Today Loksabha Session : संसद के मानसून सत्र में आज का दिन बेहद अहम होने जा रहा है, क्योंकि दोपहर 12 बजे से लोकसभा में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर बहुप्रतीक्षित बहस की शुरुआत होगी। बहस का प्रारंभ स्वयं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी चर्चा के दौरान इसमें शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। यह बहस कुल 16 घंटे चलेगी और इसे सत्र का सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक टकराव माना जा रहा है।
सरकार का आक्रामक रुख, रणनीति तय
सूत्रों के अनुसार, सरकार इस बहस में आक्रामक तेवरों के साथ उतरने की तैयारी में है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चर्चा से पहले CDS जनरल अनिल चौहान, रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और थल, जल, वायु सेना प्रमुखों के साथ कई उच्चस्तरीय बैठकें की हैं। इन बैठकों में ऑपरेशन से जुड़े तकनीकी और रणनीतिक पहलुओं को लेकर सरकार की लाइन स्पष्ट की गई है। माना जा रहा है कि सरकार ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को एक असाधारण सैन्य उपलब्धि के रूप में पेश करेगी और इसे देश की आत्मनिर्भर रक्षा क्षमता का प्रमाण बताएगी।
कांग्रेस ने जारी किया व्हिप, INDIA गठबंधन सक्रिय
वहीं दूसरी ओर विपक्षी गठबंधन ‘INDIA’ भी इस मुद्दे को लेकर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। आज बहस से पहले विपक्षी दलों की एक बैठक होनी तय है, जिसमें साझा रणनीति बनाई जाएगी। विपक्ष सरकार से ऑपरेशन की पारदर्शिता, निर्णय प्रक्रिया और इसके प्रभावों को लेकर जवाब मांग रहा है। कांग्रेस ने अपने सभी लोकसभा सांसदों के लिए तीन दिनों तक अनिवार्य उपस्थिति का व्हिप जारी कर दिया है, ताकि चर्चा के दौरान संख्या बल से कोई समझौता न हो।
सीजफायर पर ट्रम्प का दावा
सदन में चर्चा के दौरान सबसे गर्म मुद्दा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा सीजफायर पर दिए बयान का रहने वाला है। ट्रंप ने दावा किया था की उन्होंने व्यापार न करने की धमकी देकर भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध समाप्त करवा दिया था। उन्होंने लगभग 25 बार ये बात दोहराई है। हालांकि भारत की ओर से मध्यस्था की बात को बार-बार नकारा गया है।