकते हैं।
Himachal Pradesh News: मैक्लोडगंज में टैक्सी ड्राइवर की मौत, पुलिस कर रही मामले की जांच….
धर्मशाला: मैक्लोडगंज स्थित पार्किंग में पार्क टैक्सी में पुलिस ने एक शव बरामद किया है. मृतक की पहचान संदीप कुमार निवासी जालंधर पंजाब के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, मृतक संदीप कुमार सवारियां लेकर मैक्लोडगंज आया था. जब सवारियां घूमने निकल गई तो संदीप गाड़ी में ही सो गया. वापस जाते समय सवारियों ने उसे जगाने की कोशिश की, लेकिन संदीप नहीं जागा. काफी देर बाद जब स्थानीय लोगों ने उसे जगाने का प्रयास किया तो भी संदीप नहीं जागा. इसके बाद सवारियों ने मैक्लोडगंज पुलिस को सूचित किया. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उन्होंने देखा कि संदीप की मौत हो चुकी थी, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसके परिजनों को सूचित किया. बता दें, परिजनों के धर्मशाला पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा. वहीं, एएसपी बीर बहादुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक के संबंध में जानकारी गाड़ी की आरसी के माध्यम से मिली है, जिसके आधार पर परिजनों को सूचित कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि परिजनों के आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा.
अभिषेक मनु सिंघवी होंगे हिमाचल से कांग्रेस के राज्यसभा प्रत्याशी…..
दिल्ली : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने राज्यसभा के चार सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। राजस्थान से सोनिया गांधी नामांकन पत्र दाखिल करेंगी, जबकि हिमाचल प्रदेश से कांग्रेस के तेजतर्रार नेता अभिषेक मनु सिंघवी को प्रत्याशी बनाया गया है। इसी तरह बिहार से अखिलेश प्रसाद व महाराष्ट्र से चंद्रकांत हंडोरे कांग्रेस के प्रत्याशी होंगे। बता दें कि हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा की सीट पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल पूरा हो रहा है। इसके बाद से प्रत्याशी को लेकर कांग्रेस में तरह-तरह के प्रयास लगाए जा रहे थे। कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मंजूरी के बाद प्रत्याशियों का ऐलान किया गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी दी है।
Himachal Budget Session: आज से शुरू हिमाचल का बजट सत्र, राज्यपाल के अभिभाषण से होगी शुरुआत, CM सुक्खू ने विपक्ष को दी ये हिदायत….
शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 14 फरवरी से शुरू होने जा रहा है. बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला के अभिभाषण से होगी. इससे पहले सत्तापक्ष कांग्रेस विधायक दल की बैठक शिमला के होटल पीटर हॉफ में हुई. बैठक की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने की. बैठक में कांग्रेस के विधायकों के साथ हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने भी हिस्सा लिया. इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार विपक्ष का हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है. उन्होंने विपक्ष को हिदायत दी है कि वे सदन में नारेबाजी और वॉकआउट की मंशा से न आए. उन्होंने कहा कि विपक्ष जो मुद्दे उठाएगा, सरकार उसका माकूल जवाब देगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार बजट सत्र के लिए पूरी तरह तैयार है.
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री बजट सत्र में नहीं होंगे शामिल
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री शामिल नहीं हो सकेंगे. हाल ही में उनकी धर्मपत्नी प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री का निधन हुआ है. ऐसे में उनके पास जो विभाग हैं, उन विभागों से संबंधित सवालों के जवाब अन्य मंत्री देंगे. जल शक्ति विभाग के जवाब उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, भाषा एवं संस्कृति विभाग के जवाब शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और परिवहन विभाग के जवाब तकनीकी शिक्षा मंत्री महेंद्र राजेश देंगे.
राज्यसभा उम्मीदवार का फैसला करेगा आलाकमान- CM सुक्खू
वहीं, हिमाचल प्रदेश की एक राज्यसभा सीट के लिए उम्मीदवार के चयन को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि इसका चयन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ही करेगी. उन्होंने कहा कि अगर प्रियंका गांधी हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा जाती हैं, तो बहुत अच्छा होगा. उनका घर भी शिमला में ही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पूरा फैसला अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी पर ही छोड़ा है. जैसे ही राष्ट्रीय कांग्रेस से कोई जानकारी मिलेगी, तो वह उसके मुताबिक काम करेंगे. हिमाचल प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस पार्टी के पास पूर्ण बहुमत है और कांग्रेस अपने उम्मीदवार को राज्यसभा सांसद बनाकर भेजेगी. बता दें कि हिमाचल प्रदेश की एक राज्यसभा सीट से सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और अजय माकन को राज्यसभा भेजे जाने की चर्चा है. 15 फरवरी को राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन का आखिरी दिन है.
