शिमला :
हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रदेश के प्रमुख सरकारी विभागों को खाली पड़ी टूटीकंडी स्थित बहुमंजिला इमारत में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए हैं. हिमाचल सरकार ने महिला एवं बाल विकास विभाग, हिमाचल प्रदेश निजी शिक्षण संस्थान नियामक आयोग, आबकारी एवं कराधान विभाग, हिमाचल प्रदेश राज्य खाद्य आयोग, ऊर्जा निदेशालय और हिमाचल प्रदेश पुलिस महानिदेशक कार्यालय के आपातकालीन प्रतिक्रिया सहायता प्रणाली को अगले साल जनवरी महीने तक किराए के आवासों से टूटीकंडी पार्किंग कॉम्प्लेक्स शिमला में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए हैं.
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि फिलहाल पुलिस हेल्पलाइन का कार्यालय पहले से ही बहुमंजिला पार्किंग टूटीकंडी में पहले से ही चल रहा है और अब अन्य विभाग इस इमारत से चलेंगे. प्रदेश सरकार जनता के धन का उचित उपयोग सुनिश्चित कर रही है. हिमाचल सरकार के इस फैसले से सार्वजनिक धन से बने इस भवन का उपयोग सुनिश्चित होने के साथ इन सरकारी कार्यालयों के लिए किराए के आवास पर खर्च किए जा रहे प्रति माह 10 लाख रुपये से अधिक के धन की भी बचत होगी. सामान्य प्रशासन विभाग ने इन छह विभागों को नए भवन में कामकाज शुरू करने के लिए शीघ्र बिजली और पानी के कनेक्शन के लिए आवेदन करने के निर्देश दिए हैं.
पूर्व बीजेपी सरकार पर जोरदार निशाना
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सरकार संसाधन जुटाने और वित्तीय जिम्मेदारी के प्रति समर्पण भाव से कार्य कर रही है. उन्होंने राज्य की वित्तीय चुनौतियों के लिए पिछली भाजपा सरकार के कुप्रबंधन को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि उनकी सरकार प्रदेश की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है. सार्वजनिक धन को बचाने के महत्व पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार रणनीतिक तौर पर मौजूदा बुनियादी अधोसंरचना का समुचित उपयोग सुनिश्चित कर रही है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश में फिजूलखर्ची को घटाने की कोशिश में लगी हुई है.





