Home » Uncategorized » Christmas Celebrations: इस क्रिसमस और न्यू ईयर पर हिमाचल में 2 लाख टूरिस्ट आने की उम्मीद…

Christmas Celebrations: इस क्रिसमस और न्यू ईयर पर हिमाचल में 2 लाख टूरिस्ट आने की उम्मीद…

शिमला. हिमाचल प्रदेश में क्रिसमस और न्यू ईयर के लिए तैयारियां जोरों पर हैं. शिमला और मनाली में होटल से लेकर प्रशासन ने तैयारियां की हैं.शिमला में जिला प्रशासन, नगर निगम और शिमला पुलिस इस साल विशेष तैयारियां कर रही हैं. शहर में सैलानियों को आकर्षित करने के लिए इस बार विंटर कार्निवाल का भी आयोजन किया जा रहा है. मॉल रोड और रिज मैदान पर अलग अलग जगहों पर कई तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. शिमला में क्रिसमस और न्यू ईयर इव पर भारी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं. शिमला पुलिस का अनुमान है कि क्रिसमस और न्यू ईयर वाले दिन शहर में एक लाख सैलानी आ सकते हैं. साथ ही 25 से 31 दिसंबर के बीच एक लाख गाड़ियां आ सकती हैं. इससे पर्टयन कारोबार को भी लाभ होने की उम्मीद है. इसको देखते हुए पुलिस ने कमर कस ली है और विशेष योजना तैयार की है. शिमला, मनाली सहित दूसरे टूरिस्ट स्पॉट्स पर दो लाख से अधिक सैलानियों के आने की उम्मीद है. शिमला के एसपी संजीव कुमार गांधी ने कहा कि शिमला पुलिस फेसिलिटेटर की तरह कार्य करेगी. यातायात व्यवस्था को बनाए वन मिनट ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा. इस बार इस प्लान में थोड़ा बदलाव होगा. शहर के बाहर कुछ समय के लिए गाड़ियों को अलग अलग स्थान पर रोका जाएगा, ताकि शहर के भीतर किसी तरह की जाम की स्थिति पैदा न हो. एसपी ने बताया कि कुछ सील्ड रोड भी खोले जाएंगे और पार्किंग की भी उचित व्यवस्था की जाएगी, जिस सैलानी को जहां जाना होगा, उसे सुरक्षित वहां पहुंचाया जाएगा. उन्होंने कहा कि शहर को पांच सेक्टर में बांटा गया है और हर सेक्टर में एक राजपत्रित अधिकारी तैनात रहेगा.

300 पुलिस जवान तैनात किए

एसपी ने बताया कि पर्यटन कारोबारियों के साथ बैठक कर भी सुझाव लिए गए हैं. साथ ही जिला प्रशासन और नगर निगम प्रशासन के साथ भी बैठकों का दौर जारी है. उन्होंने कहा कि ट्रैफिक और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर में 300 से ज्यादा जवान तैनात किए जाएंगे. बर्फबारी को देखते हुए भी विशेष तैयारियां की गई हैं, फोर वाइ फोर वाहनो के अलावा बर्फ हटाने की मशीनरी भी तैनात की जाएंगी. साथ ही रेस्क्यू टीमों का भी गठन कर लिया गया है ताकि आपात स्थिति में परेशानी न आए.

सीसीटीवी और ड्रोन के जरिए भी निगरानी

शहर में सीसीटीवी और ड्रोन के जरिए भी निगरानी की जाएगी और इसके लिए एक मास्टर कंट्रोल रूम भी बनाया गया है. सुरक्षा संबंधी जांच के लिए चार स्थानों बैरियर लगाए जाएंगे, इन बैरियर पर चैकिंग की जाएगी. सैलानियों के वाहनों के लिए टूटीकंडी क्रॉसिंग, रेलवे स्टेशन, लिफ्ट, आईएसबीटी के साथ कुछ अन्य स्थानों पर पार्किंग की अतिरिक्त व्यवस्था की जाएगी. सेक्टर एक में संजौली, छोटा शिमला, ढली, कुफरी, नालदेहरा, सेक्टर दो में ढली, बाईपास, आईजीएमसी, लक्कड़ बाजार, टनल, कैथू, भराड़ी, चौड़ा मैदान, एजी ऑफिस और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, सेक्टर तीन में आईएसबीटी बाईपास, चक्कर, बालूगंज, टूटू, जतोग, नाभा, फागली, रामनगर, खलीनी और विकासनगर को शामिल किया गया है. सेक्टर 4 में डीसी ऑफिस, विक्ट्री टनल से रोड छोटा शिमला तक, ओकओवर, यूएस क्लब, रिज, हॉली लॉल, जाखू, रिच माउंट, रामचंद्रा चौक और हाईकोर्ट, सेक्टर 5 में राज्य सचिवालय, छोटा शिमला, ब्रॉकहॉस्ट और कसुम्पटी एरिया को शामिल किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *