शिमला : हिमाचल प्रदेश में मॉनसून सीजन में भारी बारिश से हुए नुकसान की भरपाई के लिए लगातार लोग आपदा राहत कोष में दान दे रहे हैं. बॉलीवुड एक्टर आमिर खान के बाद अब कंगना रनौत ने भी राहत कोष में दान दिया है. कंगना ने आपदा राहत कोष में 5 लाख रुपये ऑनलाइन दान दिया है. हालांकि, वह ज्यादा पैसे देना चाहती थी, लेकिन ऑनलाइन अदायगी नहीं हो पाई और इस पर कंगना सुक्खू सरकार पर भी भड़क गईं.
कंगना ने फेसबुक पर अपने सीए के साथ हुई बातचीत के स्क्रीन शॉट शेयर किया और लिखा, ‘मेरी वित्तीय टीम और मैं हिमाचल बाढ़ आपदा के लिए दान करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन आप अनुमान लगाइए कि वहां की सरकार से आपदा कोष भी संचालित नहीं हो रहा है. दिन भर में 50-60 बार कोशिश करने के बाद मेरी टीम कुछ राशि दान कर सकी और अधिक नहीं हो रही है. कितना शर्मनाक है…’

कंगना ने सीए के साथ हुई चैट भी शेयर की. जिसमें सीए ने लिखा कि पोर्टल में कुछ दिक्कत है. केवल पांच लाख रुपये ही दान हो पाए हैं. 10 लाख रुपये की राशि दान नहीं हो रही है. कंगना की पोस्ट पर यूजर्स ने रिएक्ट किया और उन्हें खुद हिमचाल आकर दान देने की सलाह दी है.

गौरतलब है कि हाल ही में बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने हिमाचल बाढ़ प्रभावितों के लिए आपदा राहत कोष में 25 लाख रुपये दान किए थे. इसके बाद लगातार कंगना, अनुपम खेर, यामी गौतम सहित हिमाचल से संबंध रखने वाले बॉलीवुड स्टार पर सवाल उठाए गए थे कि अगर आमिर खान मदद कर रहे हैं तो फिर ये स्टार कहां लापता हैं. उधर, हाल ही में पूर्व सीएम शांता कुमार ने अभिनेत्री कंगना रनौत को पत्र लिखकर सहायता की अपील की थी. बता दें कंगना मूलत: मंडी जिले के भांबला की रहने वाली हैं. उन्होंने कुल्लू में आलीशान घर बनाया है, जहां वह अकसर आती रहती हैं.





