Home » ताजा खबरें » हिमाचल में नौ IAS व नौ HPAS अफसर बदले, रोहन ठाकुर बने HRTC के MD

हिमाचल में नौ IAS व नौ HPAS अफसर बदले, रोहन ठाकुर बने HRTC के MD

शिमला : हिमाचल प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने एक बार फिर प्रशासनिक फेरबदल किया है। 18 अफसरों को बदला गया है। इनमें नौ आईएएस और इतने ही एचएएस अफसर शामिल हैं। मुख्य सचिव ने इस सम्बंध में मंगलवार को अधिसूचना जारी की है।

आईएएस अधिकारियों में तैनाती का इंतज़ार कर रहे रोहन चंद ठाकुर को एचआरटीसी का एमडी लगाया गया है। इसी तरह मानसी सहाय को श्रम आयुक्त व निदेशक रोजगार की जिम्मेदारी सौंपी है। एमडी एचआरटीसी रहे संदीप कुमार को विशेष सचिव तकनीकी शिक्षा का जिम्मा दिया गया है। निदेशक उद्योग राकेश कुमार प्रजापति को सामान्य उद्योग निगम का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। विशेष सचिव शिक्षा पंकज राय को विशेष सचिव योजना के अतिरिक्त कार्यभार से मुक्त कर दिया गया है। विशेष सचिव तकनीकी शिक्षा शुभ कर्ण सिंह हिम ऊर्जा के सीईओ होंगे।

निदेशक (कार्मिक व वित्त) हिमाचल प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन डॉक्टर अमित कुमार अब हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड के निदेशक (कार्मिक व वित्त) होंगे। शिमला के एडीसी शिवम प्रताप सिंह को हिमाचल प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन निदेशक (कार्मिक व वित्त) नियुक्त किया गया है। सामान्य उद्योग निगम के एमडी अभिषेक वर्मा शिमला के नए एडीसी होंगे।

वहीं एचएएस अधिकारियों में मिल्कफेड के एमडी भूपेंद्र कुमार शिमला नगर निगम के नए आयुक्त लगाए गए हैं। इस पद का जिम्मा सम्भाल रहे आशीष कोहली को राज्य परिवहन प्राधिकरण के सचिव व परिवहन के अतिरिक्त निदेशक होंगे। राज्य परिवहन प्राधिकरण के सचिव रहे हमीश नेगी को हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि मार्केटिंग बोर्ड के एमडी होंगे। स्वास्थ्य व परिवार कल्याण विभाग के अतिरिक्त निदेशक राजीव कुमार-2  को मुख्यमंत्री का अतिरिक्त प्रधान निजी सचिव का जिम्मा मिला है।

हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि मार्केटिंग बोर्ड के एमडी रहे नरेश ठाकुर परिवहन के अतिरिक्त आयुक्त होंगे। आयुष के अतिरिक्त निदेशक ताशी सन्दूप के पास स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अतिरिक्त निदेशक  का अतिरिक्त कार्यभार रहेगा। स्मार्ट सिटी लिमिटेड शिमला के (प्रशासन/प्रोजेक्ट) के जीएम अजित कुमार भारद्वाज हिप्पा के अतिरिक्त निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार सम्भालेंगे। हिप्पा की अतिरिक्त निदेशक रहीं ज्योति राणा को शिमला का एडीएम (प्रोटॉकल) लगाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *