Home » ताजा खबरें » राशन के बाद आपदा प्रभावितों को अब बर्तन बांटेगी भाजपा…

राशन के बाद आपदा प्रभावितों को अब बर्तन बांटेगी भाजपा…

Oplus_131072

शिमला: भारी बारिश से तबाह हुए मंडी जिले के प्रभावित क्षेत्रों की मदद के लिए भारतीय जनता पार्टी ने राहत अभियान तेज कर दिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने शनिवार को बताया कि भाजपा राज्य के सभी जिलों से राशन किटें एकत्र करेगी और अगले 48 घंटों में एक हजार किटें मंडी जिले के प्रभावित क्षेत्रों को भेजने का प्रयास किया जा रहा है। आपदा प्रभावितों के लिए राहत कार्यों को और तेज करते हुए अब रसोईघर से संबंधित बर्तनों की भी सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सराज विधानसभा क्षेत्र के थुनाग में मीडिया से बातचीत के दौरान इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि इससे पहले भाजपा ने प्रभावितों को 5 हजार राशन किटें वितरित की थीं, लेकिन जानकारी मिली कि प्रभावितों के पास खाना बनाने के लिए बर्तन भी उपलब्ध नहीं हैं। डॉ. बिंदल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उन्हें बताया कि आपदा से प्रभावित लोगों के पास अब अपना कुछ भी नहीं बचा है। राहत सामग्री दी जा रही है, लेकिन रसोई का सामान न होने के कारण वे भोजन बनाने में असमर्थ हैं। इस स्थिति को देखते हुए भाजपा ने सराज क्षेत्र में एक हजार बर्तनों की किटें देने का फैसला लिया है। डॉ. बिंदल ने बताया कि अगले 48 से 72 घंटों में यह किटें प्रभावितों तक पहुंचा दी जाएंगी। इन किटों में रसोई के सभी आवश्यक बर्तन उपलब्ध होंगे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि अब बिना समय गंवाए आपदा प्रभावितों के पुनर्वास के लिए काम करना आवश्यक है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि आखिर कब तक प्रभावित लोग टैंटों और राहत शिविरों में रहेंगे? उन्होंने सराज क्षेत्र में राहत कार्यों के विलंब पर भी नाराजगी जताई। साथ ही, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा समय रहते किए गए प्रयासों और केंद्र सरकार से मिली सहायता के लिए आभार भी व्यक्त किया। डॉ. बिंदल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हर कदम पर आपदा प्रभावितों के साथ खड़ी रहेगी और हर संभव सहायता प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *