Home » Uncategorized » पट्टा महलोग में दिव्यांग बच्चों के लिए निःशुल्क मेडिकल असेसमेंट कैंप आयोजित…

पट्टा महलोग में दिव्यांग बच्चों के लिए निःशुल्क मेडिकल असेसमेंट कैंप आयोजित…

लाइव हिमाचल/हेमेंद्र कंवर/कसौली: शिक्षा अभियान एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पट्टा महलोग में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए निःशुल्क मेडिकल असेसमेंट कैंप आयोजित किया गया। शिविर में पट्टा महलोग और कुठाड़ शिक्षा खंडों के प्राथमिक से लेकर जमा दो कक्षा तक के दिव्यांग विद्यार्थियों का विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण किया। सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों, मनोवैज्ञानिकों और थेरेपिस्टों ने बच्चों की विभिन्न प्रकार की चिकित्सीय जांच की। इस दौरान श्रवण एवं दृष्टि बाधित, मानसिक एवं बौद्धिक दिव्यांगता, अस्थि बाधा, वाणी एवं भाषा संबंधी समस्याओं तथा बहु–दिव्यांगता से प्रभावित बच्चों का विस्तृत आकलन किया गया। जांच के बाद जरूरतमंद विद्यार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध करवाने की सिफारिश की गई।

शिविर में अभिभावकों को बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति, उनकी विशेष जरूरतों तथा नियमित चिकित्सीय जांच और फॉलोअप के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। कैंप में पहुंचे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए जलपान एवं भोजन की व्यवस्था भी की गई। शिविर में स्वास्थ्य जांच और अन्य सभी सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध करवाई गईं। शिविर के सफल आयोजन में खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी पट्टा महलोग पार्वती देवी, बीपीओ श्वेता गुप्ता, डॉ. अमर बहादुर यादव, डॉ. सुमित, विशेष शिक्षिकाएं रंजना शर्मा एवं ललिता, कुठाड़ ब्लॉक से दीक्षित वर्मा तथा पट्टा ब्लॉक से पवना शर्मा सहित शिक्षकों, अभिभावकों और चिकित्सा दल ने सक्रिय सहयोग दिया।
इस शिविर के माध्यम से विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ चिकित्सीय परामर्श, स्वास्थ्य परीक्षण और जरूरी सहायक सुविधाओं की संस्तुति उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *