Home » Uncategorized » प्रदेश में इस बार 1.77 करोड़ सेब पेटियां पहुंची मंडियों में

प्रदेश में इस बार 1.77 करोड़ सेब पेटियां पहुंची मंडियों में

शिमला : हिमाचल प्रदेश में इस बार सेब सीजन लगभग 1.77 करोड़ पेटियों में ही सिमट गया है। प्रदेश में लगभग सेब सीजन अब समाप्त हो चुका है। हालांकि किन्नौर जिला में कई क्षेत्रों में थोड़ा बहुत सेब अभी भी बचा है, लेकिन बाकी क्षेत्रों में सेब सीजन पूरी तरह से समाप्त हो गया है। बागबानी विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश में सेब की 1.77 करोड़ पेटियां ही मंडियों में पहुंची है, जबकि पिछले वर्ष 3.36 करोड़ पेटियों का कारोबार हुआ था। इस वर्ष 1.77 करोड़ पेटियों में से 8836528 सेब की पेटियां हिमाचल में एपीएमसी की मंडियों में बिकी है, जबकि 8744136 सेब की पेटियां बाहरी राज्यों की मंडियों और हिमाचल में एपीएमसी की मंडियों के बाहर बिकी है। बागबानी विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार वजन के हिसाब से सेब बेचने की व्यवस्था शुरू करने के बाद प्रदेश के बागबानों को इस बार अच्छे दाम मंडियों में मिले है।बागबानी विभाग के आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली की आजादपुर मंडी में 24 किलो की सेब की पेटी को पिछले वर्षों से बेहतर होल सेल रेट मिला है। वर्ष 2021 में जहां रॉयल किस्म के सेब की पेटी को औसतन 1920 रुपए का दाम मिला। वर्ष 2022 में इसकी किस्म की सेब की पेटी को औसतन 1440 रुपए का दाम मिला, जबकि इस वर्ष 2023 में रॉयल की किस्म की 24 किलो की पेटी को 2016 रुपए का दाम मिला है। रॉयल किस्म के सेब को जहां अच्छा दाम मिला है, तो वहीं दूसरी ओर रेड गोल्ड सेब को पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष आजादपुर मंडी में होल सेल रेट काफी कम मिला है। वर्ष 2021 में आजादपुर मंडी में रेड गोल्ड किस्म के सेब को 960 रुपए का दाम मिला। वर्ष 2022 में 1320 रुपए और वर्ष 2023 में सिर्फ 864 रुपए का औसतन दाम 24 किलो की पेटी को मिला है।
हिमाचल में एचपीएमसी व हिमफेड की ओर से मंडी मध्यस्थता योजना के तहत सी ग्रेड सेब की खरीद की जाती है। इस वर्ष एचपीएमसी व हिमफेड दोनों एजेंसियों की ओर से अब तक कुल 51,844 मीट्रिक टन सेब की खरीद कर ली है। एचपीएमसी ने 32,915 मीट्रिक टन और हिमफेड ने 18,929 मीट्रिक टन सेब की खरीद की है। हालांकि पिछले वर्ष इन दोनों एजेंसियों की ओर से 68,639 टन सेब की खरीद एमआईएस के तहत अब तक कर ली गई थी।

Leave a Comment

[democracy id="1"]