ऊना: पुलिस थाना ऊना के तहत बदोली के वार्ड चार में दिवाली की रात करीब 10 बजे पटाखे चलाने को लेकर दो नाबालिगों (केशव और सम्राट) के बीच कहासुनी हो गई, जिसने देखते ही देखते दो परिवारों के बीच खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग तेजधार हथियारों के साथ आमने-सामने आ गए, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। रात करीब 11:30 बजे जब जरनैल सिंह अपने घायल बेटे केशव को थार गाड़ी से अस्पताल ले जा रहा था, तभी दूसरे पक्ष द्वारा रास्ता रोकने पर आरोप है कि जरनैल ने गाड़ी ओंकार सिंह और उसकी पत्नी पूजा पर चढ़ा दी। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने ओंकार और पूजा को मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद अस्पताल परिसर के बाहर भी दोनों पक्षों में फिर झड़प हुई। सिर पर तेजधार हथियार से गंभीर चोट आने के कारण जरनैल सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ के अनुसार एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।





