सोलन: कंडाघाट बाजार में एक दुकानदार के साथ डंडे से मारपीट करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 38 वर्षीय बिन्देश कुमार उर्फ सन्नी पुत्र स्व. रामेश्वर दास निवासी बोल्ड कोर्ट रोड, कंडाघाट के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 सितंबर को अजय सिंह नामक दुकानदार ने थाना कंडाघाट में शिकायत दर्ज करवाई थी कि जब वह अपनी दुकान पर बैठा था, तभी बिन्देश वहां पहुंचा और दुकान के बाहर सामान लगाने को लेकर बहस बाजी करने लगा। आरोपी ने हाथ में डंडा उठा रखा था और धमकाते हुए दुकान के अंदर घुस आया। आरोप है कि उसने दुकान का सामान बाहर फेंकना शुरू कर दिया और जब अजय सिंह ने समझाने की कोशिश की, तो आरोपी ने डंडे से उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। शिकायत के आधार पर थाना कंडाघाट में धारा 332(सी), 324(4), 118(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से मारपीट में प्रयुक्त डंडा बरामद कर कब्जे में लिया तथा आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर आरोपी की पुष्टि की।वहीं, आरोपी को जांच में शामिल होने के लिए कई बार नोटिस भेजे गए, परंतु उसने न तो नोटिस स्वीकार किए और न ही पुलिस जांच में सहयोग किया। इसके बाद पुलिस ने न्यायालय से आरोपी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट प्राप्त किया। जिसके बाद 6 जुलाई को पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार किया और रविवार को न्यायालय में पेश किया गया। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी बिन्देश कुमार लोगों से झगड़ा, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने का आदी है। उसके खिलाफ पूर्व में भी थाना कंडाघाट में चार कलन्दरे तैयार किए गए हैं, जो इस समय एसडीएम कंडाघाट के समक्ष विचाराधीन हैं। फ़िलहाल मामले की जांच जारी है।




