Home » Uncategorized » कांग्रेस राज में महंगाई की मार: प्रदेश में 10 रुपये और महंगा होगा अल्ट्राटेक सीमेंट, जनता का आशियाना बनाने का सपना हुआ कठिन…

कांग्रेस राज में महंगाई की मार: प्रदेश में 10 रुपये और महंगा होगा अल्ट्राटेक सीमेंट, जनता का आशियाना बनाने का सपना हुआ कठिन…

सोलन: हिमाचल प्रदेश में आम जनता पर महंगाई की एक और मार पड़ने जा रही है, क्योंकि सीमेंट कंपनियों ने अल्ट्राटेक सीमेंट के दाम प्रति बोरी 10 रुपये तक बढ़ाने की तैयारी कर ली है, जिससे गरीबों और मध्यम वर्ग के लिए अपना घर बनाने का सपना और भी कठिन हो गया है। इस मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य (आईटी विभाग) एवं संगठनात्मक ज़िला महासू के आईटी प्रभारी अरुष गुप्ता ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोमवार, 16 नवंबर को जारी अपने बयान में अरुष गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों और अकार्यकुशलता के कारण राज्य में महंगाई का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है और सरकार का औद्योगिक घरानों व बाज़ार पर कोई प्रशासनिक अंकुश नहीं बचा है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि बड़े-बड़े दावे और गारंटियां देकर सत्ता में आई कांग्रेस सरकार आज आम आदमी की बुनियादी ज़रूरतों और महंगाई पर लगाम लगाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है, और प्रदेश में तीन बड़ी सीमेंट कंपनियों का उत्पादन होने के बावजूद उपभोक्ताओं को सस्ती दरों का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि जीएसटी दरों में कटौती के बाद लोगों को कुछ राहत की उम्मीद थी, लेकिन कंपनियां छोटी-छोटी बढ़ोतरी कर कीमतों को फिर से पुराने स्तर पर ले जा रही हैं, जिसके चलते कुल्लू, कांगड़ा, मंडी और बिलासपुर सहित पूरे प्रदेश में निर्माण कार्यों की गति धीमी पड़ गई है। अंत में भाजपा नेता ने सरकार को चेतावनी देते हुए मांग की है कि वह तुरंत सीमेंट कंपनियों की मनमानी पर रोक लगाकर मूल्यवृद्धि को नियंत्रित करे, अन्यथा आम जनता इस जनविरोधी सरकार को कड़ा सबक सिखाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *