Home » Uncategorized » गोयला के लविश ने जिला स्तरीय साइंस मॉडल प्रतियोगिता में हासिल किया प्रथम स्थान, अब राज्य स्तर पर करेगा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन…

गोयला के लविश ने जिला स्तरीय साइंस मॉडल प्रतियोगिता में हासिल किया प्रथम स्थान, अब राज्य स्तर पर करेगा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन…

लाइव हिमाचल/हेमेंद्र कंवर/कसौली: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गोयला के आठवीं कक्षा के होनहार छात्र लविश ने चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस की नालागढ़ में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता के साइंस जूनियर मॉडल वर्ग में प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि की खास बात यह है कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले नामी-गिरामी निजी विद्यालयों के बीच प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में प्रथम स्थान हासिल करना विद्यालय के लिए गर्व की बात है और इसने साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी सरकारी या निजी स्कूल की मोहताज नहीं होती। वहीं, वरिष्ठ वर्ग के नवमी व दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में पूरे जिले में पांचवां स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
इस शानदार सफलता के लिए विद्यालय की पूरी टीम बधाई और प्रशंसा की पात्र है। वहीं, इस उपलब्धि में विद्यालय की टीजीटी मेडिकल शिक्षक पूनम ठाकुर का विशेष योगदान रहा है। वह प्रतिवर्ष चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस के लिए विद्यार्थियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और बच्चों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता तथा नवाचार की भावना विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहती हैं। उनकी मेहनत और मार्गदर्शन विद्यार्थियों की सफलता में अहम भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर बच्चों के साथ विमल कुमार, टीजीटी नॉन-मेडिकल भी उपस्थित रहे, जिनका भी बच्चों को मार्गदर्शन देने और तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान रहा। पूनम ठाकुर ने बताया कि इस सफलता का श्रेय अन्य सभी शिक्षकों को भी जाता है जिन्होंने प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से इन बच्चों को तैयार करने में सहयोग दिया । प्रधानाचार्य सोहनलाल ने समस्त स्टाफ सहित लविश सहित सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और इस उपलब्धि के लिए अपनी पूरी टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों की मेहनत, लगन तथा सामूहिक प्रयासों के कारण ही ऐसी उपलब्धियां संभव हो पाती हैं।लविश सहित सभी विद्यार्थी जो प्रतियोगिता में भाग लेने नालागढ़ गए थे,उनको विद्यालय में भी सम्मानित किया गया।इस सम्मान समारोह में विद्यालय परिवार के सभी अध्यापकों ने इन बच्चों को शुभकामनाएं दी। लविश को इस मुकाम तक पहुंचाने में उसके माता पिता का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिन्होंने उसे प्रोत्साहित करने और उसकी प्रतिभा को निखारने में सहयोग दिया। लविश केवल विज्ञान के क्षेत्र में ही प्रतिभाशाली नहीं है, बल्कि वह एक अच्छा चित्रकार भी है। वह पेंटिंग प्रतियोगिता में भी जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुका है। विज्ञान और कला, दोनों क्षेत्रों में उसकी उपलब्धियां उसकी बहुमुखी प्रतिभा को दर्शाती हैं।
जिला स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने के बाद अब लविश राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेगा। विद्यालय परिवार और क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि वह राज्य स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेगा। लविश की यह सफलता विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के सामूहिक प्रयासों की एक प्रेरणादायक मिसाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *