



मंडी : जिले के नौ मील में आधी रात को मलबे में कई वाहन फंस गए। लोगों ने भाग कर अपनी जान बचाई। शुक्रवार रात को पंडाेह क्षेत्र में भारी वर्षा होने से चार से नौ मील तक कई स्थानों पर पहाड़ दरकने से मलबा कीरतपुर मनाली फोरलेन पर आ गया। मार्ग रात करीब एक बजे पूरी तरह से बंद हो गया। मलबे में कई वाहन फंस गए। इससे मार्ग के दोनों छोर पर वाहनों की चार से पांच किलोमीटर तक कतार लग गई। मलबे के कारण मार्ग करीब नौ घंटे बाधित रहा। शनिवार सुबह पोकलेन व जेसीबी लगा मलबा हटाया गया। फंसे वाहन निकाले गए। सुबह 10 बजे मार्ग बहाल हुआ। दोपहर बाद एक बजे तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस प्रशासन ने छोटे वाहनों को मंडी से कटौला बजौरा होकर कुल्लू की ओर भेजा। कुल्लू से आने वाले वाहन पंडोह गोहर चैल चौक डडौर होते हुए गंतव्य की ओर रवाना हुए। मार्ग बाधित रहने से फल सब्जी की गाड़ी समय पर मंडियों में नहीं पहुंच पाई। दूध व अन्य आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई भी बाधित हुई। चार से नौ मील तक फाेरलेन निर्माण के लिए पहाड़ की कटिंग की गई थी। पिछले वर्ष की प्राकृतिक आपदा से यहां निर्माणाधीन फोरलेन को भारी क्षति पहुंची थी। पहाड़ की कटिंग का काम रोक दिया गया था। अब यहां करीब ढाई किलाेमीटर लंबी दोलेन सुरंग प्रस्तावित है। वर्षा होने से कटे हुए पहाड़ का मलबा मार्ग पर आ रहा है। इससे यहां आए दिन मार्ग बाधित हो रहा है।