Home » ताजा खबरें » रात 8 बजे नाहन पहुंची गिरि की जलधारा, जल शक्ति विभाग के कर्मचारियों की धड़कनें थी तेज…

रात 8 बजे नाहन पहुंची गिरि की जलधारा, जल शक्ति विभाग के कर्मचारियों की धड़कनें थी तेज…

नाहन : शहर में चार दिनों से हर किसी की जबान पर एक ही सवाल है, पानी कब आएगा। इसी बीच बड़ी राहत की खबर ये आई है कि जल शक्ति विभाग (Jal Shakti Department) ने रात 8 बजे के आसपास जलधारा को नाहन तक पहुंचाने में सफलता हासिल कर ली है। हालांकि, धौण के नजदीक योजना को करीब अढ़ाई घंटे पहले दुुरुस्त कर लिया गया था, लेकिन विभाग के कर्मचारियों व अधिकारियों की धड़कनें तेज थी, क्योंकि इसके बाद जलधारा को ठीकठाक तरीके से नाहन तक पहुंचाने का इंतजार था। हालांकि, शहर में पेयजल आपूर्ति को सामान्य होने में एक-दो दिन का वक्त लग सकता है। लेकिन विभाग युद्धस्तर पर योजना को बहाल करने में लगा हुआ है। आपको बता दें कि ददाहू से पेयजल धारटीधार के जैथल तक लिफ्टिंग के जरिए पहुंचता है। यहां भंडारण के लिए करीब 40 लाख की क्षमता है। इसके बाद साढ़े 13 किलोमीटर ग्रेविटी से पानी नाहन तक पहुंचता है। विभाग को रामाधौण इलाके में दो जगहों पर चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।

शनिवार को ग्रामीणों के विरोध के बाद कार्य तो शुरू हो गया था, लेकिन रविवार को ठीक उसी जगह पर पाइप लाइन फिर ध्वस्त हो गई, जहां ग्रामीणों का विरोध था। विभाग ने ग्रामीणों की मांग पर गेटवॉल (Gatewall) इंस्टॉल किया। रविवार को जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता राजीव महाजन को भी मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों को आश्वस्त करना पड़ा कि उनकी मांगें प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जा रही हैं।

सूत्रों की मानें तो साढे 13 किलोमीटर लाइन के अंतिम 4 किलोमीटर की पाइप लाइन में करीब 100 मीटर में ही पाइपें बार-बार टूट रही हैं। जानकारों के मुताबिक विभाग के एसडीओ जोगिंद्र सिंह ठाकुर बीती रात भी मौके पर डटे हुए थे। रविवार को मौके पर सब कुछ ठीकठाक करने के बाद नाहन दौ़ड़े, ताकि कोर्ट परिसर में पानी के पहुंचने के बाद आगे की रणनीति बनाई जा सके। जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता आशीष राणा के साथ-साथ अधीक्षण अभियंता राजीव महाजन भी रात भर योजना की मॉनिटरिंग करते रहे। ताकि मौके पर कार्य कर रहे कर्मचारियों व लेबर को समय पर आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Gallery not found12