लाइव हिमाचल/कसौली :हिमाचल प्रदेश के सनवारा स्थित कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के खेल परिसर में 30 अक्टूबर 2026 को सीबीएसई (CBSE) नेशनल वॉलीबॉल बॉयज़ टूर्नामेंट का भव्य और रंगारंग शुभारंभ हुआ। 30 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026 तक चलने वाली इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत के विभिन्न राज्यों के 60 सीबीएसई संबद्ध विद्यालयों के साथ-साथ 9 अंतरराष्ट्रीय टीमें भी हिस्सा ले रही हैं। विदेशी टीमों की सहभागिता ने इस आयोजन के रोमांच और आकर्षण को दोगुना कर दिया है, जिससे खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन सुबह सीबीएसई के सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक पुष्कर वोहरा द्वारा ध्वजारोहण कर किया गया, जिन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और आपसी सौहार्द के साथ खेलने का संदेश दिया। इस अवसर पर विशेष अतिथि अभिषेक उपाध्याय भी मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह के तुरंत बाद सभी प्रतिभागी टीमों ने अपने-अपने विद्यालयों के ध्वज के साथ एक आकर्षक मार्च-पास्ट निकाला।पहले दिन खेले गए मुकाबलों में अंडर-17 वर्ग में मेजबान कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोचीन रिफाइनरीज स्कूल को धूल चटाई, वहीं अंडर-19 वर्ग में लक्ष्मी पब्लिक स्कूल दिल्ली ने आर.पी.एस. महेंद्रगढ़ पर एकतरफा जीत दर्ज की। विद्यालय के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डॉ. संजीव मैनरा ने बताया कि इस महासंग्राम में 69 टीमों के 1,000 से अधिक खिलाड़ी और कोच सनवारा पहुँचे हैं, जो स्कूल और पूरे क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक गौरव की बात है। प्रबंध निदेशक हीरा ठाकुर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय टीमों की मौजूदगी से स्थानीय विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय खेल तकनीकों और रणनीतियों को करीब से सीखने का अवसर मिलेगा। प्रधानाचार्या पूनम ठाकुर के अनुसार, अंडर-14, 17 और 19 आयु वर्गों के ये मुकाबले लीग-कम-नॉकआउट आधार पर खेले जा रहे हैं।जिनके लिए डिजिटल स्कोरिंग और लाइव स्ट्रीमिंग की भी विशेष व्यवस्था की गई है। 3 नवंबर 2026 को फाइनल मुकाबले और भव्य समापन समारोह के साथ समाप्त होने वाला यह आयोजन न केवल युवा प्रतिभाओं को निखारेगा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मित्रता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी मजबूत करेगा।





