Home » Uncategorized » अब हिंदी की जगह अंग्रेजी में जारी होंगे स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट, नाम की स्पेलिंग में होने वाली गलतियों पर लगेगी लगाम

अब हिंदी की जगह अंग्रेजी में जारी होंगे स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट, नाम की स्पेलिंग में होने वाली गलतियों पर लगेगी लगाम

शिमला: हिमाचल प्रदेश में अब स्कूल छोड़ने के बाद विद्यार्थियों को मिलने वाले प्रमाणपत्रों (स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट) में नाम की स्पेलिंग की त्रुटियों से होने वाली परेशानियों से बड़ी राहत मिलने जा रही है। प्रदेश शिक्षा विभाग ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए सभी स्कूलों को स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट हिंदी के बजाय अंग्रेजी भाषा में जारी करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही स्कूलों को विद्यार्थियों से जुड़े सभी आधिकारिक रिकॉर्ड और दाखिला रजिस्टर भी अनिवार्य रूप से अंग्रेजी में ही संधारित करने होंगे, ताकि विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के नाम की वर्तनी में पूरी एकरूपता बनी रहे और भविष्य में दस्तावेजों में होने वाली गलतियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। स्कूल शिक्षा विभाग के निदेशक आशीष कोहली की ओर से इस संबंध में प्रदेश के सभी जिलों के उपनिदेशकों को औपचारिक पत्र जारी कर दिया गया है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि विभाग के संज्ञान में यह बात आई है कि हिंदी भाषा में प्रमाणपत्र जारी करने के दौरान विद्यार्थियों और उनके माता-पिता के नाम की स्पेलिंग अलग-अलग लिखे जाने की त्रुटियां हो रही हैं, जिससे छात्रों को उच्च शिक्षा, दूसरे संस्थानों में दाखिला लेने और अन्य जरूरी दस्तावेजी औपचारिकताओं के समय भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए निदेशक ने सभी उपनिदेशकों को अपने अधीन आने वाले तमाम सरकारी और निजी स्कूलों में इन नए निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करवाने के आदेश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Gallery not found12