शिमला: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि हिमाचली टोपियों का दुबई में किया जाएगा। इनके नए डिजाइन बनाने के प्रयास किए गए हैं। हाल की दुबई यात्रा के दौरान इनका प्रदर्शन किया गया। दुबई में भी निवेशकों ने इसे सराहा है। मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली में हिमक्राफ्ट, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम और कला, भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से दिल्ली हॉट में आयोजित हिम महोत्सव के शुभारंभ पर कहा कि सरकार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहाड़ी संस्कृति एवं इसकी विशिष्टता को बढ़ावा देने के लिए पहल कर रही है। महोत्सव 17 से 30 दिसंबर तक आयोजित होगा। मुख्यमंत्रीे कहा कि हिम महोत्सव में प्रदेश के कारीगरों व बुनकरों को उत्पाद बेचने का प्रभावी मंच उपलब्ध हुआ है। इसके माध्यम से राष्ट्रीय राजधानी में बड़े आर्डर प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। हिम महोत्सव में लगाए गए 60 स्टॉल और हिमाचली लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र होंगे। यह हिमाचल प्रदेश की अनूठी कला, संस्कृति और व्यंजनों को प्रदर्शित करने और इसके अनूठे उत्पादों और हस्तशिल्प को एक ब्रांड के रूप में बढ़ावा देने और देश-विदेश में पहचान दिलवाने का भी एक महत्वपूर्ण अवसर है।





