लाइव हिमाचल/शिमला: हिमाचल प्रदेश के स्कूलों और कॉलेजों में भी 1 जून से 500 मिलीलीटर तक की प्लास्टिक पानी की बोतलों पर प्रतिबंध लग जाएगा। शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला उपनिदेशकों को पत्र जारी कर बीते दिनों पर्यावरण विभाग की ओर से लिए गए इस फैसले को लागू करने के निर्देश जारी किए हैं। 500 मिलीलीटर तक के आकार की पॉलीइथिलीन टेरेफ्थेलेट (पीईटी) पानी की बोतलों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाकर पर्यावरणीय स्थिरता की दिशा में सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। एकल उपयोग प्लास्टिक के खतरे को कम करने के उद्देश्य से यह प्रतिबंध लगाया गया है।
Day: May 14, 2025
BSF Jawan Purnam Kumar Shaw Return India: पाकिस्तान ने BSF जवान पूर्णम कुमार को लौटाया, 20 दिन बाद अटारी बॉर्डर से हुई वतन वापसी
नेशनल डेस्क : भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच एक भावुक और राहत भरी खबर सामने आई है। बीएसएफ (BSF) का जवान पुर्नम कुमार साहू , जो गलती से पाकिस्तान की सीमा में चले गए थे, 20 दिन बाद बुधवार सुबह 10:30 बजे उनकी वतन वापसी हुई। पाकिस्तान की हिरासत में रहने के बाद जवान को अटारी-वाघा बॉर्डर से भारत को सौंपा गया।
क्या हुआ था मामला?
23 अप्रैल को बीएसएफ के जवान पुर्नम कुमार साहू गलती से सीमा पार करते हुए पाकिस्तान की सीमा में चले गए थे। इसके बाद उन्हें पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने हिरासत में ले लिया और 20 दिनों तक अपनी कस्टडी में रखा। भारत सरकार ने इस मुद्दे को गंभीरता से लिया और राजनयिक और सैन्य स्तर पर पाकिस्तान पर दबाव बनाया। भारतीय पक्ष की सख्त प्रतिक्रिया के बाद आखिरकार पाकिस्तान ने जवान को भारत को सौंपने का फैसला किया। बता दें कि DGMO लेवल पर बातचीत के बाद BSF जवान को छोड़ा गया है। हालांकि, अभी जवान को मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया है। जिसके बाद जवान से पूछताछ होगी और फिर उन्हें घर जाने दिया जाएगा।
अटारी-वाघा बॉर्डर से वापसी
जवान पुर्नम कुमार साहू को 14 मई को अटारी-वाघा बॉर्डर के रास्ते भारत को सौंपा गया। उनकी वापसी के साथ ही बीएसएफ और जवान के परिवार में खुशी और राहत की लहर दौड़ गई। बीएसएफ जवान पी.के. साहू की सुरक्षित वापसी यह दिखाती है कि भारत अपने हर एक सैनिक की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। सरकार की कूटनीतिक दृढ़ता और सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता ने यह सुनिश्चित किया कि जवान बिना किसी नुकसान के अपने देश लौट सके।
कुल्लू पुलिस ने माशना क्षेत्र में अफीम की खेती को किया नष्ट
कुल्लू: जिला कुल्लू में पुलिस द्वारा इन दिनों अफीम उखाड़ो अभियान शुरू किया गया है। पुलिस के साथ नारकोटिक्स भी अफीम की खेती को नष्ट करने में अपनी भूमिका सुनिश्चित कर रही है। जानकारी के अनुसार कुल्लू पुलिस प्रशासन द्वारा अलग अलग टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों द्वारा मशेगड़ा, माशना एवं सनाई क्षेत्रों में गश्त के दौरान अफीम की लहलहाती हुई फसल देखी गई। टीमों द्वारा मौका पर मौजूद खेती को नष्ट किया गया। पुलिस अधीक्षक डा. कार्तिकेयन ने बताया कि पुलिस द्वारा घटनास्थल पर मौजूद 4400 अफीम के पौधों को बरामद करके नष्ट किया गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
सोलन के चंबाघाट में मिले सबसे प्राचीन जीवाश्म, 60 करोड़ साल पुराने होने का दावा…
Historical Discovery at Solan : गिनीज़ वल्र्ड रिकॉर्ड होल्डर और टेथिस फॉसिल म्यूजय़िम के संस्थापक सोलन के कसौली निवासी डॉ. रितेश आर्य ने सोलन शहर के चंबाघाट के पास जोलाजोरां गांव में दुनिया के सबसे प्राचीन स्ट्रोमैटोलाइट जीवाश्म खोज निकाले। माना जा रहा है कि ये जीवाश्म 60 करोड़ साल से भी अधिक पुराने हैं, जो पृथ्वी पर जीवन की शुरुआत की कहानी बताते हैं।
क्या कहना है खोज करने वाले वैज्ञानिक का…
इस बारे में डॉ. रितेश आर्य ने कहा कि ये पत्थर नहीं, जिंदा इतिहास हैं, पृथ्वी के पहले जीवों द्वारा बनाए गए स्मारक हैं। इन्होंने ऑक्सीजन का निर्माण शुरू किया, जब धरती पर कोई पेड़-पौधे या जानवर नहीं थे।
ये जलवायु के पहले योद्धा और हमारे ग्रह के मौन इतिहासकार..
स्ट्रोमैटोलाइट्स समुद्र की उथली सतहों पर माइक्रोबियल चादरों द्वारा बनाए गए परतदार पत्थर होते हैं। ये दर्शाते हैं कि आज का सोलन क्षेत्र कभी टेथिस सागर का समुद्री तल हुआ करता था।यह वही सागर जो कभी गोंडवाना (जिसमें भारत, अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अमेरिका और अंटार्कटिका शामिल थे) और एशिया के बीच में था। डॉ. आर्य बताय कि जब पृथ्वी की हवा में ऑक्सीजन नहीं थी और ग्रीनहाउस गैसें छाई थीं, तब इन्हीं सूक्ष्म जीवों ने करीब 2 अरब साल में धीरे-धीरे ऑक्सीजन बनाना शुरू किया, जिससे आगे जाकर जीवन संभव हुआ।वअगर स्ट्रोमैटोलाइट्स नहीं होते, तो आज ऑक्सीजन भी नहीं होती। हमें इनका आभार मानना चाहिए।
हरियाणा के मोरनी हिल्स और चित्रकूट में भी मिले हैं स्ट्रोमैटोलाइट्स…
डॉ. आर्य बताया कि इससे पहले चित्रकूट और हरियाणा के मोरनी हिल्स से भी स्ट्रोमैटोलाइट्स खोज चुके हैं। ये डिस्कवरी चैनल के लिजेंडस ऑफ रामायण में भी दिखाए गए थे। लेकिन वे मानते हैं कि चंबाघाट के जीवाश्म एक अलग प्रकार की परतदार संरचना दर्शाते हैं, जो एक भिन्न प्राचीन पर्यावरणीय दशा की हमें जानकारी देते हैं। इन सभी जीवाश्मों को टेथिस फॉसिल म्यूजय़िम, सोलन में आम जनता के लिए प्रदर्शित किया गया है। हिमाचल की धरती में करोड़ों साल पुराना समुद्री इतिहास छिपा है। इसे संरक्षित कर हमें अगली पीढिय़ों को सौंपना होगा।
क्या कहना है विशेषज्ञों का….
– पूर्व ओएनजीसी महाप्रबंधक डॉ. जगमोहन सिंह ने कहा कि चंबाघाट के ये स्ट्रोमैटोलाइट्स हमें उस युग में ले जाते हैं जब पृथ्वी पर जीवन की शुरुआत हो रही थी। यह भारत की भूवैज्ञानिक धरोहर में एक ऐतिहासिक योगदान है।
– वाडिया संस्थान के पूर्व वरिष्ठ भूवैज्ञानिक और स्ट्रोमैटोलाइट्स पर अंतरराष्ट्रीय भूवैज्ञानिक समन्वय कार्यक्रम के सदस्य प्रो. विनोद तिवारी ने कहा कि चंबाघाट का स्ट्रोमैटोलाइट स्थल वैश्विक भूवैज्ञानिक मानचित्र में एक महत्वपूर्ण योगदान बन सकता है, जो पृथ्वी विज्ञान के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय समन्वय और सहयोग को प्रोत्साहित करेगा।”
– पंजाब विश्वविद्यालय के पूर्व भूविज्ञान विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ भूवैज्ञानिक प्रो. (डॉ.) अरुणदीप आहलूवालिया ने कहा कि ये जीवाश्म न केवल वैज्ञानिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं, बल्कि संरक्षण के योग्य भी हैं। इनकी संरचना और आकार अद्भुत हैं।
अब तक क्या हुआ…
चंबाघाट क्षेत्र के जीवाश्मों की पहचान पहले भी जीएसआई वाडिया इंस्टिट्यूट और बीरबल साहनी संस्थान के वैज्ञानिकों द्वारा की जा चुकी है, लेकिन अब तक भारत में केवल तीन जीवाश्म पार्क ही मान्यता प्राप्त हैं। इनमें जैसलमेर (राजस्थान), मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश) और सिक्किम (निर्माणाधीन) शामिल है। डॉ. आर्य का मानना है कि हिमाचल के चंबाघाट क्षेत्र को भी समान दर्जा मिलना चाहिए, क्योंकि यह केवल भारत के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए भूगर्भीय दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है।
आगे क्या….
डॉ. रितेश आर्य ने डीसी सोलन और पर्यटन अधिकारी को पत्र लिखकर इस स्थान को राज्य जीवाश्म धरोहर स्थल घोषित करने की मांग करने वाले हैं। उनका मानना है कि इससे विज्ञान, संरक्षण और जियो टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा। यह सिर्फ जीवाश्म नहीं हैं – यह हमारी धरती की आत्मकथा हैं। हमें इन मौन गवाहों को बचाना होगा, इससे पहले कि बुलडोजर इन्हें खत्म कर दें।
भारतीय मूल की अनीता आनंद कनाडा की नई विदेश मंत्री नियुक्त…
New Canada Foreign Minister, Anita Anand: कनाडा में एक नया इतिहास रचा गया है। देश के ओकविल ईस्ट से सांसद अनीता आनंद को कनाडा का नया विदेश मंत्री नियुक्त किया गया है। यह पहली बार है जब किसी हिंदू विरासत की महिला ने इस प्रतिष्ठित पद को संभाला है। 13 मई को अनीता ने भगवद गीता पर हाथ रखकर शपथ ली और प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के नेतृत्व में गठित विविधता से भरे मंत्रिमंडल की अहम सदस्य बनीं। उनके साथ तीन और भारतीय मूल के नेता—मनिंदर सिद्धू, रूबी सहोता और रणदीप सराय—भी सरकार में अहम जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
अनीता की मां तमिलियन हैं और पिता पंजाबी मूल के हैं
58 वर्षीय अनीता आनंद तमिल और पंजाबी विरासत से आती हैं। उनकी मां सरोज तमिल और पिता एस. वी. आनंद पंजाबी मूल के डॉक्टर थे। उनका जन्म और पालन-पोषण केंटविल, नोवा स्कोटिया में हुआ। शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने क्वीन्स यूनिवर्सिटी से लेकर ऑक्सफोर्ड तक का सफर तय किया। 2019 में जब वे ओकविल से सांसद बनीं, तब वे हाउस ऑफ कॉमन्स में पहली हिंदू महिला थीं।
रक्षा मंत्री तथा सार्वजनिक सेवा और खरीद मंत्री भी रह चुकी हैं
अनीता ने मंत्री रहते हुए लगातार मजबूत प्रदर्शन किया है। 2019 से 2021 तक सार्वजनिक सेवा और खरीद मंत्री के रूप में उन्होंने कोविड -19 वैक्सीन की आपूर्ति सुनिश्चित की। उन्हें लाखों खुराक की खरीद के लिए वैश्विक सराहना मिली। इसके बाद वे राष्ट्रीय रक्षा मंत्री बनीं और उन्होंने न केवल कनाडाई सेना के आधुनिकीकरण पर काम किया, बल्कि यूक्रेन संकट के दौरान सैन्य समर्थन का नेतृत्व भी किया। अब विदेश मंत्री के रूप में उन्हें अमेरिका के साथ व्यापार और सुरक्षा के जटिल संबंधों को संभालना है। दूसरी तरफ, ब्रैम्पटन ईस्ट से सांसद 42 वर्षीय मनिंदर सिद्धू व अंतरास्ट्रीय व्यापार मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। वे पंजाब में जन्मे और बचपन में ही कनाडा आ गए थे। टोरंटो विश्वविद्यालय से पढ़ाई के बाद वे रियल एस्टेट और सामुदायिक आयोजक के रूप में सक्रिय रहे। 2019 में राजनीति में आए सिद्धू ने व्यापार विविधीकरण और भारत सहित इंडो-पैसिफिक क्षेत्र से संबंध मजबूत करने पर जोर दिया। उनकी पंजाबी विरासत और भाषा में पकड़ ने उन्हें दक्षिण एशियाई समुदाय से गहरे जोड़े रखा है। ब्रैम्पटन के मेयर ने भी उनकी व्यापारिक समझ की सराहना की है
Himachal Weather: चोटियों पर बर्फबारी, मैदानी इलाकों में चढ़ा पारा, आज हिमाचल में कैसा रहेगा मौसम
लाइव हिमाचल/शिमला: हिमाचल प्रदेश की चोटियों बारालाचा, कुंजुम, रोहतांग में मंगलवार को हल्का हिमपात हुआ, जबकि कांगड़ा में तीन व कल्पा में दो मिलीमीटर वर्षा हुई। वहीं, अन्य स्थानों पर धूप खिली रही। शिमला में हल्के बादल छाए रहे। रोहतांग समेत लाहौल की चोटियों पर मंंगलवार दोपहर को फिर बर्फबारी हुई। कुल्लू के ढालपुर में अंधड़ चला। राजधानी शिमला सहित अधिकांश जिलों में मौसम साफ रहने के साथ्ज्ञ धूप खिली। मैदानी जिलों के पारे में चार डिग्री तक बढ़ोतरी हुई है। मंगलवार को ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर जिला में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के नजदीक पहुंच गया है। उधर, प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बुधवार को भी मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। अन्य जगह धूप खिली रहने की संभावना है।लाहौल की ऊंची चोटियों पर मंगलवार दोपहर बाद बर्फबारी हुई। लाहौल के सेवन सिस्टर पीक, ड्रिल्बू पीक, गंगस्टंग चोटी समेत रोहतांग और बारालाचा दर्रा में बर्फबारी हुई। घाटी के रिहायशी इलाकों में बारिश होने से कृषि कार्य प्रभावित हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश का दाैर 19 मई तक जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। बुधवार और वीरवार को पहाड़ी क्षेत्रों में कुछ जगह हल्की बारिश होने की संभावना है। 16 से 19 मई तक राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं। उधर, सोमवार रात को नारकंडा में 4.5, पंडोह में 2.5, सलूणी में 2.0, रामपुर में 1.6, भरमौर में 1.5, चंबा-डलहौजी में 1.0, भुंतर में 0.6 और पालमपुर में 0.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। सोमवार रात को शिमला में न्यूनतम तापमान 16.0, कल्पा में 6.2, धर्मशाला में 16.6, ऊना में 16.7, नाहन में 18.1, केलांग में 3.6, सोलन में 14.4, मनाली में 8.9, कांगड़ा में 18.6, मंडी में 17.6, बिलासपुर में 17.9, हमीरपुर में 17.4, चंबा में 15.0, कुकुमसेरी में 3.9, नारकंडा में 7.1, भरमाैर में 12.1, रिकांगपिओ में 9.6, कसाैली में 17.9 और पांवटा साहिब में 24.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 431 किलोमीटर लंबी सामरिक महत्व की मनाली-लेह सड़क पर मंगलवार से बर्फ की कई फीट ऊंची दीवारों के बीच से वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। अब पर्यटक भी इसी मार्ग पर दारचा से बारालाचा व सरचू होकर लेह व लद्दाख जा सकेंगे। पहले सैलानियों को दारचा से वाया जांस्कर जाना पड़ रहा था। इससे लाहौल के पर्यटन को भी पंख लगेंगे। मंगलवार को मनाली की तरफ से बड़ी संख्या छोटे वाहन लेह के लिए रवाना हुए। वहीं सेना के भी कई वाहन राशन लेकर लेह की तरफ रवाना हो गए हैं। हिमाचल प्रदेश में मई के पहले दो सप्ताह में सामान्य से 18 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई। एक से 13 मई की अवधि के लिए 28.9 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया लेकिन वास्तव में 34.1 मिलीमीटर बारिश हुई। बिलासपुर में सामान्य से 208 फीसदी, चंबा में 19, हमीरपुर में 157, कांगड़ा में 66, मंडी में 69, शिमला में 62, सिरमाैर में 291, सोलन में 216 और ऊना में 37 फीसदी अधिक बारिश हुई। वहीं किन्नाैर में सामान्य से 81 फीसदी, कुल्लू में 35 और लाहाैल-स्पीति में 36 फीसदी कम बारिश हुई।
तापमान में 5 डिग्री तक बढ़ोतरी
अधिकतम तापमान में एक से पांच डिग्री तक की वृद्धि हुई है। अधिकतम तापमान में सबसे अधिक वृद्धि मनाली में 5.6, भुंतर व रिकांगपिओ में 5.2, जबकि अन्य स्थानों पर दो से तीन डिग्री की दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान में एक से चार डिग्री तक का अंतर आया है। कुछ स्थानों पर वृद्धि तो कुछ में गिरावट आई है।
तेज़ रफ्तार टैक्सी ने गद्दी युवक को बुरी तरह रौंदा, मौके पर मौत…
लाइव हिमाचल/मनाली : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में तेज रफ्तार टैक्सी का कहर देखने को मिला है. अल सुबह नेशनल हाईवे पर एक टैक्सी ने गद्दी (भेड़पालक) को रौंद दिया, जिससे उसकी मौत हो गई, जबकि हादसे में 12 भेड़बकरियों की भी जान चली गई. फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. मनाली के डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने यह जानकारी दी. जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह साढ़े चार बजे की यह घटना है. भेड़ और बकरी पालक नरोतम राम ने बताया कि वह जगत राम, हिरदू राम और महेन्द्र सिंह अपनी-अपनी बकरियां लेकर 3 दिन पहले काण्डी से कनयाल आए थे. इस दौरान पिछली रात मनाली के पतलीकुहल के पास रुक गए थे. 14 मई की अल सुबह करीब 2 बजे सभी अपनी-अपनी बकरियों को इकट्ठा करके पतलीकुहल से मनाली की ओर जा रहे थे तो करीब 4:30 बजे सुबह जब वे बिन्दु ढांक के पास व्राण में पहुंचे, तो तभी एक तेज रफ्तार टैक्सी ने उन्हें रौंद दिया. कुल्लू की तरफ से मनाली की ओर आ रही गाड़ी ने पीछे से बकरियों को टक्कर मारी और आगे चल रहे महेन्द्र सिंह को भी रौंद दिया. इस दौरान गाड़ी सड़क के बीच में रुक गई। इस हादसे में मंडी जिले के टिहरी के काल्डी गांव के रहने वाले महेन्द्र सिंह (37) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 भेड़ बकरियों की जान निकल गई. हादसे में 2 बकरियां घायल हैं. आरोपी गाड़ी चालक की पहचान मंडी जिले के ही व्लोह के गलू गांव के ललित कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने चालक ललित कुमार के खिलाफ तेज रफ्तार, लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया है और हादसे की जांच कर रही है।
गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल के छात्र शिवांग ठाकुर ने बारहवीं कक्षा में 97% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान किया हासिल…
लाइव हिमाचल/सोलन: सी.बी.एस.ई.घोषित दसवीं व बारहवीं कक्षाओं के परीक्षा परिणामों में गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सोलन के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के समर्पण का परिणाम है। बारहवीं कक्षा में शिवांग ठाकुर ने 97% अंक प्राप्त कर विज्ञान संकाय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। रजत कुमार … Read more
आज का राशिफल 14 मई 2025 : मिथुन, कन्या और तुला सहित कई राशियों को शुभ योग से लाभ, जानें अपना आज का भविष्यफल
Aaj Ka Rashifal 14 May 2025 : 14 मई का राशिफल ज्योतिषीय गणना के अनुसार मिथुन, कन्या और तुला राशि के जातकों के लिए भाग्यशाली और लाभदायक रहेगा। दरअसल पंचांग की गणना बताती है कि कल चंद्रमा का गोचर दिन रात वृश्चिक राशि में अनुराधा उपरांत ज्येष्ठा नक्षत्र से होने जा रहा है। चंद्रमा के इस गोचर के साथ ही आज सूर्य और गुरु का राशि परिवर्तन भी आज रात होने जा रहा है। ऐसे में आज बुधदित्य, चंद्राधि सहित कई अन्य शुभ योग भी बनेंगे। ऐसे में आज का दिन मेष से मीन तक सभी राशियों के लिए कैसा रहेगा, जानें आज का राशिफल।
मेष राशि, लाभ तो मिलेगा लेकिन खर्च भी होगा

मेष राशि से आज सूर्य वृषभ राशि में जाने वाले हैं ऐसे में आज का दिन मेष राशि के जातकों के लिए खर्चीला रहेगा। लेकिन अच्छी बात है कि खर्च के साथ आज आपकी कमाई भी बढेगी। व्यवसायियों को कुछ लाभदायक सौदे मिलेंगे। लव लाइफ में कुछ तनाव हो सकता है वाणी और क्रोध पर कंट्रोल करें। नौकरी में आज आपको कुछ उलझन और तनाव मिल सकता है। अधिकारीवर्ग से आपको तालमेल बनाकर रखना होगा। सलाह है कि दिन को संयमित होकर बिताएं।
आज भाग्य 78% आपके पक्ष में रहेगा। भगवान गणेशजी को दूर्वा अर्पित करें।
वृषभ राशि, लाभदायक रहेगा आज का दिन

वृषभ राशि के जातकों के लिए आज का दिन लाभदायक होगा। गुरु आपकी राशि से जाते हुए आपको आज लाभ दे जाएंगे। लेकिन सलाह है कि भावुक होकर कोई भी फैसला नहीं लेना चाहिए। आज जीवनसाथी के साथ कुछ मुद्दों पर असहमति हो सकती है। विद्यार्थियों को सफलता पाने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी लेकिन मन आज कुछ विचलित हो सकता है। आपको आज कोई भी नया काम सोच समझकर करना चाहिए और जल्दबाजी से बचना चाहिए नहीं तो नुकसान हो सकता है।
आज भाग्य 82% आपके पक्ष में रहेगा। भगवान विष्णु के मंत्र ओम नमो नारायण का जप करें।
मिथुन राशि, व्यस्तता भरा लाभदायक दिन

मिथुन राशि के लोगों के लिए आझ का दिन व्यस्तता भरा रहेगा। आपको आज सुबह से ही कुछ ना कुछ जिम्मेदारियों को पूरा करना होगा। आप अपने बच्चे की शिक्षा से जुड़े किसी काम को लेकर भागदौड़ में व्यस्त रहेंगे। युवाओं को आज नौकरी में कोई अच्छी खबर मिल सकती है। बिजनेस में निवेश करने से पहले किसी विशेषज्ञ से सलाह ले लें तो यह आपके लिए फायदेमंद होगा। साथ ही आज अचानक धन लाभ होने से आपका मन प्रसन्न हो जाएगा।
आज भाग्य 87% आपके पक्ष में रहेगा। दुर्गा चालीसा का पाठ करना शुभ फलदायी होगा।
कर्क राशि,लेन-देन में सावधानी बरतें

कर्क राशि के जातकों के लिए आज का दिन कई मामलों में लाभ दिलाने वाला रहेगा। बिजनेस करने वाले लोगों को पैसों के लेन-देन में सावधानी बरतनी होगी। लंबे समय से चली आ रही किसी समस्या के सुलझने से मन प्रसन्न होगा। आज आप अपने लिए कुछ खरीदारी भी करेंगे, जिसमें आप कुछ नए कपड़े, शौक के साधन की खरीददारी कर सकते हैं। आपका कोई मित्र समय पर आपकी मदद न करके आपको मानसिक कष्ट दे सकता है। बच्चों की ओर से आपको आज प्रसन्नता होगी।
आज भाग्य 88% आपके पक्ष में रहेगा। भगवान श्रीकृष्ण की पूजा करें और तुलसी की मंजरी अर्पित करें।
सिंह राशि, सरकारी काम में सफलता पाएंगे

सिंह राशि के जातकों के लिए आज का दिन लाभदायक रहेगा। आपको आज सरकारी क्षेत्र के काम में सफलता मिलेगी। जो लोग विदेश से कोई व्यापार करते हैं या विदेश से शिक्षा पाना चाहते हैं उनको आज कोई अच्छी खबर सुनने को मिल सकती है। आप अपने माता-पिता के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हो सकते हैं। आपको आज दोस्तों और भाई बहनों से भी सहयोग मिलेगा। लव लाइफ के मामले में भी आज का दिन आपके पक्ष में रहेगा। प्रेमी के साथ आप सुखद समय बिता पाएंगे। आपको आज सुख साधनों की प्राप्ति होगी।
आज भाग्य 85% आपके पक्ष में रहेगा। गणेशजी को लड्डू का भोग लगाएं।
कन्या राशि,लाभदायक और सकारात्मक मौका मिलेगा

कन्या राशि के जातकों को आज संयमित भाव रखना चाहिए। वैसे आज आपके परिवार का वातावरण उत्साहपूर्ण रहेगा। व्यापार में अपेक्षानुसार लाभ मिलने से मन प्रसन्न होगा। जो लोग रोजगार की तलाश में हैं उन्हें कोई अच्छी खबर मिलेगी। आप अपने लंबे समय से रुके हुए कार्यों को पूरा करने में सफल होंगे। लव लाइफ में आपके रिश्ते में कुछ नया मोड़ देखने को मिल सकता है। आपको आज बुद्धि और कार्यकुशलता फायदा मिलेगा। नौकरी में आपको आज कोई लाभदायक और सकारात्मक मौका मिलेगा।
आज भाग्य 89% आपके पक्ष में रहेगा। माता सरस्वती की पूजा करें और राहु के मंत्र ओम रां राहवे नमः का जप करें।
तुला राशि,धन लाभ से मन प्रसन्न हो जाएगा

तुला राशि के सितारे बताते हैं कि आज का दिन आपका सुखमय रहेगा। आपकी कोई उलझन भी आज सुलझ सकती है। घर से निकलते समय अपने माता-पिता का आशीर्वाद ले तो यह आपके लिए लाभदायक रहेगा। लव लाइफ के मामले में आज का दिन अनुकूल रहेगा और आपको प्रेमी के साथ वक्त बिताने का मौका मिलेगा। पैसों के लेन-देन में सावधान रहना होगा। वैसे आज अचानक धन लाभ से आपका मन प्रसन्न हो जाएगा। आपकी कोई मेहनत सफल होने से आपको आज खुशी होगी। आपको आज रुचिकर भोजन भी मिलेगा।
आज भाग्य 90% आपके पक्ष में रहेगा। संकटनाशन गणेश स्तोत्र’ का पाठ करें।
वृश्चिक राशि,कोई अच्छी खबर से मन प्रसन्न होगा

वृश्चिक राशि के जातकों के लिए आज का दिन सामान्य रूप से अनुकूल रहेगा। धार्मिक गतिविधियों के प्रति आपका रुझान बढ़ेगा। आप आज किसी की मदद के लिए आगे भी आएंगे। आपको आज प्रतियोगिता में सफलता मिलेगी। शिक्षा के क्षेत्र में आपका प्रदर्शन बेहतर होगा। आपको आज बच्चों की ओर से अच्छी खबर मिलेगी। किसी अनुभवी व्यक्ति की सलाह और सुझाव से आपको आज फायदा होगा। कार्यस्थल पर कोई उलझन और परेशानी चल रही तो उसका आज समाधान निकलेगा। कारोबार में कमाई बढ़ने से आपको आज खुशी मिलेगाी।
आज भाग्य 82% आपके पक्ष में रहेगा। भगवान गणेश की पूजा करें और गणेश चालीसा का पाठ करें।
धनु राशि,प्रभाव और सम्मान में आज वृद्धि होगी

धनु राशि के लिए आज का दिन प्रसन्नतादायक रहेगा। कार्यस्थल पर आपको कोई नई जिम्मेदारी या काम सौंपा जा सकता है। आपके प्रभाव और सम्मान में आज वृद्धि होगी। आपकी प्रगति देखकर आपके कुछ और विरोधी आपसे ईर्ष्या कर सकते हैं। आपको आज कहीं से गिफ्ट मिल सकता है। किसी मित्र से मुलाकात होगी। बिजनेस करने वाले लोगों को आज कोई लाभदायक डील मिलने की खुशी होगी। आपको आज उधार लेनदेन से बचना चाहिए।
आज भाग्य 89% आपके पक्ष में रहेगा। श्रीगणेश स्तोत्र का पाठ करना शुभ रहेगा।
मकर राशि, आर्थिक स्थिति बेहतर होगी

मकर राशि के लोगों के लिए आज बुधवार का दिन लाभदायक लेकिन व्यस्तता भरा रहेगा। लंबे समय से रुके हुए किसी काम को पूरा करने में व्यस्त रहेंगे। यदि आज आप कोई नया व्यवसाय या काम शुरू करते हैं तो उसके लिए भी दिन अच्छा रहेगा, आपको इसका भविष्य में लाभ मिलेगा। आपको अपने खान-पान को लेकर सजग रहना चाहिए। सामाजिक कार्यों में भाग लेने का मौका मिल सकता है। आर्थिक लाभ होने से आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
आज भाग्य 85% आपके पक्ष में रहेगा। भगवान गणेशजी को 21 दूर्वा अर्पित करें।
कुंभ राशि,महत्वपूर्ण काम पूरा होगा

कुंभ राशि के जातकों के लिए आज का दिन तनाव और उलझन वाला रह सकता है। आपको आज अपने क्रोध और वाणी पर कंट्रोल करना होगा नहीं तो आपका बनता काम भी आज बिगड़ सकता है। वैसे आज वैवाहिक जीवन में आपसी सामंजस्य बना रहेगा। ससुराल पक्ष से भी आप आज लाभ ले पाएंगे। मित्रों के सहयोग से आपका कोई महत्वपूर्ण काम पूरा होगा। आपको आज पिता की सलाह और सुझाव से फायदा होगा इसलिए कोई भी पारिवारिक फैसला लें तो पिता से सलाह जरूर कर लें। राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े जातकों को आज फायदा हो सकता है, आपका कोई सरकारी क्षेत्र का काम भी बनेगा।
आज भाग्य 82% आपके पक्ष में रहेगा। किसी किन्नर को दान देना चाहिए।
मीन राशि,नौकरी में दिन अनुकूल रहेगा।

मीन राशि के लोगों के लिए आज बुधवार का दिन शुभ फलदायी रहेगा। यदि आपका संपत्ति से जुड़ा कोई पुराना विवाद है तो आज उसमें आपको फायदा हो सकता है, आपको विवाद में जीत मिल सकती है। नौकरी में भी आज का दिन आपका अनुकूल रहेगा। लेकिन आपको आज सतर्क भी रहना होगा क्योंकि कुछ लोग पीठ पीछे नुकसान पहुंचाने का प्रयास भी कर सकते हैं। आपको अपनी माता के स्वास्थ्य के प्रति भी ध्यान देना होगा। बिजनेस करने वाले जातकों को आज आर्थिक लाभ मिलने की खुशी होगी।
आज भाग्य 89% आपके पक्ष में रहेगा। दुर्गा देवी के नाम का पाठ करें।