Home » Uncategorized » शिमला में धरने पर बैठे पेंशनरों को मिला भाजपा का समर्थन: कर्ण नंदा बोले— बुजुर्गों का सड़कों पर उतरना सरकार की संवेदनहीनता का प्रमाण…

शिमला में धरने पर बैठे पेंशनरों को मिला भाजपा का समर्थन: कर्ण नंदा बोले— बुजुर्गों का सड़कों पर उतरना सरकार की संवेदनहीनता का प्रमाण…

लाइव हिमाचल/शिमला: हिमाचल प्रदेश में अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलनरत पेंशनरों को अब मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी का भी पुरजोर समर्थन मिल गया है। सोमवार, 16 नवंबर को भाजपा के प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा ने शिमला के सीटीओ (CTO) चौक पर धरने पर बैठे हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के सदस्यों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और उनकी जायज मांगों का समर्थन किया।

इस दौरान कर्ण नंदा ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिन कर्मचारियों और अधिकारियों ने अपने जीवन के 30 से 35 वर्ष हिमाचल प्रदेश के विकास, प्रशासनिक व्यवस्था और जनसेवा में समर्पित किए, आज उन्हीं वरिष्ठ नागरिकों को अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरकर धरना देना पड़ रहा है, जो कि अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और प्रदेश सरकार की संवेदनहीनता का जीता-जागता प्रमाण है।उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पेंशन कोई खैरात नहीं, बल्कि कर्मचारियों की वर्षों की मेहनत और सेवा से अर्जित उनका वैध अधिकार है, इसलिए सरकार को लंबित महंगाई राहत, चिकित्सा बिलों के भुगतान और अन्य वित्तीय देनदारियों को लेकर गंभीरता दिखानी चाहिए। कर्ण नंदा ने कहा कि इस उम्र में बुजुर्ग पेंशनरों को अपने परिवारों के साथ सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत करना चाहिए, लेकिन सरकार की उदासीनता उन्हें आंदोलन के लिए मजबूर कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से आग्रह किया कि वे केवल घोषणाओं और आश्वासनों तक सीमित न रहें, बल्कि पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों के साथ तत्काल वार्ता कर उनकी मांगों के समाधान के लिए एक समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करें।अंत में कर्ण नंदा ने पेंशनरों को विश्वास दिलाया कि भारतीय जनता पार्टी उनके सम्मान और अधिकारों की इस लड़ाई में पूरी मजबूती के साथ खड़ी है और उनकी आवाज हर उचित मंच पर उठाती रहेगी, साथ ही उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि वह पेंशनरों के धैर्य की परीक्षा न ले और अविलंब उनकी मांगों का समाधान सुनिश्चित करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *