Home » Uncategorized » पंडोह डैम के समीप हाईवे बहाली में लगेंगे ….2 महीने, वैकल्पिक मार्ग पर होगी टायरिंग

पंडोह डैम के समीप हाईवे बहाली में लगेंगे ….2 महीने, वैकल्पिक मार्ग पर होगी टायरिंग

मंडी : पंडोह डैम के पास पूरी तरह से धंस चुके चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे को बहाल होने में अभी दो महीनों का समय और लगेगा। लेकिन इससे पहले एनएचएआई ने यहां बनाए गए वैकल्पिक मार्ग पर टायरिंग के लिए 2.3 करोड़ रूपए लोक निर्माण विभाग को देने का ड्राफ्ट तैयार कर लिया है।

बता दें कि पंडोह डैम से लेकर कैंची मोड़ तक हाईवे पूरी तरह से धंस कर डैम में समा गया है। यहां पर हाईवे को बहाल करने में लंबा समय लग रहा है। इस कारण पंडोह डैम से लेकर कैंची मोड़ तक प्रशासन ने 4 किमी लंबा वैकल्पिक मार्ग बनाया है। इस वैकल्पिक मार्ग पर दोनों तरफ से एक-एक घंटे के अंतराल में गाड़ियां क्रॉस करवाई जा रही हैं।

एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर वरूण चारी ने बताया कि वैकल्पिक मार्ग पर ट्रेफिक सही ढंग से चल सके इसके लिए यहां पर टायरिंग करने का निर्णय लिया गया है और लोक निर्माण विभाग को 2.3 करोड़ की राशि जारी की जा रही है। पंडोह डैम के पास जहां पर हाईवे धंसा है वहां पर अभी तक 4 मीटर काम ही हो पाया है जबकि 40 मीटर काम होना अभी बाकी है। इस पूरे कार्य पर अनुमानित 30 से 35 करोड़ का खर्च आने की संभावना है। इसका पूरा एस्टीमेट बनाया जा रहा है।
हाईवे बहाली में सबसे बड़ी चुनौती रोप-वे स्टेशन के कारण आ रही है। कैंची मोड़ से लेकर बग्लामुखी मंदिर तक जो रोप-वे बनाया जा रहा है उसके स्टेशन पर गिरने का खतरा मंडरा गया है। उसे बचाने की कवायद संबंधित कंपनी द्वारा शुरू कर दी गई है लेकिन इस कारण हाईवे बहाली के कार्य को बड़ी सावधानी और कम गति के साथ करना पड़ रहा है। वरूण चारी ने बताया कि पंडोह डैम से लेकर कैंची मोड़ तक हाईवे को बहाल करने में 1 से 2 महीनों का समय लग सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *