Home » Uncategorized » आंखों में आंसू…दिल में गुस्सा, IGMC में मां की मौत पर बेटे ने किया हंगामा…

आंखों में आंसू…दिल में गुस्सा, IGMC में मां की मौत पर बेटे ने किया हंगामा…

Oplus_131072

शिमला: हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल आईजीएमसी शिमला में इलाज में कथित लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। अस्पताल में एक बुजुर्ग महिला की माैत के बाद उसके बेटे ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो सांझा करते हुए आरोप लगाया कि उसकी मां को समय पर उपचार नहीं मिला, जिससे उनकी मौत हो गई। वीडियो में व्यक्ति ने दावा किया कि वह इमरजैंसी वार्ड में एक-एक डॉक्टर से अपनी मां के इलाज के लिए गुहार लगाता रहा, लेकिन सभी ने उसे नजरअंदाज किया। वीडियो में व्यक्ति भावुक स्वर में कहता है कि मैं, मेरी बहन, मेरा भाई और मेरी पत्नी हम सभी आईजीएमसी के इमरजैंसी वार्ड में एक-एक डॉक्टर के आगे गिड़गिड़ाते रहे। मेरी मां तड़प रही थीं, लेकिन कोई तुरंत इलाज देने को तैयार नहीं हुआ। जिन दो डॉक्टरों के जिम्मे मेरी मां का इलाज था, वो सामने से गुजरे, लेकिन किसी ने कुछ नहीं किया। हम लगभग एक घंटे तक अस्पताल के गलियारों में दौड़ते रहे, मगर किसी ने गंभीरता से नहीं लिया। दरअसल, मंडी जिले के सराज के लीलाधर अपनी माता जी को इलाज के लिए यहां लाए थे. आईजीएमसी में उनकी माता को भर्ती तो कर लिया गया था, लेकिन उन्होंने आरोप लगाए कि डॉक्टरों ने उनकी जांच नहीं की और ऑक्सीजन सिलेंडर भी खाली दिय़ा. उन्होंने आरोप लगाया कि वह मिन्नतें करते रहे लेकिन डॉक्टर उन्हें इधर उधर घुमाते रहे. करीब 10 बजे लीलाधर की मां की मौत हो गई. उनकी मां को मंडी के नेरचौक मेडिकल कॉलेज से यहां भेजा गया था. क्योंकि उन्हें हार्ट अटैक आया था. वहीं, मां के इलाज में लापरवाही बरतने की शिकायत देने के लिए लीलाधार आईजीएमसी अस्पताल के मेडिकल सुपरींनटेंडेंट राहुल राव के दफ्तर भी गए थे. लेकिन पौने 11 बजे तक वह अस्पताल में नहीं थे.  लीलाधर ने रोते रोते डॉक्टरों की लापरवाही पर खासा हंगामा किया. इस दौरान उन्होंने जब लाश के लिए स्ट्रेच्र मांगा तो एक महिला डॉक्टर उनसे भिड़ गई और कहने लगी कि आप यहां का हाल भी अपने लाइव में दिखाइए. इस दौरान महिला डॉक्टर उनसे छीना-झपटी भी करने लगी. ऐसे में काफी देर तक यहां पर हंगामा चलता रहा। इस पूरे मामले पर जब अस्पताल प्रशासन से प्रतिक्रिया मांगी गई तो आईजीएमसी के डिप्टी मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. अमन ने कहा कि फिलहाल उनके संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं आया है। हम मामले की पूरी जानकारी लेंगे, अगर कोई लापरवाही पाई जाती है तो उचित कार्रवाई की जाएगी। मरीजों को बेहतर सेवाएं देना हमारी प्राथमिकता है। इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर लोगों की भावनाओं को झकझोर दिया है। कई लोग अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *