लाइव हिमाचल/शिमला: हिमाचल प्रदेश में पुनर्गठन के बाद बनी नई पंचायतों को उनके हिस्से की संपत्तियां सौंपने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। पंचायतीराज विभाग ने सभी खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) को निर्देश जारी कर स्पष्ट ब्योरा मांगा है कि किन नवगठित पंचायतों को पुरानी पंचायतों से अलग होने के बाद उनके क्षेत्र में आने वाली दुकानें, भवन, व्यावसायिक परिसर और अन्य परिसंपत्तियां हस्तांतरित हो चुकी हैं और कहां यह प्रक्रिया अभी लंबित है। संपत्तियों का अधिकार मिलने से नई पंचायतों को किराये के रूप में नियमित आय होगी, जिससे वे अपने स्तर पर संसाधन जुटाकर आर्थिक रूप से मजबूत बनेंगी और विकास कार्यों के लिए पूरी तरह सरकारी अनुदान पर निर्भर नहीं रहेंगी। विभाग का उद्देश्य रिकॉर्ड के आधार पर बिना किसी विवाद या अस्पष्टता के सभी नवगठित पंचायतों को उनकी परिसंपत्तियों का मालिकाना हक दिलाना है।