हिमाचल के 2 जिलों के बॉर्डर पर बवाल, पुलिस ने भांजीं लाठियां, MLA-DSP सहित 11 घायल
बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर और सोलन जिले की सीमा से सटे त्रिवेणीघाट में हुए जल विवाद के दौरान मंगलवार को जमकर बवाल हुआ. यहां पर पुलिस और ग्रामीणों में झड़प हो गई और 11 लोग घायल हो गए. बता दें कि इस पेयजल योजना को लेकर बीते 20 दिन से ग्रामीण धरना प्रदर्शन कर रहे हैं. जानकारी के अनुसार, सोलन जिले की अर्की विधानसभा क्षेत्र में अली खड्ड पर कीकर-नवगांव पेयजल योजना का निर्माण चल रहा है. बिलासपुर के लोगों इसका विरोध कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि इस योजना के चलते 50 से अधिक पंचायतों में पानी की किल्लत हो जाएगी. इसी कड़ी में बड़ी संख्या में लोग मंगलवार को परियोजना स्थल पर पहुंचे थे और उन्होंने यहां पर निर्माण कार्य ध्वस्त कर दिया. इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों में भिड़ंत हो गई और पथराव में दाड़लाघाट के नायब तहसीलदार, डीएसपी, दाड़लाघाट के एसएचओ मोती, पुलिस कर्मी और एक होमगार्ड, जल शक्ति विभाग के कर्मियों समेत कुल 11 लोग घायल हो गए. इस दौरान अर्की पुलिस ने ग्रामीणों पर ललाठीचार्ज भी किया और इसमें नयनादेवी के विधायक रणधीर शर्मा को भी हल्की चोंटें आई हैं. मंगलवार को विधायक रणधीर शर्मा भी त्रिवेणीघाट पहुंचे. विधायक रणधीर शर्मा ने अर्की पुलिस कर्मियों और अधिकारियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है.रणधीर शर्मा ने कहा कि त्रिवेणीघाट में पुलिस की मनमानी देखने को मिल रही है. लोग 20 दिनों से पेयजल योजना के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार, प्रशासन की ओर से इनकी सुनवाई नहीं की गई है. उन्होंने कहा कि इस आंदोलन में वह जनता के साथ हैं. जनता के हितों की अनदेखी सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मसले को लेकर मुख्यमंत्री को उन्होंने अवगत करवाया.उन्होंने कहा कि पुलिस के लाठीचार्ज में महिलाओं को भी चोटें आई हैं. कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी ने भी समस्या के हल को लेकर कहा कि अन्य वैकल्पिक स्थान पर से यह पेयजल योजना बनाई जानी चाहिए.
Pulwama Attack: 14 फरवरी भारत के लिए काला दिवस… जब देश ने खोए थे 44 जवान, जानें क्या हुआ था इस दिन
- सीआरपीएफ के काफिले में करीब 60 से ज्यादा वाहन थे शामिल
- इन वाहनों में 2 हजार 547 जवान थे मौजूद
जम्मू : साल 2019 के 14 फरवरी का दिन पूरे देश के लिए काला दिवस साबित हुआ। इस दिन जम्मू-कश्मीर के जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर अवंतीपोरा के पास गोरीपोरा में सीआरपीएफ के काफिले पर आंतकियों ने कार से हमला किया था।
पाकिस्तान के आतंकियों द्वारा किए गए इस हमले में सीआरपीएफ के 44 जवान शहीद हो गए थे। आतंकवादियों की इस कायराना हरकत से हर भारतीय की आंखे नम हो गई थीं और इस हमले ने पूरे देश को अंदर से हिलाकर रख दिया था, लेकिन इसका बदला भारतीय सेना पाकिस्तान में आतंकियों के ठिकानों पर सर्जिकल स्ट्राइक कर लिया। इस हमले को पुलवामा अटैक (Pulwama Terror Attack) के नाम से भी जाना जाता है। तो चलिए आज हम आपको इस घटना से जुड़ी कई जानकारी देते हैं।
विस्फोटक से भरी कार जवानों की बस से भिड़ी थी
बता दें कि सीआरपीएफ के काफिले में करीब 60 से ज्यादा वाहन शामिल थे और इनमें 2 हजार 547 जवान मौजूद थे। 14 फरवरी 2019 के दिन जब सीआरपीएफ का काफिला जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवंतीपोरा में गोरीपोरा के पास पहुंचा तो जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों ने पुलवामा जिले में विस्फोटक से भरी कार ने सीआरपीएफ जवानों की बस से भिड़ाकर निशाना बनाया था। इस कारण जोरदार धमाके में 44 जवान शहीद हो गए थे। धमाका इतना तेज था कि बस के भी चिथड़े उड़ गए। इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी।
भारत ने लिया जवानों की शहादत का बदला
पुलवामा हमले के बाद भारतीय सेना और भारत सरकार ने मिलकर आतंकियों को ललकारते हुए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि मैं अपने दिल में वही आग महसूस करता हूं, जो आपके अंदर भड़क रही है।
पीएम ने यह भी कहा थी कि सभी के आंसुओं का बदला लिया जाएगा और इसके बाद भारत ने जवानों की शहादत का बदला 12 दिनों के अंदर पाकिस्तान में आतंकियों के ठिकाने पर एयरस्ट्राइक कर लिया।
कैसे किया भारत ने पाकिस्तान पर हमला
हमले के बाद 25 फरवरी 2019 की देर रात के बाद मिराज-2000 विमानों ने ग्वालियर एयरबेस से उड़ान भरी और 26 फरवरी 2019 को भारतीय वायुसेना के विमानों ने पाकिस्तान के बालाकोट में घुसकर आतंकियों कैम्प व ठिकानों को निशाना बनाया था।
इस हमले के बाद जैश-ए-मोहम्मद संगठन काफी हद तबाह हो गया था। भारत की तरफ से किए गए इस हमले में करीब 300 आतंकी मारे गए थे। इस हमले को बालाकोट स्ट्राइक का नाम दिया गया।
पाकिस्तान पर किए हमले को बालाकोट एयरस्ट्राइक नाम दिया गया
इस हमले के दौरान भारत के मिग-21 बाइसन लड़ाकू विमान ने पाकिस्तानी एफ-16 फाइटर जेट को भी मार गिराया था। इस हमले में बालाकोट एयरस्ट्राइक में भारत का मिग-21 लड़ाकू विमान क्षतिग्रस्त होकर पाकिस्तानी में जा गिरा था और उसमें मौजूद विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान को पाकिस्तानी सेना ने पकड़ लिया था। फिर अभिनंदन वर्धमान को 1 मार्च, 2019 के दिन पाकिस्तान ने छोड़ दिया था और भारत सरकार ने अभिनंदन वर्धमान को ‘वीर चक्र’ से सम्मानित किया।
Matri Pitri Pujan Diwas 2023: क्या होता है मातृ-पितृ पूजन दिवस? कब, क्यों और कैसे मनाया जाता है ?
मातृ पितृ दिवस: 14 फरवरी सिर्फ प्रेमी-प्रेमिका से ही नहीं बल्कि माता-पिता से भी प्यार जताने का दिन होता है. 14 फरवरी को देशभर में मातृ-पितृ पूजन दिवस मनाया जा रहा है. स्कूलों-कॉलेजों में इसके लिए विशेष आयोजन किए जा रहे हैं. कई समितियां और दल इसके लिए युवाओं को जागरूक कर रहे हैं.
अपने संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए हिन्दू धर्म में मातृ-पितृ पूजन दिवस मनाने का प्रचलन है. माता पिता के बलिदानो और उनके कार्यो को सम्मान देने के लिए मातृ-पितृ पूजन दिवस मनाया जाता है. हिंदू धर्म ने इस मातृ-पितृ को पूजने के इस दिन को लेकर बड़ी ही रोमांचित कहानी है, जिसे आप पहले भी कई बार देख और सुन चुके होंगे. आइये जानते है इस दिन से जुड़े कहानी और इसके महत्व के बारे में…
माता-पिता की पूजा दिवस को मातृ पितृ पूजन दिवस के रूप में जाना जाता है. पितृ पूजन दिवस हर साल 14 फरवरी को मनाया जाता है. यह दिन माता-पिता को सम्मान, प्यार और देखभाल देने के लिए समर्पित है, जिसके वे हकदार हैं. माता-पिता के लिए प्यार, सच्चे प्यार और सच्चे वेलेंटाइन को उसके शुद्धतम रूप में मनाकर हर घर और मानव हृदय में एक सामाजिक जागृति लाने के लिए यह पहल शुरू की गई थी. माता-पिता पूजा दिवस माता-पिता और बच्चों के बीच के बंधन का उत्सव है. इस लेख के माध्यम से है मातृ पितृ पूजन दिवस से जुड़े सभी सवालो के बारे में जानेंगे जैसे की, मातृ पितृ पूजन दिवस क्या है, हम मातृ पितृ पूजन दिवस क्यों मनाते है?, यह दिन कैसे मनाया जाता है? आखिर क्या कारण है मातृ पितृ पूजन दिवस मनाने का? इस दिन लोगो को खासकर बच्चो को क्या करना चाहिए?
हमारी भारतीय संस्कृति में माता-पिता को भगवान से बड़ा माना जाता है. हिन्दू संस्कृति में हम अपने माता पिता की पूजा करते है. माता-पिता ने हमारे पालन-पोषण में कितना कष्ट उठाया है. हमारे लिए कितना त्याग किया है. इनकी पूजा-अर्चना व सेवा करने से छोटे-से-छोटा व्यक्ति भी महान बन जाता है. मंदिर में तो पत्थर की मूर्ति में भगवान की भावना की जाती है जबकि जीते जागते माता-पिता एवं गुरुदेव में तो सचमुच भगवान बसे हैं. ऐसे देवस्वरूप माता-पिता का जहाँ आदर-पूजन होता हो वहाँ की धरती माता भी अपने आपको सौभाग्यशाली मानती है. 14 फरवरी के दिन देशभर में मातृ-पितृ पूजन दिवस भी मनाया जा रहा है. सनातन, संस्कृति और संस्कारों का यह एक बहुत बड़ा महत्व है. माता-पिता की सेवा करनेवाला स्वयं चिरआदरणीय बन जाता है. इस सिद्धांत को जिन्होंने भी अपनाया वे खुद भी आदरणीय और पूजनीय बन गये, फिर चाहे वे भगवान गणेशजी हों, भगवान श्रीरामचंद्रजी हों, भीष्म पितामह हों अथवा एक साधारण सा बालक श्रवणकुमार हो. आज के दौर में तो बेटे अपने माता-पिता को वृद्धा आश्रम भेज देते है. क्या ऐसे पुत्र कभी भी अपने मातृ-पितृ ऋण से मुक्त हो पायेंगे. इन्हें भी इनके कर्मों का फल मिलेगा जब ये बूढ़े हो जायेंगे तो इनके पुत्र भी इनके साथ ऐसा ही व्यवहार करेगे. इंसान को अपने कर्मों के अनुसार ही फल का भोग इसी पृथ्वी पर करना पड़ता है.
जिसे आमतौर पर मातृ पितृ पूजन दिवस के रूप में जाना जाता है, यह दिवस 14 फरवरी को देश भर में इसलिए मनाया जाता है, ताकि हमारे युवाओं को शातिर वेलेंटाइन डे मनाने से बचाया जा सके. वैलेंटाइन डे के सभी दुष्प्रभावों को दूर करने के लिए पितृ पूजन दिवस की शुरुआत की गई है. युवावस्था वासना और कामुक आनंद में खुद को नष्ट कर लेती है, कई गलत काम करते है, धोखा खाते है और अंत में निराशा, अवसाद में गिर जाते है, और कभी-कभी स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि वे आत्महत्या कर लेते हैं. इसलिए इन सब कुरीतियों से छुटकारा पाने के लिए माता-पिता की पूजा करें और जीवन भर सफल रहें! यही कारण है की “मातृ पितृ पूजन दिवस” की शुरुआत की गई है.
Maatri-pitri poojan divas ki kahani] => पौराणिक कथाओ के अनुसार एक बार भगवान शंकर और माता पार्वती के पुत्र श्री गणेश और कार्तिकेय के बीच होड़ लगी कि, कौन बड़ा है? इस बात का निर्णय लेने के लिए शिव-पार्वती जी ने दोनों से कहा कि जो संपूर्ण पृथ्वी की परिक्रमा करके सबसे पहले यहां पहुंचेगा, उसी को बड़ा माना जाएगा. ये बात सुन भगवान कार्तिकेय अपने वाहन मयूर(मोर) लेकर पृथ्वी की परिक्रमा करने निकल पड़े. लेकिन भगवान गणेश चुपके से एकांत में जाकर बैठ गए और सोचने लगे. कुछ देर बाद वो उठे और झट से माता पार्वती और पिता शिव के पास जाकर हाथ जोड़कर बैठ गए. भगवान गणेश ने दोनों की आज्ञा लेकर अपने माता-पिता को ऊंचे स्थान पर बिठाया, उनके चरणों की पूजा की और परिक्रमा करने लगे. एक-एक कर भगवान श्री गणेश ने अपने माता-पिता की सात बार परिक्रमा की. ये सब देख माता -पार्वती ने पूछा, वत्स! ये परिक्रमाए क्यों की? इस पर श्री गणेश ने जवाब दिया और कहा, सर्वतीर्थमयी माता… सर्वदेवमयो पिता… यानी सारी पृथ्वी की परिक्रमा करने से जो पुण्य होता है, वही पुण्य माता की परिक्रमा करने से हो जाता है. पिता का पूजन करने से सब देवताओं का पूजन होता है क्योंकि पिता देवस्वरूप हैं, यह शास्त्रवचन है.
- जिस प्रकार माता पिता हमारे लिए दिन रात मेहनत करते है. हमारे लिए अपना सर्वस्व त्याग करते है. हमारा यह कर्त्तव्य है की उन्हें हम सम्मान दे. सम्मान और आदर वैसे तो पुरे वर्ष जीवन करना चाहिए. लेकिन साल में कोई एक दिन ऐसा होना चाहिए जो सिर्फ उनको समर्पित हो, इसलिए मातृ-पितृ पूजन दिवस मनाया जाता है.
- इस दिन बच्चे अपने माता पिता का सम्मान करते है, उनकी पूजा करते है, उन्हें उनके द्वारा त्याग के लिए धन्यवाद स्वरुप जो हो सके उपहार देते है.
- इस दौरान जगह जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किये जाते है. जिसमे माता-पिता की सेवा कर अनूठी मिशाल पेश करने वाली संतान को सम्मानित आदि किया जाता है. सामूहिक रूप से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ माता पिता का पूजन होता है।
Aaj Ka Panchang, 14 February 2024 : आज बसंत पंचमी, जानें सरस्वती पूजन का शुभ मुहूर्त
राष्ट्रीय मिति माघ 25, शक संवत 1945, माघ शुक्ला पंचमी, बुधवार, विक्रम संवत 2080। सौर फाल्गुन मास प्रविष्टे 02, शब्बान 02, हिजरी 1445 (मुस्लिम) तदनुसार अंग्रेजी तारीख 14 फरवरी सन् 2024 ई। सूर्य उत्तरायण, दक्षिण गोल, शिशिर ऋतुः। राहुकाल मध्याह्न 12 बजे से 01 बजकर 30 मिनट तक। पंचमी तिथि मध्याह्न 12 बजकर 10 मिनट तक उपरांत षष्ठी तिथि का आरंभ।
रेवती नक्षत्र पूर्वाह्न 10 बजकर 43 मिनट तक उपरांत अश्विनी नक्षत्र का आरंभ। शुभ योग सायं 07 बजकर 59 मिनट तक उपरांत शुक्ल योग का आरंभ। बालव करण मध्याह्न 12 बजकर 10 मिनट तक उपरांत तैतिल करण का आरंभ। चन्द्रमा पूर्वाह्न 10 बजकर 43 मिनट तक मीन उपरांत मेष राशि पर संचार करेगा।
आज के व्रत त्योहार – पंचक समाप्त पूर्वाह्न 10 बजकर 43 मिनट पर, बसंत पंचमी, लक्ष्मी/सरस्वती पूजन, बागेश्वरी जयंती।
सूर्योदय का समय 13 फरवरी 2024 : सुबह 7 बजे।
सूर्यास्त का समय 13 फरवरी 2024 : शाम 6 बजकर 10 मिनट तक।
आज का शुभ मुहूर्त 13 फरवरी 2024 :
ब्रह्म मुहूर्त सुबह 5 बजकर 18 मिनट से 6 बजकर 9 मिनट तक। विजय मुहूर्त दोपहर 2 बजकर 27 मिनट से 3 बजकर 12 मिनट तक रहेगा। निशिथ काल मध्यरात्रि 12 बजकर 9 मिनट से 1 बजकर 1 मिनट तक। गोधूलि बेला शाम 6 बजकर 8 मिनट से 6 बजकर 33 मिनट तक। अमृत काल सुबह 7 बजे से 8 बजकर 24 मिनट तक।
आज का अशुभ मुहूर्त 13 फरवरी 2024 :
राहुकाल दोपहर 12 बजे से शाम में 1 बजकर 30 मिनट तक। सुबह 7 बजकर 30 मिनट से 9 बजे तक यमगंड रहेगा। सुबह 10 बजकर 30 मिनट से 12 बजे तक तक गुलिक काल रहेगा। दुर्मुहूर्त काल दोपहर 12 बजकर 13 मिनट से रात में 12 बजकर 58 मिनट तक। पंचक काल सुबह 7 बजकर 1 मिनट से 10 बजकर 43 मिनट तक।
आज का उपाय : हरी मूंग की दाल का दान करें।
आज का राशिफल 14 फरवरी 2024 : मिथुन, कन्या और तुला राशि को मिलेगा आज बसंत पंचमी पर गजकेसरी योग का लाभ, होगी खूब कमाई
Aaj Ka Rashifal 14 February 2024 : 14 फरवरी का राशिफल पंचांग गणना के अनुसार मिथुन, कन्या और तुला राशि के जातकों के लिए लाभकारी रहेगा। चंद्रमा के मेष राशि में गोचर से आज बसंत पंचमी के दिन गुरु और चंद्रमा के बीच युति संबंध बना है जिससे गजकेसरी योग का निर्माण हो रहा है। इस योग के साथ आज शुक्र, बुध और मंगल का गुरु एवं चंद्रमा के सात चतुर्थ दशम योग भी बन रहा है। ऐसे में आज बसंत पंचमी का दिन मेष से मीन तक सभी राशियों के लिए कैसा रहेगा जानें आज का राशिफल।
मेष राशि वालों की कमाई होगी लेकिन खर्च पर काबू रखना होगा।
मेष राशि वालों के लिए आज का दिन लाभदायक रहेगा। आज आप बुद्धि और कार्यकुशलता से लाभ और उन्नति के अवसर पाएंगे लेकिन आपको बचत के लिए खर्च पर काबू रखना होगा। व्यवसायियों को कुछ लाभदायक सौदे मिलेंगे। लव लाइफ में आज आपको तालमेल बनाकर चलना होगा नहीं तो कहासुनी हो सकती है। जो लोग नौकरी करते हैं उन्हें वरिष्ठ अधिकारी द्वार प्रोत्साहन मिल सकता है। धर्म कर्म के काम में आपकी रुचि रहेगी। परिवार के साथ शाम का समय आपका मनोरंजक बीतेगा।
आज भाग्य 79% आपके पक्ष में रहेगा। पीली वस्तुओं का दान करें, राहु के मंत्र का जप करें।
वृषभ राशि वालों को भावुकता में फैसला लेने से बचना चाहिए।
आज का दिन वृषभ राशि के लिए मिलाजुला रहेगा। सलाह है कि आपको आज भावुक होकर कोई भी फैसला नहीं लेना चाहिए, नहीं तो फैसला गलत हो सकता है और बाद में आपको पछताना पड़ सकता है। आज जीवनसाथी के साथ कुछ मुद्दों पर असहमति हो सकती है, लेकिन आपके बीच प्रेम और सहयोग बना रहेगा। लव लाइफ में आज प्रेमी के साथ यादगार पल बिताएंगे। विद्यार्थियों को सफलता पाने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। आज आप चाहें तो कोई नया कारोबार शुरू कर सकते हैं।
मिथुन राशि वालों को अचानक लाभ मिल सकता है।
आज का दिन मिथुन राशि के लिए व्यस्तता भरा रहेगा। आप अपने बच्चे की शिक्षा से जुड़े किसी काम को लेकर व्यस्त रहेंगे। जो लोग नौकरी के लिए प्रयासरत हैं उन्हें आज नौकरी मिलने से संबंधित कोई अच्छी खबर मिल सकती है। बिजनेस में निवेश करने से पहले किसी विशेषज्ञ से सलाह ले लें तो आपके लिए बेहतर रहेगा। अचानक धन लाभ होने से आपका मन प्रसन्न रहेगा। ऑफिस के काम में लापरवाही के कारण आपको अपने वरिष्ठों की नाराजगी का सामना करना पड़ सकता है। लव लाइफ में आज आपके प्रेम और तालमेल बना रहेगा। प्रेमी के साथ कहीं घूमने की योजना बन सकती है।
आज भाग्य 77% आपके पक्ष में रहेगा। माता सरस्वती की पूजा करें और सरस्वती चालीसा का पाठ करें।
कर्क राशि वालों को लेनदेन में सावधानी बरतनी होगी।
आज का दिन कर्क लिए कुछ खास रहने वाला है। बिजनेस करने वाले लोगों को पैसों के लेन-देन में सावधानी बरतनी होगी। लंबे समय से चले आ रहे कुछ विवाद सुलझ जाएंगे, लेकिन काफी मेहनत के बाद ही आपको इसमें सफलता मिलेगी। आज आप अपने लिए कुछ खरीदारी भी करेंगे, जिसमें आप कुछ नए कपड़े, मोबाइल और शौक की चीजें हो सकती हैं। आपका कोई मित्र समय पर आपकी मदद न करके आपको धोखा दे सकता है। आपका बच्चा कुछ ऐसा करेगा जिससे आपके परिवार का नाम रोशन होगा। लव लाइफ के मामले में आज का दिन आपके लिए बेहद खास रहेगा। प्रेमी के साथ रोमांटिक पल बिताएंगे। आज धर्म कर्म के काम में भी आप शामिल हो सकते हैं।
आज भाग्य 80% आपके पक्ष में रहेगा। आज पीले चंदन का तिलक करें और भगवान श्रीकृष्ण की पूजा करें।
सिंह राशि वालों को अच्छी खबर मिल सकती है।
आज का दिन सिंह राशि के लिए शुभ फलदायी रहेगा। किसी कार्य में सफलता मिलने से मन आपका मन आज बेहद प्रसन्न रहेगा। परिवार के साथ आज आप किसी धार्मिक अथवा शुभ कार्य में शामिल हो सकते हैं। आज परिवार के किसी सदस्य से आपको अपेक्षित मदद मिल सकती है और आपके पारिवारिक रिश्ते बेहतर होंगे। आपको अपने किसी मित्र के लिए आगे आना हो सकता है। विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा के मार्ग प्रशस्त होंगे, जो लोग विदेश से कोई व्यापार करते हैं उन्हें आज कोई अच्छी खबर सुनने को मिल सकती है।
आज भाग्य 72% आपके पक्ष में रहेगा। सफेद चंदन का तिलक लगाएं एवं भगवान शिव को तांबे के लोटे से जल दें।
कन्या राशि वालों को आज उम्मीद से बढ़कर लाभ मिलेगा।
आज आपके परिवार का वातावरण उत्साहपूर्ण रहेगा। व्यापार में उम्मीद से अधिक लाभ मिलने से आज कन्या राशि के जातक प्रसन्न रहेंगे। जो लोग रोजगार की तलाश में हैं उन्हें कोई अच्छी खबर सुनने को मिलेगी। आप अपने लंबे समय से रुके हुए कार्यों को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे और आपको उसमें सफलता मिलेगी। यदि आपके मन में प्रॉपर्टी खरीदने की इच्छा है तो वह आज पूरी होती नजर आ रही है। लव लाइफ में आज आप अपने रिश्ते को नया मोड़ दे सकते हैं। आपको आज रुचिकर खान पान का मौका भी मिलेगा।
आज भाग्य 81% आपके पक्ष में रहेगा। बजरंग बाण का पाठ करें।
तुला राशि वालों का दिन सुखमय रहेगा।
तुला राशि के लिए आज सितारे कहते हैं, आज आपका पारिवारिक जीवन बहुत सुखमय रहेगा। घर से निकलते समय अपने माता-पिता का आशीर्वाद लेना आपके लिए आज बेहतर रहेगा। लव लाइफ में आज आपका रिश्ता बहुत मजबूत होगा। पैसों का लेनदेन करने में आपको सावधान रहना होगा, अन्यथा कोई व्यक्ति आपको धोखा दे सकता है। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें, अन्यथा दुर्घटना हो सकती है। अचानक धन लाभ से आप खुश रहेंगे, लेकिन किसी पुराने मुद्दे पर किसी मित्र से कहासुनी हो सकती है।
आज भाग्य 74% आपके पक्ष में रहेगा। भगवान विष्णु को बेसन के लड्डू का प्रसाद चढ़ाएं।
वृश्चिक राशि वालों को आज परिवार से सहयोग मिलेगा।
आज का दिन वृश्चिक राशि वालों के लिए सामान्य रहने वाला है। विद्यार्थी अगर किसी प्रतियोगिता की तैयारी कर रहे हैं तो माता सरस्वती की कृपा से सफलता पा सकते हैं। धार्मिक गतिविधियों के प्रति आपका रुझान बढ़ेगा और आप धार्मिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। जीवनसाथी के सहयोग और साथ से आप अपनी कई समस्याओं को सुलझाने में सफल रहेंगे। आपको अपने बच्चों की ओर से कोई शुभ समाचार सुनने को मिल सकता है। यदि कार्यस्थल पर कुछ परेशानियां चल रही हैं तो आपको किसी अनुभवी व्यक्ति से सलाह से लाभ मिलेगा।
आज भाग्य 82% आपके पक्ष में रहेगा। सरस्वती माता की पूजा करें और पीला चंदन लगाएं।
आज आपका दिन धनु राशि वालों का प्रसन्नतापूर्वक बीतेगा। कार्यस्थल पर आपको कोई नई जिम्मेदारी दी जा सकती है, लेकिन आपकी प्रगति देखकर आपके कुछ शत्रु आपसे ईर्ष्या करेंगे। लव लाइफ में धनु राशि के लोगों को अपने पार्टनर से सरप्राइज गिफ्ट मिल सकता है। किसी मित्र से मुलाकात होगी। बिजनेस करने वाले लोग खुश रहेंगे क्योंकि उन्हें उम्मीद से ज्यादा लाभ मिलेगा। यदि आपने कभी किसी को पैसा उधार दिया है तो वह आपको वापस मिल सकता है। पिता पक्ष से भी आज आपको लाभ मिलने का योग दिखता है।
आज भाग्य 88% आपके पक्ष में रहेगा। कृष्णा भगवान को माखन-मिश्री का भोग लगाएं।
मकर राशि वालों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
आज का दिन मकर राशि के जातकों के लिए व्यस्तता भरा रहेगा। आप लंबे समय से रुके हुए किसी घरेलू काम को पूरा करने में व्यस्त रह सकते हैं। किसी धार्मिक अथवा सामाजिक कार्य में भी आप भाग ले सकते हैं। यदि आज आप कोई नया व्यवसाय शुरू करते हैं तो उसके लिए भी दिन बहुत अच्छा रहेगा। आपको अपने खान-पान को लेकर सावधान रहना होगा, नहीं तो आपको पेट से जुड़ी परेशानियां हो सकती हैं। सामाजिक कार्य करने में आपका मन लगेगा। अविवाहित लोगों को विवाह के अच्छे प्रस्ताव मिलेंगे। आर्थिक लाभ होने से आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
आज भाग्य 71% आपके पक्ष में रहेगा। राहु के मंत्र का जप करें और सरस्वती चालीसा का पाठ करें।
कुंभ राशि के जातकों को आज क्रोध पर नियंत्रण रखना होगा।
आज का दिन कुंभ राशि के जातकों के लिए कुछ उतार चढाव भरा रह सकता है। किसी भी विवाद में आपको अपने क्रोध पर नियंत्रण रखना होगा, अन्यथा झगड़े की स्थिति बन सकती है। यदि कोई विपरीत परिस्थिति उत्पन्न होती है तो उसमें भी धैर्य बनाए रखना आपके लिए बेहतर रहेगा। आपके पिता आपको कोई काम सौंपेंगे, जिसे आपको पूरा करना होगा, अन्यथा वह आपसे नाराज हो सकते हैं। आपको अपने ससुराल पक्ष के किसी व्यक्ति से आर्थिक लाभ मिलता नजर आ रहा है। वैवाहिक जीवन में आज आपको जीवनसाथी से प्रेम और सहयोग मिलेगा। जो लोग राजनीति में हाथ आजमाना चाहते हैं उनके लिए दिन अच्छा रहेगा।
आज भाग्य 76% आपके पक्ष में रहेगा। माता सरस्वती और देवी लक्ष्मीजी को खीर का भोग लगाएं।
मीन राशि वालों को धोखा मिल सकता है, सतर्क रहें।
आज का दिन मीन राशि के जातकों के लिए फायदेमंद रहेगा। यदि आपका संपत्ति से जुड़ा कोई पुराना विवाद है तो उसमें आपको जीत मिल सकती है। आपको अपनी माता के स्वास्थ्य के प्रति भी सचेत रहना होगा, क्योंकि उन्हें कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। कार्यस्थल पर आपका कोई करीबी आपको धोखा दे सकता है इसलिए किसी पर बहुत ज्यादा भरोसा करने से आपको बचना चाहिए। छोटे व्यापारी खुश रहेंगे क्योंकि उन्हें मनचाहा लाभ मिलता दिख रहा है। लव लाइफ के मामले में आज का दिन आपके लिए उत्साहजनक रहेगा। आप आज अपनी लव लाइफ को लेकर कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं।
आज भाग्य 65% आपके पक्ष में रहेगा। सरस्वती चालीसा का पाठ करना शुभ फलदायी होगा।